फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Asia Pakistan china europe us uk west asia politics and global events updates Hindi News

World: खालिदा जिया को लंदन ले जाने वाली एयर एंबुलेंस पहुंचेगी ढाका; आज से PAK दौरे पर इंडोनेशियाई राष्ट्रपति

Mon, 08 Dec 2025 08:08 PM IST
लव गौर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: लव गौर Updated Mon, 08 Dec 2025 08:08 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Asia Pakistan china europe us uk west asia politics and global events updates Hindi News
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
बांग्लादेश की गंभीर रूप से बीमार पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया को इलाज के लिए लंदन ले जाने के लिए तैयार किया गया एयर एम्बुलेंस मंगलवार को ढाका में उतरेगा। विमानन अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। समाचार पोर्टल बीडीन्यूज24.कॉम की रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (सीएएबी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि विमान को मंगलवार को सुबह 8 बजे लैंडिंग का समय दिया गया है। उसी दिन रात 9 बजे प्रस्थान होगा।
विज्ञापन


रिपोर्ट के अनुसार कतर सरकार ने लंबी दूरी की चिकित्सा निकासी के लिए एक एयर एम्बुलेंस का विकल्प चुनने के बाद जर्मनी स्थित एफएआई एविएशन ग्रुप से विमान किराए पर लेकर इसकी व्यवस्था की है। एफएआई एविएशन ग्रुप के प्रारंभिक आवेदन में मंगलवार को उतरने और बुधवार को लंदन के लिए प्रस्थान करने की मंजूरी मांगी गई थी।
विज्ञापन


22 दिसंबर से भारत में वीजा आवेदन प्रणाली शुरू कर रहा चीन
चीनी दूतावास 22 दिसंबर से भारत में ऑनलाइन वीजा आवेदन प्रणाली शुरू करने जा रहा है। यह जानकारी सोमवार को चीन के भारत में राजदूत शू फीहोंग ने दी। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि आवेदक https://visaforchina.cn/DEL3_EN/qianzhengyewu पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे और अपने आवेदन से जुड़े दस्तावेज अपलोड कर सकेंगे। उन्होंने कहा, ऑनलाइन वीजा प्रक्रिया 22 दिसंबर 2025 से आधिकारिक रूप से शुरू हो जाएगी। आवेदक फॉर्म भरने और दस्तावेज अपलोड करने की सुविधा ऑनलाइन ले सकेंगे। 
विज्ञापन
विज्ञापन


नई दिल्ली में चीनी वीजा आवेदन सेवा केंद्र का समय सोमवार से शुक्रवार सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक रहेगा। संपर्क नंबर +91-9999036735 है। पता: कंकर्स फ्लोर, शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन, बाबा खरक सिंह मार्ग, कनॉट प्लेस, नई दिल्ली-110001।

प्रवासी ईरानियों को लेकर रवाना हुआ दूसरा अमेरिकी विमान
अमेरिका से निकाले गए ईरानियों का दूसरा विमान अमेरिका से रवाना हो गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, वॉशिंगटन सैकड़ों कैदियों को भी ईरान वापस भेजने की तैयारी कर रहा है। ईरानी अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 

ईरानी लोगों का निर्वासन ऐसे समय में हो रहा है, जब दोनों देशों के संबंधों में तनाव बना हुआ है। जून में तेहरान और इस्राइल के बीच 12 दिन की जंग के दौरान अमेरिका ने ईरान के परमाणु ठिकानों पर बमबारी की थी, जिसके बाद हालात और बिगड़ गए थे।

हैदराबाद: डकैती के आरोप में पांच नेपाली पकड़े
हैदराबाद पुलिस ने बताया कि पिछले महीने यहां एक रिटायर्ड आर्मी कैप्टन के घर में कथित तौर पर घुसकर सोने के गहने और कैश लूटने वाले पांच नेपाली नागरिकों को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया।एक रिलीज में कहा गया कि भरोसेमंद खुफिया जानकारी के आधार पर कमिश्नर की टास्क फोर्स ने कारखाना पुलिस स्टेशन की सीमा में 13 सदस्यों वाले नेपाली गैंग के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।

डीसीपी (टास्क फोर्स) गायकवाड़ वैभव रघुनाथ ने बताया कि गैंग ने 15-16 नवंबर की रात को रिटायर्ड कैप्टन को जबरन बंधक बना लिया और लूट का सामान लेकर फरार होने से पहले उन पर हमला किया – लगभग 23 तोला सोने के गहने और 95,000 रुपये कैश। पुलिस ने आरोपियों के पास से 73.35 ग्राम सोने के गहने, 22.90 ग्राम चांदी के गहने, 43,050 रुपये कैश और पांच सेल फोन जब्त किए। गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों में से चार सिक्योरिटी गार्ड का काम करते थे। गैंग के आठ और सदस्य, जो सभी नेपाल के हैं, फरार हैं और उन्हें पकड़ने की कोशिश की जा रही है।

