फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US Politics Trump vs Musk UK UN West Asia Unrest Crime and Global events

World: रूस ने यूक्रेनी सैनिकों के 1212 शव लौटाए, बदले में 27 मिले; दक्षिण अफ्रीका में बाढ़ में 49 लोगों की मौत

Wed, 11 Jun 2025 10:35 PM IST
Nitin Gautam वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: Nitin Gautam Updated Wed, 11 Jun 2025 10:35 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US Politics Trump vs Musk UK UN West Asia Unrest Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
रूस ने बुधवार को पूर्वी मोर्चे पर लड़ाई के दौरान मारे गए यूक्रेनी सैनिकों के 1,212 शव लौटाए और बदले में 27 शव यूक्रेन से मिले हैं। रूसी राष्ट्रपति के सहयोगी व्लादिमीर मेडिंस्की ने अपने टेलीग्राम चैनल पर लिखा, 'इस्तांबुल समझौतों के अनुसार शहीद सैनिकों के शवों का हस्तांतरण शुरू हो गया है।' बता दें कि, 2 जून को इस्तांबुल में यूक्रेन के साथ दूसरे दौर की वार्ता के दौरान, रूसी वार्ताकार मेडिंस्की ने बिना किसी पूर्व शर्त के 6,000 शवों को कीव को सौंपने की पेशकश की थी। रूस और यूक्रेन ने इस्तांबुल में सहमति के अनुसार 25 वर्ष से कम आयु के युद्धबंदियों (पीओडब्ल्यू) के दो बैचों का आदान-प्रदान भी किया है। मेडिंस्की ने कहा कि 12 जून को, वे गंभीर रूप से घायल पीओडब्ल्यू के मानवीय आदान-प्रदान की तैयारी कर रहे हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराने की आवश्यकता है।
विज्ञापन



US ने फर्जी फलस्तीनी चैरिटी पर प्रतिबंध लगाया
अमेरिकी वित्त विभाग ने मंगलवार को मध्य पूर्व, अफ्रीका और यूरोप के पांच लोगों और पांच संस्थाओं पर प्रतिबंध लगा दिया। इन लोगों और संस्थाओं पर गाजा पट्टी और दुनिया भर में मानवीय कार्य करने की आड़ में हमास की सैन्य शाखा के प्रमुख वित्तीय समर्थक होने का आरोप लगाया गया है। जिन अन्य संस्थाओं पर प्रतिबंध लगाया गया उनमें शामिल हैं:
विज्ञापन


1. गाजा स्थित चैरिटी अल वेम चैरिटेबल सोसाइटी और उसके नेता

2. तुर्की चैरिटी फ़िलिस्तीन वकफ़ी और उसके नेता

3. एल बाराका एसोसिएशन फॉर चैरिटेबल एंड ह्यूमैनिटेरियन वर्क और इसके नेता

4. नीदरलैंड स्थित इसरा चैरिटेबल फाउंडेशन नीदरलैंड और दो कर्मचारी

5. इटली स्थित एसोसिएजिओन बेनिफिका ला कपोला डी ओरो 

प्रतिबंधित लोगों में अददमीर नामक एक गैर-सरकारी संगठन भी शामिल है, जिसकी स्थापना 1991 में हुई थी और यह इस्राइल के कब्जे वाले पश्चिमी तट के रामल्लाह शहर में स्थित है। यह फिलिस्तीनी समूह फिलिस्तीनी राजनीतिक कैदियों और इस्राइली हिरासत में बंदियों को मुफ्त कानूनी सेवाएं प्रदान करता है और उनकी कैद की स्थितियों की निगरानी करता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

पुलिस स्टेशनों के बाहर हुए बम विस्फोट में चार लोगों की मौत
दक्षिण-पश्चिमी कोलंबिया में विद्रोही समूहों द्वारा कैली शहर और पड़ोसी काउका प्रांत में पुलिस स्टेशनों के बाहर हुए कई बम विस्फोट में चार लोगों की मौत हो गई। सैन्य और पुलिस प्रवक्ता ने इन हमलों के लिए FARC-EMC को दोषी ठहराया है। अधिकारियों ने बताया कि विद्रोहियों ने पुलिस स्टेशनों के पास खड़ी कारों और मोटरसाइकिलों में बम रखे थे। बता दें कि पुलिस स्टेशनों पर हमले से कुछ दिन पहले ही राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार मिगुएल उरीबे को बोगोटा में एक रैली के दौरान गोली मारी गई थी।  

