फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates 80th UNGA Sudan Africa Asia Europe US UK West Asia Politics Crime and Global events

World: अमेरिका में दो भारतीयों पर नकली दवा सप्लाई करने का आरोप; फलस्तीनी राष्ट्रपति ने UNGA में दिया भाषण

Thu, 25 Sep 2025 10:09 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली। Published by: ज्योति भास्कर Updated Thu, 25 Sep 2025 10:09 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates 80th UNGA Sudan Africa Asia Europe US UK West Asia Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

अमेरिका के ट्रेजरी डिपार्टमेंट के ऑफिस ऑफ फॉरेन असेट कंट्रोल (OFAC) ने दो भारतीय नागरिकों सादिक अब्बास हबीब सय्यद और खिजर मोहम्मद इकबाल शेख के साथ भारत स्थित एक ऑनलाइन फार्मेसी कएस इंटरनेशनल ट्रेडर्स पर प्रतिबंध लगाया है। इन पर आरोप है कि उन्होंने अमेरिका में फेंटेनिल और अन्य गैरकानूनी ड्रग्स से भरे नकली प्रिस्क्रिप्शन पिल्स लाखों की संख्या में सप्लाई कीं।

विज्ञापन

OFAC ने बताया कि ये नकली दवाएं ऑक्सिकोडोन, एडराल, ज़ैनाक्स जैसे लोकप्रिय दवाओं के रूप में बेची गईं, लेकिन इनमें खतरनाक फेंटेनिल, फेंटेनिल के एनालॉग और मेथामफेटामाइन जैसी हानिकारक चीजें थीं। सय्यद और शेख ने इन ड्रग्स की बिक्री के लिए एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल किया। खिजर शेख केएस इंटरनेशनल ट्रेडर्स के मालिक हैं, जो ऑनलाइन फार्मेसी के रूप में काम करती है। आरोप है कि शेख ने अभियोग के बावजूद अपनी दुकान बंद नहीं की।

विज्ञापन

ट्रेजरी डिपार्टमेंट ने कहा कि ये नकली ऑनलाइन फार्मेसियां, जिनमें भारत आधारित भी शामिल हैं, अमेरिका और मैक्सिको के ड्रग कार्टेल्स को नकली पिल्स और ड्रग बनाने वाली केमिकल सप्लाई करती हैं। ये नकली दवाएं लोगों को सुरक्षित दवाइयों का भ्रम देकर ओपिओइड ओवरडोज संकट को बढ़ावा देती हैं, जो अमेरिका में 18 से 45 वर्ष के बीच मौत का प्रमुख कारण बन चुका है।

विज्ञापन
विज्ञापन
फलस्तीनी राष्ट्रपति ने UNGA में दिया भाषण
अमेरिका द्वारा वीजा रोके जाने के बाद फलस्तीनी राष्ट्रपति अब्बास वीडियो के जरिये संयुक्त राष्ट्र महासभा में भाषण दिया। उन्होंने कहा कि दो वर्षों से नागरिकों की पीड़ा के बावजूद हम सात अक्तूबर को हमास के हमले को अस्वीकार करते हैं। राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने कहा कि गाजा पर शासन करने में हमास की कोई भूमिका नहीं होगी और उसे अपने हथियार सौंपने होंगे। 

सूडान के बाजार में ड्रोन हमला, 15 लोगों की मौत
उत्तरी अफ्रीकी देश सूडान के उत्तर दारफुर की राजधानी अल-फाशर में रैपिड सपोर्ट फोर्सेज़ (RSF) के ड्रोन हमले में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और 12 घायल हुए। यह हमला व्यस्त बाज़ार में हुआ। कुछ दिन पहले ही RSF ने शहर की एक मस्जिद पर हमला किया था, जिसमें 70 से अधिक लोग मारे गए थे। स्थानीय प्रतिरोध समितियों ने इसे “नृशंस हमला” और लगातार हो रहे नरसंहार की कड़ी बताया। RSF ने घटना पर आधिकारिक टिप्पणी नहीं की, लेकिन शहर में बढ़त और नागरिकों की निकासी का दावा किया। 2023 में RSF और सेना के बीच शुरू हुई लड़ाई ने गृहयुद्ध का रूप ले लिया, जिसमें अब तक 40,000 से अधिक लोग मारे गए और 1.2 करोड़ विस्थापित हुए। डब्ल्यूएफपी के अनुसार 2.4 करोड़ लोग खाद्य असुरक्षा का सामना कर रहे हैं। डब्ल्यूएचओ ने बताया कि हैजा सभी 18 राज्यों में फैल चुका है और 3,000 से अधिक लोगों की जान ले चुका है।