पाकिस्तान : पानी और सफाई पर सिंध विधानसभा में हंगामा
पाकिस्तान की सिंध विधानसभा में परिवहन, पानी और सफाई पर तीखी बहस हुई, जहां विपक्ष ने कराची और हैदराबाद में बिगड़ते यातायात की आलोचना की, जबकि सरकार ने प्रमुख मार्गों पर सार्वजनिक परिवहन विस्तार का वादा दोहराया। इस दौरान जनरल आसिम मुनीर को देश का पहला चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज बनने की बधाई देने पर राजनीतिक दल बंटे नजर आए। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के समर्थित सदस्यों ने शर्म करो के नारे लगाए। हंगामे को देख स्पीकर सैयद अवैस कादिर शाह कादिर शाह ने सदन की कार्यवाही सोमवार तक स्थगित कर दी।

बांग्लादेश में छात्रों की पार्टी एनसीपी ने किया गठबंधन
बांग्लादेश में अगले साल फरवरी में होने वाले आम चुनाव से पहले छात्रों के नेतृत्व वाली पार्टी एनसीपी ने रविवार को जमात-ए-इस्लामी से अलग हुए दल अमर बांग्लादेश पार्टी और राष्ट्र संस्कार आंदोलन के साथ मिलकर एक नया गठबंधन बनाया है। इस गठबंधन का नाम गणतांत्रिक संस्कार जोट रखा गया है।

ऑस्ट्रेलिया: भीषण आग से दो राज्यों में 40 घरों तबाह, एक दमकल कर्मी की मौत
ऑस्ट्रेलिया के दो राज्यों में लगी भीषण आग ने 40 घरों को तबाह कर दिया और एक दमकल कर्मी की मौत हो गई। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। 

ग्रामीण दमकल सेवा आयुक्त ट्रंट कर्टिन ने बताया कि न्यू साउथ वेल्स के बुलाहडेह शहर के पास लगी आग को काबू में करते समय रविवार को 59 वर्षीय दमकल कर्मी की मौत हो गई। इस आग में 3,500 हेक्टेयर जंगल और चार घर नष्ट हो गए। 

इंडोनेशियाई राष्ट्रपति सुबिआंतो आज से पाकिस्तान के दौरे पर
इंडोनेशियाई राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो सोमवार से पाकिस्तान की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा शुरू करेंगे। पाकिस्तान के विदेश मामलों के कार्यालय ने बताया कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में हो रही है। सुबिआंतो पीएम शहबाज शरीफ के निमंत्रण पर उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ आ रहे हैं। वह शरीफ और राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी व सेना प्रमुख आसिम मुनीर से मिलेंगे। 

ब्रिटेन: 171 डिलीवरी राइडर गिरफ्तार, कई भारतीय भी
ब्रिटिश सरकार ने बताया है कि ब्रिटेन भर में चलाए गए एक अभियान में 171 डिलीवरी राइडरों को अवैध रूप से काम करते हुए पकड़ा गया है, जिनमें भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। इन सभी को देश से निर्वासित करने के लिए हिरासत में लिया गया है। गृह ऑफिस की इमिग्रेशन एनफोर्समेंट टीमों ने पिछले महीने ऑपरेशन इक्वलाइज चलाया था। इसके तहत न्यूहैम (पूर्वी लंदन) और नॉर्विच समेत कई शहरों में छापे मारे गए।

भारतीय सेना ने श्रीलंका में 1250 से अधिक लोगों का किया इलाज
चक्रवात दित्वाह से प्रभावित श्रीलंका में भारत की तरफ से चलाए जा रहे राहत-बचाव अभियान सागर बंधु के तहत पीड़ितों को व्यापक तौर पर मदद मिल रही है। भारतीय सेना के मुताबिक, उसके फील्ड अस्पताल ने 1250 से अधिक लोगों का इलाज किया और पांच आपात सर्जरी भी की। एडीजीपीआई ने सोशल मीडिया पर बताया कि चक्रवात दित्वाह से हुई तबाही के बाद तीन बेली पुल श्रीलंका भेजे गए। श्रीलंकाई प्रशासन के साथ मिलकर इनके निर्माण के लिए उपयुक्त जगह तय की गई, ताकि टूटा हुआ सड़क संपर्क बहाल हो और राहत कार्य तेज हों। दित्वाह चक्रवात के चलते श्रीलंका में अब तक 627 लोगों की मौत हो चुकी है और करीब 500 से ज्यादा गंभीर हैं।