थाईलैंड के पूर्व प्रधानमंत्री और सैन्य कमांडर सुचिंदा क्रापरायून का निधन
थाईलैंड के पूर्व प्रधानमंत्री और सेना प्रमुख रहे सुचिंदा क्रापरायून का मंगलवार को 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनकी मौत की जानकारी थाईलैंड की सरकारी समाचार एजेंसी ने दी। बता दें कि सुचिंदा 1992 में थाईलैंड के प्रधानमंत्री बने थे, लेकिन उनका कार्यकाल महज सात हफ्तों का ही रहा। वे एक सैन्य तख्तापलट के बाद सत्ता में आए और उनके प्रधानमंत्री बनने को गैर-लोकतांत्रिक बताया गया, जिससे देशभर में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए।

भ्रष्टाचार मामले में अर्जेंटीना की पूर्व राष्ट्रपति क्रिस्टीना फर्नांडीज को 6 साल की सजा बरकरार
अर्जेंटीना की सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को देश की पूर्व राष्ट्रपति क्रिस्टीना फर्नांडीज डी किर्शनेर को भ्रष्टाचार के मामले में सुनाई गई छह साल की जेल की सजा को बरकरार रखा है।क्रिस्टीना ने इस फैसले की समीक्षा की मांग की थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया। इस फैसले के चलते अब वे सितंबर में राजधानी से होने वाले चुनाव में हिस्सा नहीं ले सकेंगी, जहां वे विधायिका की सीट के लिए उम्मीदवार बनना चाहती थीं।

ग्रीस की संसद से तीन कट्टरपंथी सांसद निष्कासित, अपराधी नेता से जुड़े होने का आरोप
ग्रीस में संसद ने मंगलवार को तीन कट्टरपंथी सांसदों को संसद से बाहर कर दिया। इन पर आरोप है कि इन्होंने ऐसे नेता के साथ संबंध बनाए रखे, जिसे एक आपराधिक संगठन का नेतृत्व करने के आरोप में पहले ही जेल की सजा हो चुकी है।

कोर्ट ने पाया कि स्पार्टन्स पार्टी के नेता वासिलिस स्टिगास और दो अन्य सांसदों ने 2023 के आम चुनाव में मतदाताओं को गुमराह किया। इन तीनों को उस व्यक्ति का प्रॉक्सी माना गया, जो पहले गोल्डन डॉन नामक एक नव-नाज़ी विचारधारा वाली पार्टी से जुड़ा था और जिसे 2020 में 13 साल की जेल की सजा हुई थी। उस पर प्रवासियों और राजनीतिक विरोधियों पर हमले करवाने का आरोप था।

सरकार ने फैसले का स्वागत किया
ग्रीस की रूढ़िवादी सरकार ने इस फैसले का समर्थन किया है। अब संसद में कुल सीटें 300 से घटकर 297 रह जाएंगी। साथ ही, कानून पास कराने के लिए जरूरी बहुमत भी 151 से घटकर 149 हो गया है।

गाजा जाने वाले जहाज पर सवार ग्रेटा थनबर्ग इस्राइल से निर्वासित
इस्राइली सेना ने सामाजिक कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग को हिरासत में लेने के एक दिन बाद इस्राइल से निर्वासित कर दिया है। सेना ने उस जहाज को भी जब्त कर लिया था। इस्राइली विदेश मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर विमान में सवार थनबर्ग की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि वह विमान से फ्रांस पहुंचने के बाद अपने देश स्वीडन को रवाना हो गईं हैं।  

इस्राइली नौसेना का यमन के होदेदा शहर पर हमला
 इस्राइली नौसेना ने मंगलवार को यमन के विद्रोहियों के कब्जे वाले बंदरगाह शहर होदेदा में हमला किया। इस हमले में उन सुविधाओं को नुकसान पहुंचा, जो युद्धग्रस्त देश में सहायता सामग्री पहुंचाने के लिए अहम हैं। इस्राइली सेना ने कहा, नौसेना के मिसाइल पोतों ने ये हमले किए। यह पहली बार है जब उनकी सेना हूती विद्रोहियों के खिलाफ हमलों में शामिल हुई है। हूती गुट गाजा पट्टी में हमास के पक्ष में लड़ रहा है।  

