World: ब्रिटिश एयरवेज के केबिन क्रू की होटल में संदिग्ध मौत; जर्मनी में तुर्किये के दो लोगों की हत्या
ब्रिटिश एयरवेज ने पुष्टि की है कि उसके केबिन क्रू के एक सदस्य की मौत हो गई, जो अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में रुकने के दौरान अपने होटल के कमरे में मृत पाया गया। एयरवेज के अनुसार यह कर्मचारी मंगलवार को सैन फ्रांसिस्को पहुंचा था और शहर के मैरियट मार्क्विस होटल में रुका था। उसे गुरुवार को ड्यूटी पर वापस लौटना था, लेकिन जब वह तय समय पर नहीं पहुंचा, तो उसके साथियों ने होटल प्रबंधन को इसकी सूचना दी। होटल स्टाफ जब कमरे में गया, तो कर्मचारी मृत पाया गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, संभवतः उसकी मौत दो दिन पहले ही हो चुकी थी। हालांकि, मौत का कारण और समय अभी स्पष्ट नहीं है।
उड़ान रद्द, यात्रियों को हुई परेशानी
इस घटना के बाद, सैन फ्रांसिस्को से लंदन जाने वाली ब्रिटिश एयरवेज की उड़ान रद्द कर दी गई। क्रू सदस्य की मौत से दुखी अन्य कर्मचारियों की स्थिति को देखते हुए वे उड़ान भरने में असमर्थ थे। इस रद्दीकरण के कारण करीब 850 यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित हुईं। यात्रियों को होटल में ठहराया गया, लेकिन रद्दीकरण का असली कारण नहीं बताया गया। एयरलाइन ने वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था करने की कोशिश की।
जर्मनी के स्पा शहर में दो तुर्किये की हत्या
जर्मनी से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां स्पा शहर में दो तुर्किये लोगों की गोलीमार कर हत्या कर दी गई। मामले में हेस्से क्षेत्र की पुलिस का कहना है कि दोनों पीड़ितों की हत्या फ्रैंकफर्ट से लगभग 35 किलोमीटर दूर बैड नौहेम के एस आवासीय क्षेत्र में की गई है। पुलिस ने ये भी बताया कि हत्या के कारण का अभी तक पता नहीं चला है। हालांकि पुलिस लगातार रूप से आरोपियों की तालाश में जुटी है।
इस्राइल ने मार गिराया हिजबुल्ला का इंजीनियरिंग प्रमुख
इस्राइल वायुसेना ने रविवार को दक्षिणी लेबनान के हौला क्षेत्र में हवाई हमला कर हिजबुल्ला के इंजीनियरिंग प्रमुख को मार गिराया। वह अल-अदीसा परिसर में हिजबुल्ला की इंजीनियरिंग इकाई का नेतृत्व कर रहा था। इसके अलावा, इस्राइली वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने हाल ही में दक्षिणी लेबनान के नबातिया क्षेत्र में कई लॉन्चरों और सैन्य ढांचों पर हमला किया। यहां हिजबुल्ला के लड़ाके सक्रिय थे। इस्राइली रक्षा सेवा (आईडीएफ) ने अपने बयान में कहा, हिजबुल्ला लड़ाकों की कार्रवाइयां इस्राइल और लेबनान के बीच समझौतों का स्पष्ट उल्लंघन हैं। इसे इस्राइल व उसके नागरिकों के लिए खतरा पैदा हो गया है। गौरतलब है कि इस्राइल ने हिजबुल्ला की गतिविधियों को रोकने के लिए अपनी सैन्य कार्रवाइयों को तेज कर दिया है। इस हमले से हिजबुल्ला की संरचना को बड़ा झटका लगने की संभावना है।
नेपाल में 10 लाख रुपये की नकदी के साथ भारतीय गिरफ्तार
नेपाल पुलिस ने 23 वर्षीय भारतीय नागरिक को बिना किसी दस्तावेज के 10 लाख नेपाली रुपये ले जाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि बिहार के मोतिहारी निवासी राज कुमार ठाकुर भारतीय नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल चला रहे थे, तभी उन्हें नेपाल के रौतहट जिले के मौलापुर नगर पालिका में रोका गया। नियमित जांच के दौरान पुलिस ने उनकी सीट के नीचे से 10 लाख नेपाली रुपये बरामद किए। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पाकिस्तान में 2 अरब डॉलर की ड्रग्स तस्करी का किया भंड़फोड़