राष्ट्रपति रामफोसा UNGA में एकतरफा व्यापार प्रथाओं पर बरसे
दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में कहा कि एकतरफा व्यापार नीतियां और आर्थिक दबाव कई देशों के लिए हानिकारक हैं। यह टिप्पणी उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा लगाए गए शुल्कों के संदर्भ में की। उन्होंने कहा कि भू-राजनीतिक झटके और व्यापार नीतियों की अस्थिरता वैश्विक अर्थव्यवस्था को अस्थिर कर रहे हैं तथा विकास के लिए जरूरी संसाधनों को प्रभावित कर रहे हैं। रामाफोसा ने अफ्रीकी महाद्वीप को अफ्रीकी महाद्वीपीय मुक्त व्यापार क्षेत्र (AfCFTA) के जरिये सहयोग और सतत विकास का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि यह पहल महाद्वीप की आर्थिक एकता और सहयोग की धुरी बन सकती है। इसके साथ ही उन्होंने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को अक्षम और अप्रभावी बताते हुए सुधार की मांग की। उन्होंने कहा कि परिषद को अधिक जवाबदेह, प्रतिनिधिक और लोकतांत्रिक बनाना होगा ताकि अंतरराष्ट्रीय शांति और कानून की रक्षा हो सके।

लेबनान में संयुक्त राष्ट्र शांति सेना के मुख्यालय पर गिरा इस्राइली ड्रोन
दक्षिण लेबनान में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन (UNIFIL) के मुख्यालय पर एक इस्राइली ड्रोन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हालांकि इस मामले में कोई हताहत नहीं हुआ। UNIFIL ने कहा कि लेबनानी हवाई क्षेत्र में इस्राइली ड्रोन उड़ानें संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद प्रस्ताव 1701 का उल्लंघन हैं। ड्रोन में हथियार नहीं थे और केवल कैमरा लगा पाया गया। इस्राइल ने तकनीकी खराबी स्वीकार की और स्थिति स्पष्ट करने के लिए UNIFIL से संपर्क किया। दो सप्ताह पहले भी इस्राइली ड्रोन ने शांति सैनिकों के पास ग्रेनेड गिराए थे। खबरों के मुताबिक इस्राइल-हिजबुल्लाह युद्ध (2023-24) में 4,000 से अधिक लोग लेबनान में और 127 इस्राइल में मारे गए।

मलावी में पूर्व राष्ट्रपति मुथारिका ने प्रतिद्वंद्वी चकवेरा को दी मात, चुनाव जीता
पूर्वी अफ्रीकी देश मलावी के पूर्व राष्ट्रपति पीटर मुथारिका ने चुनाव जीतकर मौजूदा राष्ट्रपति लाजरस चक्वेरा को पराजित कर सत्ता में वापसी की है। 85 वर्षीय मुथारिका ने 56% वोट हासिल किए जबकि चक्वेरा को 33% वोट मिले। चक्वेरा ने टीवी पर भाषण देकर हार स्वीकार की। मुथारिका 2014-2020 तक राष्ट्रपति रह चुके हैं, लेकिन 2020 में ऐतिहासिक पुनर्निर्वाचन में हार गए थे। चक्वेरा की लोकप्रियता महंगाई, ईंधन व खाद्य संकट और आर्थिक संकट के कारण घटी। मुथारिका ने अर्थव्यवस्था सुधारने का वादा किया है, हालांकि उनके पिछले कार्यकाल में भ्रष्टाचार और संकटों को लेकर आलोचना हुई थी।

यूएन में बोला चीन- कार्बन उत्सर्जन में कटौती करेंगे; नए जलवायु लक्ष्य की घोषणा की
संयुक्त राष्ट्र जलवायु शिखर सम्मेलन में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने 2035 तक उत्सर्जन में 7-10% कटौती का एलान किया है। चीन विश्व का सबसे बड़ा कार्बन उत्सर्जक है, जो वैश्विक उत्सर्जन का 31% से अधिक करता है। शी ने पवन व सौर ऊर्जा को छह गुना बढ़ाने, प्रदूषण-मुक्त वाहनों को मुख्यधारा बनाने और जलवायु अनुकूल समाज बनाने का वादा किया। यूरोपीय आयोग प्रमुख उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा कि यूरोप के उत्सर्जन 1940 से 40% घटे हैं और नवंबर की वार्ता से पहले नई योजना प्रस्तुत होगी। शी और ब्राज़ील ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की आलोचना भी की।