World News Hindi Asia Pakistan china europe us uk west asia politics and global events updates Hindi News
पुतिन ने विमान में पढ़ी श्रीमदभगवदगीता - फोटो : अमर उजाला प्रिंट/एक्स
पुतिन ने विमान में पढ़ी श्रीमदभगवदगीता
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन रविवार को विमान के अंदर श्रीमदभगवदगीता पढ़ते नजर आए। पुतिन को भारत दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूसी भाषा में अनूदित गीता उपहारस्वरूप भेंट की थी। इस बारे में रूसी सेना ने सोशल मीडिया पर लिखा, श्रीमदभगवदगीता पढ़ते हुए राष्ट्रपति पुतिन। श्रीमदभगवदगीता भारत द्वारा दिया गया एक सुंदर उपहार है। 

चीन ने जापान के दो विमानों को कर दिया रडार लॉक, बढ़ा तनाव
जापान और चीन के बीच एक बार फिर तनाव देखने को मिला है। रविवार को जापान ने चीन पर उनके दो विमानों को रडार लॉक करने का आरोप लगाया। जापान के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि शनिवार को चीन के लियाओनिंग जहाज से उड़े जे-15 सैन्य विमानों ने दो बार जापानी एफ-15 फाइटर जेटों पर रडार लॉक किया। मंत्रालय ने कहा कि हमने अपने विमानों को चीनी विमानों का पीछा करने भेजा था, क्योंकि चीन के विमान प्रशांत महासागर में विमान टेकऑफ और लैंडिंग अभ्यास कर रहे थे।

नेपाल: जेन-जी प्रदर्शनों के 45 शहीदों की सूची
नेपाल की अंतरिम सरकार ने सोमवार को सभी जिला प्रशासन कार्यालयों को उन 45 व्यक्तियों के नाम प्रदर्शित करने का निर्देश दिया है, जिन्हें शहीद घोषित किया गया है। ये लोग सितंबर में हुए जेन-जी विरोध प्रदर्शनों के दौरान मारे गए थे। इन प्रदर्शनों के कारण ही केपी शर्मा ओली के नेतृत्व वाली सरकार का पतन हुआ था। सुशीला कार्की के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने पिछले सप्ताह 45 लोगों को शहीद के रूप में मान्यता दी थी। गृह मंत्री ओम प्रकाश आर्याल ने सभी 77 जिलों के मुख्य जिला अधिकारी (सीडीओ) के ऑफिस में तीन दिनों के भीतर सूची प्रदर्शित करने का निर्देश दिया है। सरकार ने 8 सितंबर को जेन-जी शहीद दिवस के रूप में मनाने का भी फैसला किया है।

नेपाल में एयरपोर्ट के निर्माण में भ्रष्टाचार पर चीनी कंपनी पर केस
नेपाल की भ्रष्टाचार विरोधी संस्था, कमीशन फॉर इन्वेस्टिगेशन ऑफ एब्यूज ऑफ अथॉरिटी (सीआईएए) ने पोखरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण को लेकर चीनी कंपनी सहित 55 आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार का केस दर्ज किया है। एक विशेष अदालत में मुकदमा दर्ज करते हुए सीआईएए ने चाइना सीएएमसी इंजीनियरिंग और 54 अन्य को आरोपी बनाया है। सीएमसी इंजीनियरिंग, चीनी कंपनी सिनोमैक के निर्माण प्रभाग की कंपनी है। आरोप है कि ठेकेदार और कंपनी ने गलत इरादे से काम किया। 

लूव्र संग्रहालय में कामकाज और सुरक्षा को लेकर कर्मचारी हड़ताल पर
फ्रांस के प्रसिद्ध लूव्र संग्रहालय में काम करने वाले कर्मचारियों ने अगले सोमवार से हड़ताल करने का फैसला किया है। इसका कारण है काम की खराब परिस्थितियां, यूरोप के बाहर के पर्यटकों के लिए टिकट दाम बढ़ाना और सुरक्षा में खामियां, जिनका बड़ा खुलासा इसी साल अक्टूबर में हुए 102 मिलियन डॉलर के हीरे-जवाहरात की चोरी से हुआ।

कर्मचारी यूनियनों CGT, CFDT और Sud ने फ्रांस की संस्कृति मंत्री को भेजे पत्र में लिखा कि आज लूव्र घूमना करोड़ों पर्यटकों के लिए एक बड़ा संघर्ष जैसा हो गया है। उनका कहना है कि संग्रहालय संकट में है, संसाधन कम हैं और कर्मचारियों के कामकाज की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed