World News: PAK में बाढ़ से सदियों पुराने श्मसान को नुकसान; एल साल्वाडोर के तट के पास 6.0 तीव्रता का भूकंप
पाकिस्तान में बाढ़ से सदियों पुराने श्मसान को नुकसान हुआ है। देश के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बुनर जिले में बादल फटने से आई बाढ़ में सिख समुदाय का सदियों पुराना श्मशान घाट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सिख नेता संदीप सिंह ने बताया कि बाढ़ ने श्मशान की चारदीवारी और आवश्यक ढांचे बहा दिए, हालांकि नजदीकी गुरुद्वारा सुरक्षित रहा। श्मशान के देखरेखकर्ता का घर भी बाढ़ में तबाह हो गया। पानी अचानक बढ़कर 15 फीट तक पहुंच गया जिससे भारी नुकसान हुआ। उन्होंने सरकार से तात्कालिक राहत की मांग की। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार बुनर और स्वात में 45 से अधिक सिख, हिंदू और ईसाई परिवार प्रभावित हुए हैं।
एल साल्वाडोर के तट के पास 6.0 तीव्रता का भूकंप
प्रशांत महासागर में शनिवार सुबह ग्वाटेमाला और एल साल्वाडोर के तट के पास तेज भूकंप आया। यह जानकारी अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने दी।
भूकंप की तीव्रता 6.0 मापी गई और यह सुबह 4:14 बजे आया। इसकी गहराई केवल 10 किलोमीटर थी, यानी यह बहुत सतही भूकंप था। इसका केंद्र एल साल्वाडोर के अकाशुतला शहर से 81 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम और ग्वाटेमाला के पुएर्तो सान जोस से 107 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व में था। अकाशुतला, एल साल्वाडोर का प्रमुख व्यावसायिक बंदरगाह है। वहीं, पुएर्तो सान जोस ग्वाटेमाला के प्रशांत तट का सबसे बड़ा शहर है। फिलहाल, किसी तरह के नुकसान या हताहत की कोई जानकारी नहीं मिली है।
सऊदी अरब में फंसे भारतीय की वतन वापसी
सऊदी अरब में एक सड़क हादसे के बाद चार महीने तक अस्पताल में भर्ती रहे भारतीय नागरिक शावेज हामिद को आखिरकार भारत लौटने की इजाजत मिल गई है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने शनिवार को बताया कि उन्होंने हामिद के लिए देश से निकलने की अनुमति (एग्जिट क्लीयरेंस) दिलवाने में अहम भूमिका निभाई।
दूतावास ने बताया कि शावेज पर भारी आर्थिक बकाया था, जिसके चलते उन पर एग्जिट बैन लगा हुआ था और वह भारत वापस नहीं जा पा रहे थे। लेकिन दूतावास के हस्तक्षेप से अधिकतर बकाया माफ करवा दिया गया और सरकारी जुर्माने का भुगतान भी दूतावास की मदद से किया गया।
बांग्लादेश पहुंचे पाकिस्तान के विदेश मंत्री
पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर बांग्लादेश पहुंचे। यह दौरा दोनों देशों के संबंधों को फिर से मजबूत करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। यह पहली बार है, जब पाकिस्तान के किसी वरिष्ठ नेता ने 2012 के बाद बांग्लादेश का दौरा किया है। यह दौरा उस समय हो रहा है, जब लंबे समय से सत्ता में रहीं शेख हसीना को प्रधानमंत्री के पद से हटाया जा चुका है।
डार को लेकर एक विशेष विमान ढाका के हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा, जहां बांग्लादेश के विदेश सचिव असद आलम सियाम ने उनका स्वागत किया। पाकिस्तान ने इस दौरे को दोनों देशों के संबंधों में एक 'महत्वपूर्ण पड़ाव' बताया है।
ट्रंप ने फिर अलापा 'भारत-PAK सीजफायर' कराने का राग
रूस-यूक्रेन युद्ध पर एक सवाल पूछे जाने पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, टैंगो के लिए दो लोगों की ज़रूरत होती है। मैं उन दोनों (पुतिन-जेलेंस्की) के साथ एक बैठक करना चाहता था... लेकिन कई लोगों को लगता है कि उस बैठक से कुछ नहीं होगा... इसी के साथ ट्रंप ने एक बार फिर भारत-पाकिस्तान संघर्षविराम में भूमिका निभाने का दावा किया। उन्होंने कहा, हमने भारत और पाकिस्तान के बीच परमाणु युद्ध की संभावना को खत्म कर दिया है... मैंने सभी समस्याओं का समाधान कर दिया है...। दो हफ्ते बाद हमें पता चल जाएगा कि वे किस तरफ जा रहे हैं।
#WATCH | Washington DC | On the Russia-Ukraine war, US President Donald Trump says, "... It takes two to tango. I wanted to have a meeting with those two... But many people think nothing will come out of that meeting... We solved one that could have been a nuclear war between… pic.twitter.com/I0WO31NW6C