निजी विमान वेनेजुएला में टेकऑफ के समय दुर्घटनाग्रस्त
वेनेजुएला की राजधानी काराकस के सिमोन बोलिवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरते समय एक निजी लियरजेट-55 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वेनेजुएला की राष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संस्था (INAC) ने बताया कि विमान में मौजूद दो यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया और उन्हें चिकित्सकीय देखभाल के बाद स्थिर बताया गया। यह स्पष्ट नहीं हुआ कि विमान में अन्य लोग सवार थे या नहीं। सोशल मीडिया पर साझा वीडियो में हवाई अड्डे के रनवे से धुआं उठता दिखा। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार24 के अनुसार, यह विमान पिछले महीने वेनेजुएला, पनामा और क्यूबा में उड़ान भर चुका था।

कोलंबिया खदान हादसा: 43 घंटे फंसे रहने के बाद 23 खनिकों को बचाया गया
कोलंबिया के उत्तरी एंटिओक्विया में ला रेलिक्विया सोने की खदान धंसने के कारण 23 मजदूर फंस गए थे। करीब 43 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फंसे हुए श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मुख्य सुरंग सोमवार को अचानक धंस गई थी। कोलंबिया की राष्ट्रीय खनन एजेंसी ने बताया कि बचाव अभियान के दौरान मजदूरों को भोजन, पानी और वेंटिलेशन उपलब्ध कराया गया। खदान कनाडा की एरिस माइनिंग कॉर्प की ज़मीन पर है, लेकिन स्थानीय सहकारी द्वारा चलाई जाती है। भावुक माहौल में परिवार के लोगों ने तालियों से श्रमिकों का स्वागत किया। बता दें कि इस देश में अवैध और असुरक्षित खनन के कारण लगातार हादसे होते रहते हैं।

ब्रिटेन और फ्रांस के बीच 'वन इन, वन आउट' कार्यक्रम, बच्चे के साथ पहला परिवार पहुंचा UK
फ्रांस ने पहली बार ब्रिटेन में परिवार को निर्वासित किया है। इसमें एक छोटा बच्चा भी शामिल है। यह उस समझौते के तहत हुआ है जिसमें ब्रिटेन अनधिकृत प्रवासियों को वापस फ्रांस भेजता है और फ्रांस अनुमोदित शरणार्थियों को ब्रिटेन भेजता है। ब्रिटेन के गृह मंत्रालय ने बताया कि यह 'वन इन, वन आउट' कार्यक्रम का पहली घटना है। सरकार के मुताबिक इस साल यानी 2025 में अब तक 32,000 से अधिक लोग छोटे नौकाओं से ब्रिटेन पहुंचे हैं। ब्रिटिश सरकार इस पायलट समझौते के तहत और लोगों को वापस भेजने और शरणार्थी दावों को तेजी से प्रक्रिया में लाने की योजना बना रही है, ताकि चैनल पार करने जैसी खतरनाक यात्राओं पर नकेल कसी जा सके।

पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने खैबर पख्तूनख्वा में 13 टीटीपी आतंकियों को किया ढेर
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सुरक्षाबलों ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के 13 आतंकियों को मार गिराया। सेना की मीडिया विंग के अनुसार, खुफिया जानकारी के आधार पर दिरा इस्माइल खान जिले के दरबान इलाके में अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने बताया कि मारे गए आतंकी कई घटनाओं में शामिल थे, जिनमें दिसंबर 2023 में दरबान में हुआ आत्मघाती हमला, सरकारी अधिकारियों और निर्दोष नागरिकों का अपहरण व हत्या शामिल है। मौके से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद हुआ। क्षेत्र में अब संभावित छिपे आतंकियों की तलाश के लिए तलाशी अभियान जारी है। उल्लेखनीय है कि नवंबर 2022 में युद्धविराम तोड़ने के बाद से टीटीपी ने पाकिस्तान में सुरक्षा बलों और पुलिस पर हमले तेज कर दिए हैं। हाल ही में इसी जिले में सात आतंकवादी, जिनमें तीन अफगान नागरिक शामिल थे, मारे गए थे।

पाकिस्तान की एयरलाइंस को 5 साल बाद मिली ब्रिटेन की सीधी उड़ान की अनुमति
ब्रिटेन ने पांच साल बाद पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) को देश में सीधी वाणिज्यिक उड़ान संचालित करने की अनुमति दे दी है। पीआईए अब अगले महीने से मैनचेस्टर के लिए यात्री और मालवाहक उड़ानों का संचालन शुरू करेगी। एयरलाइन ने एक बयान में कहा कि जल्द ही बर्मिंघम और लंदन के लिए भी इन सेवाओं का विस्तार किया जाएगा। ब्रिटेन और यूरोपीय संघ ने 2020 में सुरक्षा चिंताओं के चलते अपने क्षेत्र में पीआईए के संचालन को निलंबित कर दिया था।

नावों पर हमले के लिए ट्रंप के खिलाफ चले केस: कोलंबिया
कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने इस महीने कैरिबियन सागर में नावों पर हुए घातक हमलों के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ आपराधिक जांच की मांग की। व्हाइट हाउस के अनुसार, ये नाव ड्रग्स ले जा रही थीं। पेट्रो ने संयुक्त राष्ट्र महासभा की वार्षिक बैठक में अपने भाषण में इन तीनों हमलों की निंदा की और ट्रंप पर गरीबी और प्रवासन को अपराध बनाने का भी आरोप लगाया।

सऊदी के मुफ्ती अल-शेख के निधन पर मोदी ने दुख जताया
सऊदी अरब के मुफ्ती शेख अब्दुलअजीज बिन अब्दुल्ला अल-शेख का निधन हो गया है। उन्होंने 25 साल से भी अधिक समय तक देश के शीर्ष धार्मिक नेता के रूप में सेवा दी। पीएम नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर गहरी संवेदना जताई व कहा, दुख की घड़ी में हमारी प्रार्थनाएं लोगों के साथ हैं।

World News Hindi Updates 80th UNGA Sudan Africa Asia Europe US UK West Asia Politics Crime and Global events
थाईलैंड में सड़क ढहने से बना गड्ढा - फोटो : अमर उजाला प्रिंट / एजेंसी
थाईलैंड में सड़क ढहने से बना गड्ढा
बैंकॉक में बुधवार को सड़क का एक हिस्सा ढहने से एक बड़ा गड्ढा बन गया, जिससे यातायात बाधित हो गया। बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा और आसपास के क्षेत्र खाली कराने पड़े। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।

ट्रंप ने गाजा में युद्ध को जल्द खत्म करने का लिया संकल्प
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठकों के इतर पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ सहित आठ मुस्लिम देशों के नेताओं से गाजा पर एक बहुपक्षीय बैठक की। सभी ने गाजा में जल्द युद्ध खत्म करने का संकल्प दोहराया। बैठक में तुर्किये, कतर, सऊदी अरब, इंडोनेशिया, पाकिस्तान, मिस्र, यूएई और जॉर्डन के नेता शामिल हुए। ट्रंप ने कहा, यह बैठक मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि हम गाजा युद्ध को खत्म करना चाहते हैं। हम इसे जल्द ही खत्म करने जा रहे हैं। इससे पहले संयुक्त राष्ट्र महासभा में ट्रंप ने फलस्तीनी राष्ट्र को मान्यता देने के प्रयासों की निंदा की थी।

गाजा संघर्ष को समाप्त करने के लिए ट्रंप पर जताया भरोसा
कतर के अमीर शेख तमीम ने गाजा पर एक बैठक की मेजबानी के लिए ट्रंप को धन्यवाद देते हुए कहा कि अरब नेता संघर्ष को समाप्त करने के लिए उन पर भरोसा कर रहे हैं। उन्होंने ट्रंप से कहा, हमारे यहां आने का एकमात्र कारण युद्ध रोकना और बंधकों को वापस लाना है। सभी ने ट्रंप पर भरोसा जताया।

बांग्लादेश में प्रदर्शन कर रहे अवामी लीग के 244 कार्यकर्ता गिरफ्तार
बांग्लादेश पुलिस ने बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग के 244 नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी तब हुई जब ये कार्यकर्ता राजधानी ढाका में कई फ्लैश जुलूस निकाल रहे थे। ढाका के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान 14 जिंदा बम और सात बैनर भी जब्त किए गए। उन्होंने कहा, पूरे शहर के विभिन्न हिस्सों से गिरफ्तार किए गए 244 लोग अवामी लीग और उसके संबद्ध संगठनों के नेता और कार्यकर्ता हैं। राजधानी में अब तक इस तरह की कार्रवाई में 500 से अधिक अवामी लीग नेता और कार्यकर्ता गिरफ्तार हो चुके हैं। 