पाकिस्तान की एंटी नारकोटिक्स फोर्स (एएनफ) ने कराची गेटवे टर्मिनल पर 2 अरब रुपये से ज्यादा की ड्रग्स की एक बड़ी खेप को सफलतापूर्वक पकड़ लिया है। एएनफ अधिकारियों ने बताया कि 200 किलोग्राम मेथमफेटामाइन से बनी ड्रग्स को 2,000 पैकेट मसालों में बड़ी चालाकी से छिपाया गया था।
एएनएफ के प्रवक्ता के अनुसार, एएनएफ ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई की और दुबई जाने वाले कंटेनर की तलाशी ली जिसमें अवैध खेप का पता चला। दुबई से कराची की यात्रा करने वाली महिला के पास 144 ग्राम कोकीन पायी गई। उसने नशीले पदार्थों से भरे कैप्सूल ले जाने की बात स्वीकारी है। बाद में एएनएफ अधिकारियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां एक संदिग्ध के कब्जे से 144 ग्राम कोकीन बरामद की गई। आगे की जांच के दौरान, उसने खुलासा किया कि नाइजीरियाई संदिग्ध उसका साथी था। इस खुफिया जानकारी के आधार पर, एएनएफ ने लाहौर के एक होटल से नाइजीरियाई संदिग्ध को गिरफ्तार किया।
आतंक के खिलाफ मिलकर लड़ेंगे पाकिस्तान-अफगानिस्तान
पाकिस्तान और अफगानिस्तान आतंकवादियों को एक-दूसरे के खिलाफ अपनी जमीन से हमला नहीं करने देंगे। पाकिस्तानी अखबार डॉन के मुताबिक, आतंकवादियों को अपनी जमीनों से हमला करने से रोकने के लिए दोनों देशों के बीच एक समझौता हुआ है। इस वक्त पाकिस्तानी उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार आतंकवादी हमलों के मद्देनजर बिगड़ते रिश्तों के बीच सुरक्षा मुद्दों पर बातचीत के लिए काबुल में हैं। मंत्री इशाक डार ने भरोसा दिलाया है कि दोनों देश ऐसे खतरों से निपटने के लिए संयुक्त जिम्मेदारी लेंगे। डार ने कहा, हमने अपने मेजबानों से अनुरोध किया है कि हमें क्षेत्र की प्रगति, बेहतरी और शांति और सुरक्षा के लिए मिलकर काम करना होगा। इसके लिए, हम किसी को अफगानिस्तान में अवैध गतिविधियों को संचालित करने के लिए अपनी जमीन का इस्तेमाल नहीं करने देंगे।
एवरेस्ट पर 31वीं बार चढ़कर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ेंगे रीता
दुनिया के सबसे चर्चित पर्वतारोहण गाइड कामी रीता अब 31वीं बार विश्व की सबसे ऊंची चोटी पर चढ़कर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ने जा रहे हैं। कामी रीता ने पहली बार 1994 में एवरेस्ट पर चढ़ाई की थी और तब से वह लगभग हर साल ऐसा करते आ रहे हैं। शेरपा कामी रीता (55) रविवार को काठमांडो से माउंट एवरेस्ट के लिए रवाना हुए जहां वह पर्वतारोहियों के एक समूह का नेतृत्व करेंगे। यह समूह पर्वतारोहण के मौसम में 8,849 मीटर (29,032 फुट) ऊंचे शिखर पर पहुंचने का प्रयास करेगा।
पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने पंजाब में 10 टीटीपी आतंकियों को किया ढेर
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में सुरक्षाबलों ने सोमवार तड़के तहरीक-ए-तालिबान (टीटीपी) के 10 आतंकियों को मार गिराया। पंजाब के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) डॉ. उस्मान अनवर ने बताया कि लाहौर से 325 किलोमीटर दूर मियांवाली जिले में पंजाब पुलिस और आतंकवाद निरोधक विभाग (सीटीडी) ने संयुक्त रूप से टीटीपी आतंकियों के खिलाफ इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। अभियान के दौरान आतंकियों की ओर से की गई फायरिंग में एक नागरिक घायल हुआ है। पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सुरक्षाबलों की प्रशंसा की है।