ईरान में आईएस के नौ आतंकियों को दी गई फांसी
ईरान में इस्लामिक स्टेट (आईएस) समूह को नौ आतंकवादियों को फांसी पर चढ़ा दिया गया है। ईरान की न्यायपालिका की मिजान समाचार एजेंसी ने मंगलवार को इस बात की पुष्टि की है। ईरान का कहना है कि उसने 2018 के हमले के बाद हिरासत में लिए गए आईएस के नौ आतंकियों को फांसी दे दी है। आतंकवादियों को ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड के साथ झड़प में पकड़ा गया था।  
 

केन्या में 28 भारतीय पर्यटकों से भरी बस खाई में गिरी, पांच की गई जान
कतर में घूमने गए 28 भारतीय पर्यटकों की बस केन्या में खाई में गिर गई। हादसे में पांच भारतीयों की मौत हो गई। ये सभी कतर में रहते थे आैर यहां छुट्टियां मनाने आए थे। हादसा न्यांदारुआ काउंटी में ओल जोरोरोक-नाकुरू रोड पर हुआ। हादसे में घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सभी दक्षिण भारतीय थे और कतर में रह रहे थे।

दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने मंगलवार को सोशल मीडिया पोस्ट पर कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण हादसे के बाद नैरोबी स्थित भारतीय उच्चायोग के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। कतर स्थित भारतीय मिशन ने बताया कि वह दोहा में भारतीय सांस्कृतिक केंद्र, भारतीय समुदाय कल्याण फोरम व अन्य समुदाय समूहों के संपर्क में है।  

हार्वर्ड : भारतीय छात्र अनिश्चितता में
हार्वर्ड में पढ़ रहे भारतीय छात्रों ने कहा है कि वे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की विश्वविद्यालय के खिलाफ लगातार लड़ाई के बीच अनिश्चितता और चिंता के दौर में हैं। उन्हें नौकरी के मौकों की कमी को लेकर भी चिंताएं हैं। हार्वड केनेडी स्कूल से गत माह स्नातक हुए एक भारतीय छात्र ने कहा, यह ऐसा समय है जब हम समझ नहीं पा रहे हैं कि क्या करें, क्या हमें घर लौट जाना चाहिए, या फिर यहीं कुछ उपाय निकालने की कोशिश करनी चाहिए। बता दें, पिछले एक माह में प्रतिष्ठित हार्वर्ड विश्वविद्यालय को ट्रंप प्रशासन के लगातार हमलों का सामना करना पड़ा है। अब छात्रों से सामने कई आशंकाएं खड़ी हो गई हैं।  

'बांग्लादेश में धर्म के आधार पर लोगों पर हमले हो रहे'

बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग की छात्र शाखा बांग्लादेश स्टूडेंट लीग के अध्यक्ष सद्दाम हुसैन का कहना है कि 'बांग्लादेश की मौजूदा सरकार देश को धार्मिक राज्य बनाना चाहती है, जहां अल्पसंख्यकों की जान की कोई कीमत नहीं होगी। हिंदू, बौद्ध, ईसाई और जनजातीय लोगों को हाल के दिनों में मार दिया गया है और उनके घरों को लूट लिया गया है। ये सरकार अल्पसंख्यकों को दूसरे दर्जे का नागरिक मानती है और धर्म के आधार पर लोगों पर हमले हो रहे हैं।'

सद्दाम हुसैन ने कहा कि 'चुनाव इस सरकार की प्राथमिकता नहीं हैं। ये सब ड्रामा हो रहा है और सरकार इसे अपने फायदे में इस्तेमाल करेगी। मौजूदा सरकार का कानून व्यवस्था पर भी कोई नियंत्रण नहीं है। मोहम्मद यूनुस राज्य मशीनरी का अपने फायदे के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं।'
 

विदेश सचिव ने यूएई के मंत्री से की मुलाकात

विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बुधवार को संयुक्त अरब अमीरात के मंत्री से मुलाकात की। इस मुलाकात में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। यूएई में स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर बताया कि विक्रम मिसरी की यूएई के अंतरराष्ट्रीय सहयोग मामलों के मंत्री रीम अल हाशिमी से मुलाकात हुई। इससे पहले मंगलवार को विक्रम मिसरी ने यूएई के सहनशीलता और सहअस्तित्व मंत्री शेख नाहयान बिन मुबारक अल नाहयान और रक्षा मामलों के अध्यक्ष अली राशिद अल नौइमी से भी मुलाकात की थी। 