वेनेजुएला में 6.1 तीव्रता का भूकंप
उत्तर-पश्चिमी वेनेजुएला में बुधवार को 6.1 तीव्रता का भूकंप आया। यह जानकारी अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने दी। एजेंसी के अनुसार, भूकंप का केंद्र मेने ग्रांडे इलाके में था, जिसकी गहराई करीब 10 किलोमीटर (6.2 मील) बताई गई है। यह स्थान राजधानी कराकस से लगभग 600 किलोमीटर पश्चिम में है। वेनेजुएला सरकार ने भूकंप को लेकर तत्काल कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की है।

ईरान ने अघोषित मिसाइल परीक्षण किया
ईरान ने अपने इमाम खुमैनी स्पेसपोर्ट पर एक अघोषित मिसाइल परीक्षण किया है। एपी ने बताया कि सैटेलाइट तस्वीरों से गुरुवार को यह पता चला। ईरान ने पिछले सप्ताह हुए इस परीक्षण को औपचारिक रूप से स्वीकार नहीं किया है। ईरान की संसद में एक भी सांसद ने बिना कोई सबूत दिए दावा किया कि तेहरान ने एक संभावित अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया है।

इस परीक्षण और दावे से यह चिंता उत्पन्न होती है कि ईरान अपनी मिसाइलों की पहुंच का विस्तार करने का प्रयास कर रहा है, क्योंकि संयुक्त राष्ट्र के प्रतिबंधों से पहले तनाव उच्च बना हुआ है। वॉशिंगटन स्थित फाउंडेशन फ़ॉर डिफेंस ऑफ डेमोक्रेसीज के विश्लेषक बेहनाम बेन तालेब्लू ने कहा कि ईरान के मिसाइल हमलों के खिलाफ 12 दिनों के युद्ध में इस्राइल की सफलताओं ने तेहरान के लिए और अधिक बैलिस्टिक मिसाइलें और उनके गुणात्मक रूप से बेहतर संस्करण विकसित करने के महत्व को और मजबूत किया है।

क्राउन प्रिंस ने रियाद में पांच साल के लिए किराए पर रोक लगा दी
सऊदी अरब के शक्तिशाली युवराज ने गुरुवार को राज्य की राजधानी रियाद में वाणिज्यिक और आवासीय संपत्तियों के किराये की कीमतों को पांच साल के लिए स्थिर रखने का आदेश दिया। क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान का यह निर्णय ऐसे समय में आया है जब कोरोना वायरस महामारी के बाद रियाद में किराये की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं। देश प्रमुख विकास परियोजनाओं पर काम कर रहा है। राज्य के सरकारी मीडिया द्वारा घोषित नियमों के अनुसार, उल्लंघनकर्ताओं को संपत्ति के एक साल के किराये के बराबर जुर्माना और किरायेदारों के लिए अतिरिक्त मुआवजा भुगतना पड़ सकता है। सूचना देने वालों को वसूले गए जुर्माने का 20 प्रतिशत तक मिल सकता है।

 

जर्मन सेना के दो उपग्रहों पर रूस की नजर: बोरिस
जर्मन रक्षा मंत्री बोरिस पिस्टोरियस ने गुरुवार को कहा कि रूस वर्तमान में जर्मन सेना द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले दो उपग्रहों पर नजर रख रहा है। उन्होंने अगले पांच वर्षों में देश के अंतरिक्ष कार्यक्रमों में 41 बिलियन अमेरिकी डालर के निवेश की घोषणा की। रक्षा मंत्री ने बर्लिन में एक अंतरिक्ष सम्मेलन में कहा कि दो रूसी लूच-ओलंप टोही उपग्रह दो इंटेलसैट उपग्रहों पर नजर रख रहे हैं। जिनका उपयोग अन्य के अलावा जर्मन सशस्त्र बलों द्वारा किया जाता है। रूस और चीन के पास अंतरिक्ष युद्ध में शामिल होने की क्षमता है और वे पहले से ही अंतरिक्ष में रणनीतिक स्थानों पर कब्जा कर चुके हैं। वे उपग्रहों को जाम कर सकते हैं, उन्हें अंधा कर सकते हैं, उनमें हेरफेर कर सकते हैं या गतिज रूप से उन्हें बाधित कर सकते हैं। जर्मन सेना पहले ही जामिंग हमलों का निशाना बन चुकी है। पिस्टोरियस ने कहा कि जब वह बोल रहे थे, तो 39 चीनी और रूसी टोही उपग्रह हमारे ऊपर उड़ रहे थे। इसलिए आप जो कहते हैं उसमें सावधानी बरतें। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed