World: पाकिस्तान में आतंकी हमले में पांच पुलिसकर्मी मारे गए; आइवरी कोस्ट में विरोध प्रदर्शन, 237 गिरफ्तार
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मध्य पूर्व की यात्रा से पहले शुक्रवार को मैरीलैंड के बेथेस्डा स्थित वाल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर में स्वास्थ्य जांच कराई। 79 वर्षीय ट्रंप जनवरी में व्हाइट हाउस में दोबारा कार्यभार संभालने वाले सबसे उम्रदराज व्यक्ति हैं।
व्हाइट हाउस ने इसे ट्रंप की नियमित जांच बताई। यह जांच उनके व्यापक शारीरिक परीक्षण के छह महीने बाद हो रहा। अमेरिकी राष्ट्रपति ने यहां सैनिकों के साथ बैठक भी की। ट्रंप ने कहा, शारीरिक और मानसिक रूप से बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूं। यह डॉक्टर के पास छह महीने में एक बार होने वाली मुलाकात थी। मुझे जांच कराना पसंद है। बता दें, जुलाई में व्हाइट हाउस ने खुलासा किया था कि ट्रंप के पैरों के निचले हिस्से में सूजन और दाहिने हाथ पर चोट के निशान हैं, जबकि तस्वीरों में राष्ट्रपति के टखने सूजे दिखाई दे रहे थे। उनके हाथ का प्रभावित हिस्सा मेकअप से ढका हुआ था।
पाकिस्तान: खैबर पख्तूनख्वा के राज्यपाल ने सीएम गंडापुर का इस्तीफा स्वीकार किया
पाकिस्तान की खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के राज्यपाल फैसल करीम कुंदी ने शनिवार को कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर का हाथ से लिखा इस्तीफा दोपहर ढाई बजे प्राप्त कर लिया गया और स्वीकार किया गया। गंडापुर ने बुधवार को ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी थी। पार्टी महासचिव सलमान आकरम राजा ने बाद में पुष्टि की कि इमरान खान ने सोहेल अफरीदी को मुख्यमंत्री पद संभालने का निर्देश दिया है।
हालांकि, पहले राज्यपाल कुंदी ने कहा था कि उन्हें कोई आधिकारिक इस्तीफा पत्र नहीं मिला । प्रदेश सरकार ने यह दावा किया कि इस्तीफा पहले ही शाही निवास भेजा गया था।
आइवरी कोस्ट में राष्ट्रपति चुनाव से पहले विरोध प्रदर्शन, 237 गिरफ्तार
अफ्रीकी देश आइवरी कोस्ट में शनिवार को लोगों ने देश में कथित 'तानाशाही ' के खिलाफ प्रदर्शन किया, जिसमें 237 लोगों को गिरफ्तार किया गया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उन्होंने मार्च शुरू होने से पहले अलग-अलग स्थानों पर आंसू गैस और बैरिकेड का सामना किया। आइवरी कोस्ट में दो हफ्ते बाद राष्ट्रपति चुनाव होना है। इस साल पहले चार बड़े विपक्षी नेताओं को निर्वाचन आयोग ने चुनावी पात्रता से बाहर कर दिया था। इनमें पूर्व राष्ट्रपति लॉरेंट गबाग्बो भी शामिल हैं।
राष्ट्रपति अलास्सने ऊतारा 2010 से सत्ता में हैं। उन्होंने इस साल एक विवादित सांविधानिक संशोधन के बाद चौथी बार चुनाव लड़ने की घोषणा की।
सेशेल्स के चुनाव में कड़ा मुकाबला, दूसरे चरण का मतदान शुरू
सेशेल्स के लोग शनिवार को राष्ट्रपति वेवेल रामकलावन और विपक्षी उम्मीदवार पैट्रिक हर्मिनी के बीच दूसरे चरण के मतदान में हिस्सा ले रहे हैं। हर्मिनी की पार्टी चार दशक तक देश पर शासन करने के बाद फिर से सत्ता में लौटना चाहती है। दो हफ्ते पहले हुए चुनाव में कोई भी प्रत्याशी सीधे विजेता नहीं बना था। आधिकारिक परिणामों के अनुसार हर्मिनी ने 48.8 फीसदी और रामकलावन ने 46.4 फीसदी वोट हासिल किए थे। जीत के लिए किसी भी उम्मीदवार को 50 प्रतिशत से अधिक वोट चाहिए होते हैं।
मतदान की शुरुआत गुरुवार को हुई थी, लेकिन अधिकांश सेशेल्सवासी शनिवार को वोट डाल रहे हैं। स्थानीय समयानुसार सुबह सात बजे के बाद मतदान केंद्र खुले और परिणाम रविवार को आने की उम्मीद है। हर्मिनी और रामकलावन के बीच मुकाबला बेहद कड़ा माना जा रहा है। दोनों उम्मीदवारों ने जोरदार अभियान चलाया है, जिसमें पर्यावरण की सुरक्षा और देश में बढ़ती नशे की समस्या जैसे अहम मुद्दों पर फोकस किया गया है। सेशेल्स लंबे समय से पर्यटकों के लिए स्वर्ग माना जाता रहा है।
हर्मिनी 'यूनाइटेड सेशेल्सट' पार्टी का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिसने 1977 से 2020 तक देश की राजनीति में शासन किया। वहीं, रामकलावन 'लिनयोन डेमोक्रेटिक सेसेल्वा' पार्टी के सदस्य हैं, जो वर्तमान में सत्ता में है और अपने दूसरे कार्यकाल के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।
खैबर पख्तूनख्वा में पुलिस ट्रेनिंग सेंटर पर आतंकी हमला, तीन आतंकवादी ढेर
पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शुक्रवार को एक पुलिस प्रशिक्षण केंद्र पर आतंकियों के हमले में तीन आतंकवादी मारे गए और एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। घटना डेरा इस्माइल खान जिले के पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में हुई, जो दक्षिण वजीरिस्तान सीमा के पास स्थित है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 7 से 8 भारी हथियारों से लैस आतंकियों ने केंद्र पर हमला किया। एक आत्मघाती हमलावर ने केंद्र के पास खुद को उड़ा लिया, जिससे सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन आतंकवादी मारे गए, जबकि चार से पांच आतंकी अभी भी परिसर के भीतर छिपे होने की आशंका है। सुरक्षा बलों का ऑपरेशन जारी है। हमले में एक पुलिसकर्मी मारा गया है। छह अन्य घायल हुए हैं। इस बीच, पाकिस्तान आर्मी की स्पेशल सर्विसेज ग्रुप (एसएसजी) की टुकड़ी भी स्थल पर पहुंच चुकी है।
तुर्किए और इराक के बीच जल बंटवारे पर प्रारंभिक समझौता
तुर्किए और इराक ने शुक्रवार को टिगरिस और यूफ्रेट्स नदियों के घटते जल प्रवाह को साझा करने और बेहतर प्रबंधन के लिए एक प्रारंभिक समझौते पर सहमति जताई। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब पश्चिम एशिया के कई हिस्सों में सूखे की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। इराक के विदेश मंत्री फुआद हुसैन ने संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इस समझौते पर जल्द ही इराक में हस्ताक्षर किए जाएंगे।
गौरतलब है कि इराक लंबे समय से यह आरोप लगाता रहा है कि तुर्किए द्वारा बनाए गए बांध उसके हिस्से का पानी रोक रहे हैं। इराक की अधिकांश ताजा जल आपूर्ति टिगरिस और यूफ्रेट्स नदियों से होती है, जिनका उद्गम तुर्किए में है। विशेषज्ञों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन इन जल संकटों को और बढ़ा सकता है।
रूस के ड्रोन और मिसाइल हमलों से कीव में 20 घायल, दक्षिण-पूर्व में बच्चे की मौत
रूस के ड्रोन और मिसाइल हमलों ने शुक्रवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव को हिला दिया, जिसमें कम से कम 20 लोग घायल हो गए और एक 7 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। कई आवासीय इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं और देश के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, राजधानी के केंद्र में 17 मंजिला इमारत की छठी और सातवीं मंजिल पर आग लगने के बाद रेस्क्यू टीमों ने 20 से अधिक लोगों को बचाया। पांच लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि रूस पूर्वी मोर्चे पर असफलताओं की भरपाई के लिए नागरिक क्षेत्रों को निशाना बना रहा है। वे युद्ध के मैदान में कुछ नहीं कर पा रहे, इसलिए हमारे शहरों और बिजली संयंत्रों पर हमला कर रहे हैं।
