World News: पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट जजों की संख्या 25 होगी; चीन ने वीजा नियमों में ढील दी, नौ देशों को लाभ
पाकिस्तान की एक संसदीय समिति ने सुप्रीम कोर्ट न्यायाधीशों की संख्या बढ़ाने संबंधी विधेयक को मंजूरी दे दी है। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट जजों की संख्या 17 है। संख्या बढ़ाने को लेकर विवाद हो रहा है। इसके बावजूद प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के कार्यकाल में गठित संसदीय समिति ने जजों की संख्या बढ़ाने की पहल की है। विपक्षी सांसदों ने इस विधेयक पर असहमति जताते हुए इसे न्यायपालिका से छेड़छाड़ का प्रयास बताया है। बता दें कि पिछले महीने स्वतंत्र सीनेटर अब्दुल कादिर ने अदालतों में बड़ी संख्या में 'लंबित मामलों' की बढ़ती संख्या से निपटने का हवाला देते हुए सीनेट में यह बिल पेश किया था।
चीन ने वीजा नियमों में ढील दी, नौ देशों को लाभ
चीन की सरकार ने वीजा नियमों के संबंध में बड़ा फैसला लिया है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक अब नौ और देशों के नागरिक बिना वीजा के प्रवेश पा सकेंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा कि इन देशों में दक्षिण कोरिया भी शामिल है। 8 नवंबर से ही इन देशों के नागरिकों को बिना वीजा प्रवेश दिया जाएगा। व्यापार, पर्यटन, पारिवारिक मुलाकात जैसे मकसद से आने के इच्छुक लोग बिना वीजा के 15 दिनों तक चीन में रह सकेंगे। यह नीति 31 दिसंबर 2025 तक प्रभावी रहेगी। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि जिन देशों के नागरिकों को वीजा नियमों से लाभ मिलेगा, इनमें दक्षिण कोरिया के अलावा, नॉर्वे, फिनलैंड, स्लोवाकिया, डेनमार्क, आइसलैंड, अंडोरा, मोनाको और लिकटेंस्टीन शामिल हैं।
अमेरिका: हैलोवीन पार्टी में गोलीबारी, तीन की मौत
डेनवर के उत्तर में स्थित नॉर्थग्लेन शहर में हैलोवीन पार्टी के दौरान गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। नॉर्थग्लेन पुलिस विभाग ने बताया कि गोलीबारी के दौरान एक व्यक्ति की तुरंत मौत हो गई थी, जबकि पांच दो अन्य ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ा। तीन अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतकों के नाम का खुलासा नहीं किया है। गोलीबारी के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच जारी है।
दक्षिण पश्चिम पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में शुक्रवार को हुए बम धमाके में पांच स्कूली बच्चों, सहित आठ लोगों की मौत हो गई और 27 लोग घायल हो गए। यह धमाका सुबह 8.35 बजे प्रांत के मस्तुंग जिले के सिविल अस्पताल चौक पर लड़कियों के हाई स्कूल के पास हुआ। आतंकियों ने पुलिस वैन को निशाना बनाते हुए इस धमाके को अंजाम दिया था। हालांकि, अभी तक किसी भी आतंकी समूह ने अभी तक हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
मस्तुंग डीपीओ मियांदाद उमरानी के मुताबिक, धमाके बाद पांच स्कूली बच्चों सहित सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। 27 लोग घायल है और इनकी हालत गंभीर है। घायलों में अधिकांश बच्चे. पुलिसकर्मी और नागरिक हैं।
तालिबान ने औरतों को तेज आवाज में इबादत करने पर लगाई रोक
तालिबान ने औरतों को तेज आवाज में इबादत करने पर रोक लगा दी है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक तालिबान के मंत्री मोहम्मद खालिद हनाफी ने आदेश जारी करते हुए कहा कि औरतों को कुरान की आयतें इतनी धीमी आवाज में पढ़नी होंगी कि उनके पास मौजूद दूसरी औरतों को यह सुनाई न दे। हनाफी ने कहा कि औरतों को तकबीर या अजान पढ़ने की भी इजाजत नहीं है तो फिर वे गाना भी नहीं गा सकतीं और न ही संगीत सुन सकती हैं। हनाफी ने कहा कि औरतों की आवाज 'अवरा' होती है, यानी कुछ ऐसा, जिसे ढंकना जरूरी है। उनकी आवाज सार्वजनिक तौर पर या दूसरी औरतों को भी सुनाई नहीं देनी चाहिए। फिलहाल यह आदेश सिर्फ कुरान पढ़ने तक ही सीमित है, लेकिन कई विशेषज्ञों ने आशंका जताई है कि तालिबान औरतों के सार्वजनिक तौर पर बोलने पर भी प्रतिबंध लगा सकता है।
श्रीलंकाई राष्ट्रपति, भारतीय दूत ने द्विपक्षीय संबंधों, मछली पकड़ने के मुद्दों पर की चर्चा
श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके और भारतीय उच्चायुक्त संतोष झा ने शुक्रवार को एक बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच चल रहे मछली पकड़ने के विवादों के दीर्घकालिक समाधानों पर चर्चा की। अधिकारियों ने कहा कि चर्चा में भारत-श्रीलंका संबंधों को मजबूत करने के उपायों पर चर्चा हुई। इसके तहत दोनों के बीच भारत की ओर से सहायता प्राप्त परियोजनाओं की समीक्षा और बिजली, ऊर्जा व डिजिटलीकरण में सहयोग शामिल है। राष्ट्रपति ने बिजली और ऊर्जा क्षेत्र के विकास और डिजिटलीकरण प्रक्रिया में भारत की विशेषज्ञता से लाभ उठाने में रुचि व्यक्त की। दिसानायके और झा ने उत्तरी सागर में चल रहे मछली पकड़ने के विवादों पर दीर्घकालिक समाधान के महत्व पर जोर दिया। राष्ट्रपति दिसानायके ने मछुआरों के हितों की रक्षा करने और द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने के लिए श्रीलंका की प्रतिबद्धता की पुष्टि की। दिसानायके के जल्द ही भारत दौरे पर आने की उम्मीद है। अभी उनकी यात्रा की तारीखों को अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है। मछुआरों का मुद्दा भारत और श्रीलंका के बीच संबंधों में एक विवादास्पद मुद्दा है। श्रीलंकाई नौसेना के जवानों ने पाक जलडमरूमध्य में भारतीय मछुआरों पर गोलीबारी भी की थी और श्रीलंकाई क्षेत्रीय जल में अवैध रूप से प्रवेश करने की घटनाओं में उनकी नौकाएं जब्त कर ली थीं।
व्यापार व निवेश के क्षेत्र में संबंध बढ़ाएंगे भारत-अल्बानिया
भारत और अल्बानिया के बीच व्यापार, निवेश, पर्यटन सांस्कृतिक आदान-प्रदान और दोनों देशों के नागरिकों के आपसी संपर्कों को मजबूत करने समेत अन्य क्षेत्रों में दि्वपक्षीय संबंध मजबूत होंगे। विदेश मंत्रालय के मुताबिक 31 अक्तूबर को अल्बानिया की राजधानी तिराना में द्विपक्षीय बैठक हुई। इसमें भारत का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्रालय के अरुण कुमार साहू ने किया। वहीं, अल्बानियाई पक्ष का नेतृत्व देश के यूरोप और विदेश मामलों के उप मंत्री एंड्रिट यजीराज ने किया। भारत और अल्बानिया के बीच 1956 से राजनयिक रिश्ते संबंध रहे हैं। बीते पांच साल में दोनों देशों के बीच व्यापार में बढ़ोतरी हुई है।
पाकिस्तान : विमान से उतर रहे राष्ट्रपति के पैर की हड्डी टूटी
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के पैर की हड्डी विमान से उतरते समय टूट गई। यह घटना दुबई अंरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर बुधवार रात हुई, लेकिन अधिकारियों ने इसकी पुष्टि बृहस्पतिवार रात को की। राष्ट्रपति भवन की तरफ से जारी एक बयान के अनुसार, जरदारी (69) को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर ने जांच के बाद उनके पैर में प्लास्टर चढ़ा दिया। उन्हें घर भेज दिया गया और चार हफ्ते तक आराम करने की सलाह दी गई है।
चीन ने आतंकी हमले रोकने को कहा तो चिढ़ा पाकिस्तान
आतंकी हमले रोकने की मांग पर पाकिस्तान अब अपने सदाबहार पड़ोसी चीन पर भी चिढ़ गया है। पाकिस्तान ने बयान पर आश्चर्य जताते हुए इसे राजनयिक परंपरा का उल्लंघन करार दिया है। चीनी राजदूत ने अपने नागरिकों पर आतंकी हमलों को रोकने और उन्हें अच्छी सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की थी। इस पर पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने नाराजगी जताई। दरअसल, पाकिस्तान में चीन के राजदूत जियांग जाइदोंग बुधवार को पुरजोर तरीके से अपने देश के नागरिकों पर आतंकी हमले रोकने और चीन विरोधी आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई का मुद्दा उठाया था। छह महीनों के भीतर पाकिस्तान में चीनी नागरिकों पर दो बार हुए घातक हमलों के संदर्भ में दिया गया जियांग का बयान एक्सप्रेस ट्रिब्यून अखबार ने प्रकाशित किया था। इस पर प्रतिक्रिया देती हुई पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मुमताज जाहरा बलोच ने चीनी राजनयिक के बयान पर आश्चर्य जताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का बयान दोनों देशों की लंबी राजनयिक परंपरा के विपरीत है। उन्होंने कहा कि हम राजनयिक व उनके समूह के दूसरे शहरों में दौरे से जुड़े प्रोटोकॉल को सख्त कर रहे हैं। चीनी नागरिक हमारे अतिथि हैं।
अमेरिकी एनएसए सुलिवन की डोभाल से रक्षा सहयोग बढ़ाने पर हुई बातचीत
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जैक सुलिवन ने अपने भारतीय समकक्ष अजीत डोभाल से रक्षा सहयोग व क्षेत्रीय मुद्दों सहित द्विपक्षीय मुद्दों पर विमर्श किया। अमेरिकी राष्ट्रपति के कार्यालय व आधिकारिक आवास व्हाइट हाउस ने बुधवार को इस बातचीत की जानकारी दी। व्हाइट हाउस ने बताया, दोनों नेताओं ने फोन पर हिंद-प्रशांत क्षेत्र व वैश्विक स्तर पर स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए और अधिक प्रयास करने की आवश्यकता पर चर्चा की। उन्होंने आगामी महत्वपूर्ण व उभरती प्रौद्योगिकी पहल (आईसीईटी) अंतर-सत्रीय व हिंद महासागर वार्ता सहित द्विपक्षीय साझेदारी का स्वागत किया। दोनों नेताओं ने स्वच्छ ऊर्जा आपूर्ति शृंखलाओं व रक्षा सहित प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग के लिए आगे के अवसरों पर भी बात की। सुलिवन ने एनएसए डोभाल के साथ ऐसे समय में वार्ता की है, जब अमेरिका ने हफ्ते की शुरुआत में कहा था कि कनाडा की तरफ से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर लगाए गए आरोप चिंताजनक हैं।
नेपाल के हवाई अड्डे के पुलिस प्रमुख डंबर बहादुर बीके ने कहा, हमें काठमांडू से नई दिल्ली जा रही एक भारतीय उड़ान में बम होने की धमकी मिली है। नेपाल पुलिस और सेना की मदद से तलाशी अभियान जारी है।
पाकिस्तान : बस खाई में गिरने से 5 की मौत, 15 घायल
जैकोबाबाद के थुल इलाके में एक यात्री बस के खाई में गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए। पाकिस्तानी समाचार चैनल एआरवाई न्यूज के अनुसार बस शनिवार को बारातियों को लेकर बलूचिस्तान से पंजाब जा रही थी। जैकोबाबाद जिले के दैवल माछी गांव में टायर फटने से बस खाई में गिर गई। घायल यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शवों को भी अस्पताल के मोर्चरी में भेज दिया गया है।
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शनिवार को अज्ञात बंदूकधारियों द्वारा सुरक्षाबलों के एक काफिले पर घात लगाकर किए गए हमले में पांच सैनिक घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि लक्की मरवत जिले में दर्रा तुंग जांच चौकी के नजदीक यह हमला उस समय हुआ जब काफिला करक जिले से काबुल खेल में एक परमाणु ऊर्जा परियोजना स्थल की ओर जा रहा था। अधिकारियों ने बताया कि हमले में पांच सैनिक घायल हो गए। हालिया सप्ताहों में बन्नू, लक्की मरवात, वजीरिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के अन्य भागों में पुलिस, फ्रंटियर कोर (एफसी) और पाकिस्तानी सेना सहित सुरक्षाबलों पर आतंकवादी हमलों में वृद्धि हुई है।
भारत और कनाडा के बीच तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। इस बीच, भारत ने कनाडा पर आरोप लगाया है कि वह वहां भारतीय वाणिज्य दूतावास के कर्मचारियों को ऑडियो और वीडियो निगरानी में रखकर उत्पीड़न कर धमकी दे रहा है, जो राजनयिक सम्मेलनों का घोर उल्लंघन है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस घटना को लेकर कनाडा सरकार के सामने औपचारिक रूप से विरोध जताया है।