— ANI (@ANI) August 22, 2025
कोस्टा रिका के इतिहास में पहली बार, भ्रष्टाचार के आरोपों में मौजूदा राष्ट्रपति खुद पेश हुए
कोस्टा रिका में पहली बार ऐसा हुआ है जब किसी मौजूदा राष्ट्रपति ने खुद पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सांसदों के सामने जाकर अपना बचाव किया है। राष्ट्रपति रोड्रिगो चावेस शुक्रवार को संसद की एक विशेष समिति के सामने पेश हुए, जो यह तय कर रही है कि उनके खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए उनकी इम्युनिटी (संवैधानिक छूट) हटाई जाए या नहीं।
बता दें कि देश के अटॉर्नी जनरल और सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों ने मांग की है कि चावेस की इम्युनिटी हटाई जाए ताकि उन पर मुकदमा चलाया जा सके। उनका आरोप है कि राष्ट्रपति चावेस ने एक प्रोड्यूसर पर दबाव डाला कि वह सेंट्रल अमेरिकन बैंक फॉर इकोनॉमिक इंटीग्रेशन से मिले कॉन्ट्रैक्ट का कुछ हिस्सा उनके पूर्व चुनाव सलाहकार को दे।
राष्ट्रपति का जवाब
चावेस ने सभी आरोपों से इनकार किया और कहा कि यह सब एक राजनीतिक बदले की साजिश है। उन्होंने कहा कि देश में कई भ्रष्टाचार के मामले वर्षों से लंबित हैं और ड्रग माफिया भी बिना सजा के छूट जाते हैं, लेकिन उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।
इस्राइल पर सख्त कदम न उठा पाने पर डच विदेश मंत्री का इस्तीफा, सरकार में मचा हड़कंप
नीदरलैंड के विदेश मंत्री कास्पर वेल्डकैंप ने शुक्रवार शाम अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने यह कदम इसलिए उठाया क्योंकि वे गाजा युद्ध को लेकर इस्राइल पर नए प्रतिबंध लगाने में नाकाम रहे। वेल्डकैंप ने संसद को पहले ही जानकारी दी थी कि वे इस्राइल के गाजा सिटी और अन्य घनी आबादी वाले इलाकों में सैन्य कार्रवाई के जवाब में कुछ कड़े कदम उठाना चाहते हैं। लेकिन उन्हें अपने गठबंधन दलों का समर्थन नहीं मिला, जिसके कारण वे प्रस्ताव लागू नहीं कर सके। एक समय में इस्राइल में राजदूत रहे 61 वर्षीय राजदूत वेल्डकैंप ने कहा कि मैं खुद वो नीति लागू नहीं कर पा रहा हूं, जिसे मैं ज़रूरी मानता हूं, इसलिए इस्तीफा देना ही उचित है।
अंतरिक्ष में गोपनीय प्रयोग करने के लिए एक और अमेरिकी सैन्य ‘मिनी शटल’ प्रक्षेपित किया गया। स्पेसएक्स द्वारा भेजे गए इस अंतरिक्ष यान ने फ्लोरिडा के केप कैनावेरल से अकेले ही उड़ान भरी। अमेरिकी अंतरिक्ष बल के अनुसार, यह बिना जीपीएस के लेजर संचार और सुरक्षित नौवहन का परीक्षण करेगा। अभी स्पष्ट नहीं है कि यह मिनी शटल कब तक अंतरिक्ष में रहेगा। आखिरी एक्स-37बी यान मार्च में जमीन पर लौटने से पहले लगभग एक साल तक पृथ्वी की परिक्रमा करता रहा था।
एक शोध में पता चला है कि सिंगापुर में भारतीय लोग अपनी पहचान के लिए राष्ट्रीयता, नस्ल और भाषा को अत्यधिक महत्व देते हैं। हाल में छपे शोध ‘रिलिजियस आइडेंटिटी एंड प्रैक्टिस अमंग सिंगापुरियन्स’ में यह निष्कर्ष सामने आया कि सिंगापुरवासियों का आत्मबोध कई आयामों पर आधारित है, जिनमें राष्ट्रीयता, भाषा और धर्म प्रमुख हैं। अध्ययन के दौरान पता चला कि भारत के लोगों में पहचान के लिए राष्ट्रीयता सबसे प्रमुख है। भारतीयों ने ‘सिंगापुरी होना’ पहचान का अहम पहलू माना।
नेपाल में लगे भूकंप के झटके
ट्रंप के 34 शहरों की फंडिंग काटने के फैसले पर जज ने लगाई रोक
जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के भतीजे शेरशाह खान को शनिवार को लाहौर की एक अदालत ने पांच दिन की हिरासत में दिया। यह मामला 9 मई 2023 को हुए दंगों से जुड़ा है।
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी ने दावा किया है कि सरकार ने यह कदम इमरान खान पर दबाव बनाने के लिए उठाया है ताकि उसे सौदेबाजी के हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा सके। 72 वर्षीय पूर्व क्रिकेटर इमरान खान अगस्त 2023 से कई मामलों में जेल में बंद हैं। पंजाब पुलिस ने शेरशाह को शुक्रवार दोपहर उस वक्त गिरफ्तार किया, जब वह अपने घर जा रहे थे। उनके भाई शहरेज खान को एक दिन पहले गुरुवार को लाहौर में उनके घर से गिरफ्तार किया गया था।