सीरिया के विदेश मंत्री असद अल-शिबानी बेरूत पहुंचे, लेबनान से संबंध सुधरने की उम्मीद
सीरिया के विदेश मंत्री असद अल-शिबानी शुक्रवार को लेबनान की राजधानी बेरूत पहुंचे। पर्यवेक्षकों के अनुसार, दिसंबर 2024 में बशर असद सरकार के हटने के बाद दोनों पड़ोसी देशों के बीच संबंधों में यह एक बड़ी सफलता हो सकती है। असद अल-शिबानी ने अपने लेबनानी समकक्ष यूसुफ जो रज्जी से बातचीत की। बातचीत के बाद दोनों ने लेबनान-सीरियाई उच्च परिषद को निलंबित करने का एलान किया। इसका मतलब यह है कि अब केवल आधिकारिक राजनयिक चैनलों से ही लेन-देन होगा। इस दौरे का मुख्य एजेंडे में लेबनानी जेलों में बंद 2,000 सीरियाई नागरिकों की स्थिति, लापता लेबनानी नागरिकों का पता लगाना और शरणार्थियों की वापसी शामिल है।
ब्रिटेन : पूर्व पीएम ऋषि सुनक को माइक्रोसॉफ्ट और एंथ्रोपिक में काम करने की मंजूरी मिली
ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक को अमेरिकी टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट और एआई फर्म एंथ्रोपिक के लिए अंशकालिक वेतनभोगी सलाहकार के रूप में काम करने की मंजूरी मिल गई है। सरकारी निगरानी संस्था एडवाइजरी कमेटी ऑन बिजनेस अपॉइंटमेंट्स ने बृहस्पतिवार को इसकी घोषणा की। समिति ने कहा कि सुनक को दो साल तक दोनों कंपनियों की ओर से सरकार को लॉबी करने की इजाजत नहीं होगी। समिति ने सुनक को प्रधानमंत्री कार्यालय में उपलब्ध किसी भी विशेषाधिकार प्राप्त जानकारी का उपयोग नहीं करने की शर्त रखी है। सुनक ने एलान किया कि इस काम से होने वाली कमाई द रिचमंड प्रोजेक्ट नामक शिक्षा चैरिटी को दान दी जाएगी। इसकी स्थापना उन्होंने अपनी पत्नी अक्षता मूर्ति के साथ की थी।
मंगोलियाई राष्ट्रपति 13 से 16 अक्टूबर तक भारत यात्रा पर रहेंगे
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी मंगोलियाई नेता से मुलाकात करेंगी और उनके सम्मान में एक भोज का आयोजन करेंगी। भारत और मंगोलिया के बीच राजनयिक संबंध 1955 में स्थापित हुए थे। दोनों देशों के बीच रक्षा और सुरक्षा, ऊर्जा, खनन, सूचना प्रौद्योगिकी, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और सांस्कृतिक सहयोग जैसे क्षेत्रों में साझेदारी है।
इस्राइल ने दक्षिणी लेबनान पर हमला किया, 1 व्यक्ति की मौत, 7 घायल
दक्षिणी नेपाल में भूस्खलन से 2 लोगों की मौत, 6 घायल
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक पुलिस प्रशिक्षण केंद्र पर हुए आतंकी हमले में सात पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गए। सेना ने यह जानकारी दी।
यह हमला देर रात हुआ, जब 7-8 आतंकवादियों ने भारी हथियारों के साथ डेरा इस्माइल खान के पुलिस प्रशिक्षण केंद्र पर हमला कर दिया। उन्होंने मुख्य गेट पर कार में बम लगाकर धमाका किया। आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच लगभग पांच घंटे तक मुठभेड़ चली। इस दौरान छह आतंकियों को मार गिराया गया। आतंकी ग्रेनेड फेंकते रहे और पुलिस प्रशिक्षण केंद्र के परिसर में स्थित एक मस्जिद भी निशाना बनी, जिसमें वहां के इमाम की मौत हो गई।