अपीलीय अदालत ने अंतिम फैसले तक ट्रंप सरकार को टैरिफ वसूलने की दी इजाजत

अमेरिका की संघीय अपीलीय अदालत ने मंगलवार को ट्रंप सरकार को टैरिफ वसूलने की इजाजत दे दी। राष्ट्रपति ट्रंप के विभिन्न देशों पर टैरिफ लगाने के फैसले के खिलाफ ये अपील की गई थी। अदालत ने अंतिम फैसले तक सराकर को टैरिफ वसूलने की इजाजत देकर बड़ी राहत दी है। अपीलीय अदालत ने इस मामले पर जल्द सुनवाई पूरी करने की बात कही। ट्रंप के फैसले के खिलाफ जो अपील की गई है, उसमें दावा किया गया है कि राष्ट्रपति ने अपने अधिकारक्षेत्र के बाहर जाकर टैरिफ का फैसला लिया है। 

ब्रिटेन के साथ भारतीय नौसेना का युद्धाभ्यास

भारतीय नौसेना ने ब्रिटिश नौसेना के साथ उत्तरी अरब सागर में संयुक्त युद्धाभ्यास पैसेज एक्सरसाइज में हिस्सा लिया। इस युद्धाभ्यास में नौसेना के फ्रिगेट आईएनएस तबार, पनडुब्बियों, पी81 विमानों ने हिस्सा लिया। वहीं ब्रिटेन की तरफ से यूके कैरियर स्ट्राइक ग्रुप, जिसमें एचएमएस प्रिंस ऑफ वेल्स और एचएमएस रिचमंड शामिल हैं, ने हिस्सा लिया। 
 

अमेरिका ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में किया भारत का समर्थन

भारत के सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के दौरे के समय अमेरिका ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत का मजबूत समर्थन किया। अमेरिका के विदेश विभाग ने बयान जारी कर ये जानकारी दी। बयान में कहा गया कि अमेरिका भारत के साथ रणनीतिक साझेदारी के तहत आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ है। 
 

तनाव कम करने की कोशिश, दक्षिण कोरिया ने बंद किए लाउडस्पीकर

दक्षिण कोरिया की सेना ने उत्तर कोरिया के खिलाफ प्रोपेगेंडा करने वाले लाउडस्पीकर को बंद करने का फैसला किया है। यह कदम दोनों देशों के बीच तनाव को कम करने के तौर पर देखा जा रहा है। दक्षिण कोरिया ने बीते साल जून में इन लाउडस्पीकर को शुरू किया था, जब उत्तर कोरिया ने कचरे भरे गुब्बारे दक्षिण कोरिया की तरफ भेजे थे। 

रूस के ड्रोन हमले में तीन की मौत

रूस ने यूक्रेन के खारकीव इलाके में एक ड्रोन हमला किया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। यह हमला बुधवार रात किया गया, जिसमें 60 से ज्यादा लोग घायल भी हुए हैं। यह हमला खारकीव में किया गया, जिसमें 17 अटैक ड्रोन्स का इस्तेमाल किया गया। ये ड्रोन्स रिहायशी इमारतों से टकराए, जिससे घरों में आग लग गई। घायलों में नौ बच्चे शामिल हैं। 
 

दक्षिण अफ्रीका में बाढ़ में कम से कम 49 लोगों की मौत
दक्षिण अफ्रीका के पूर्वी केप प्रांत में बाढ़ में कम से कम 49 लोगों की मौत हो गई है, क्योंकि देश के कई हिस्सों में अत्यधिक ठंड के कारण भारी बारिश और बर्फबारी हुई है। जानकारी साझा करते हुए पूर्वी केप के प्रीमियर ऑस्कर मबुयाने ने कहा कि पुलिस ने मृतकों की संख्या बताई है। मबुयाने ने पत्रकारों को बताया, इसमें छह छात्र भी शामिल हैं, जो मंगलवार को एक नदी के पास बाढ़ के पानी में स्कूल बस के फंस जाने से बह गए थे। उन्होंने बताया कि चार अन्य छात्र लापता हैं। वहीं मंगलवार को मबुयाने के कार्यालय ने बाढ़ में सात लोगों की मौत की सूचना दी थी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed