फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News hindi Asia Pakistan china europe us uk west asia politics and global events News updates in hindi

World Updates: मार्च में बांग्लादेश की नई संसद का पहला सत्र; नेपाल में 4.1 तीव्रता का भूकंप, कोई हताहत नहीं

Sun, 22 Feb 2026 09:04 PM IST
शिवम गर्ग वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: शिवम गर्ग Updated Sun, 22 Feb 2026 09:04 PM IST
विज्ञापन
World News hindi Asia Pakistan china europe us uk west asia politics and global events News updates in hindi
world updates - फोटो : अमर उजाला

बांग्लादेश की 13वीं संसद का पहला सत्र मार्च के दूसरे हफ्ते में शुरू होने की संभावना है। यह जानकारी सलाहुद्दीन अहमद, प्रधानमंत्री तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बीएनपी के प्रवक्ता ने दी। सलाहुद्दीन अहमद ने बताया कि संसद का पहला सत्र 12 मार्च या उससे कुछ दिन पहले शुरू हो सकता है। इस सत्र में अंतरिम सरकार के अध्यादेश और संवेदनशील प्रस्ताव पेश किए जाएंगे।

विज्ञापन


हाल ही में 12 फरवरी को हुए चुनाव में बीएनपी ने दो-तिहाई बहुमत हासिल किया और जामात-ए-इस्लामी मुख्य विपक्ष के रूप में उभरी। 17 फरवरी को सांसदों ने शपथ ली और उसी दिन पीएम रहमान और उनके मंत्रिमंडल ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। संविधान के अनुसार, राष्ट्रपति मोहम्मद शाहाबुद्दीन को चुनाव परिणाम की गज़ट अधिसूचना के 30 दिनों के भीतर संसद का उद्घाटन सत्र बुलाना अनिवार्य है। हालांकि, नए सत्र की अध्यक्षता कौन करेगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
विज्ञापन


ट्रंप अगले महीने जाएंगे चीन की यात्रा पर, टैरिफ पर रहेगा फोकस
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 31 मार्च से दो अप्रैल तक चीन की यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान ट्रंप अपने चीनी समकक्ष शी जिनफिंग से मुलाकात करेंगे और टैरिफ समेत कई मुद्दों पर चर्चा करेंगे। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को इस यात्रा की पुष्टि की। यह यात्रा ऐसे समय में घोषित की गई है, जब सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप की ओर से आयातित वस्तुओं पर लगाए गए शुल्कों (टैरिफ) को रद्द कर दिया है। इनमें चीन के खिलाफ लगाए गए कुछ शुल्क भी शामिल थे।
विज्ञापन
विज्ञापन


वेनेजुएला: 379 राजनीतिक कैदियों की जल्द रिहाई, विरोधी नेताओं को राहत
वेनेजुएला में राजनीतिक कारणों से कैद 379 लोगों को इस सप्ताहांत रिहा किया जा सकता है। यह रिहाई हाल ही में पारित आम क्षमा कानून के तहत की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि इस कानून के तहत विपक्षी सदस्य, कार्यकर्ता, मानवाधिकार रक्षक, पत्रकार और कई अन्य कैदियों को लाभ मिलेगा। विशेष आयोग के अध्यक्ष जॉर्ज अरेजा ने कहा कि 379 क्षमा आवेदन प्राप्त हुए हैं और शुक्रवार से शनिवार तक रिहाई की प्रक्रिया पूरी होगी।

कानून के तहत हत्या, मादक पदार्थ तस्करी, गंभीर मानवाधिकार उल्लंघन और सैन्य विद्रोह में दोषी पाए गए लोग शामिल नहीं हैं। फोरो पेनाल के अध्यक्ष अल्फ्रेडो रोमेरो ने कहा कि यह असमान और असंवैधानिक है कि कुछ राजनीतिक कैदियों को बाहर रखा गया है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि सभी राजनीतिक कैदियों पर कानून लागू होना चाहिए।  वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने कहा कि यह कानून राजनीतिक नेताओं की सहिष्णुता बढ़ाने और देश में नए राजनीतिक मार्ग खोलने का संकेत है।

सेंट फ्रांसिस की हड्डियां पहली बार जनता के लिए प्रदर्शित
सेंट फ्रांसिस ऑफ असिसी की हड्डियों का सार्वजनिक प्रदर्शन शुरू हो गया है। यह मध्यकालीन संत (जिन्होंने पोप फ्रांसिस और कई ईसाइयों को प्रेरित किया) की 800वीं पुण्यतिथि के अवसर पर किया जा रहा है। असिसी के मेयर वाल्टर स्टॉपिनी ने कहा कि यह आयोजन शहर के लिए एक मिश्रित आशीर्वाद है। पहले ही लगभग 4 लाख श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है और उम्मीद है कि यह संख्या मार्च 22 तक 5 लाख तक पहुंच सकती है।

शहर में 400 स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है, जो श्रद्धालुओं को सुरक्षा के साथ बैसिलिका तक ले जाएंगे। यह आयोजन शहर के संकरे और सीमित संसाधनों वाले केंद्र पर दबाव डालेगा, लेकिन स्थानीय लोग ऐसे बड़े धार्मिक कार्यक्रमों के आदी हैं। स्टॉपिनी ने कहा हम बड़े आयोजन के लिए तैयार हैं, लेकिन यह महीने भर चलने वाला है, इसलिए थोड़ी चिंता है। पर स्थिति नियंत्रित है।

अमेरिकी दबाव में वेनेजुएला ने क्यूबा के सुरक्षा बलों को हटाया
वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज की सरकार पर अमेरिका की ओर से लैटिन अमेरिका के सबसे महत्वपूर्ण वामपंथी गठबंधन को खत्म करने के लिए दबाव डाला जा रहा है। इसके कारण क्यूबा के सुरक्षा सलाहकार और डॉक्टर वेनेजुएला छोड़ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने अपनी सुरक्षा के लिए वेनेजुएला के अंगरक्षकों को नियुक्त किया है।

माइक्रोसॉफ्ट गेमिंग की सीईओ बनीं भारतवंशी आशा शर्मा
दिग्गज प्रौद्योगिकी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने भारतीय मूल की आशा शर्मा को अपनी गेमिंग इकाई माइक्रोसॉफ्ट गेमिंग की कार्यकारी उपाध्यक्ष और सीईओ नियुक्त किया है। माइक्रोसॉफ्ट के चेयरमैन सत्या नडेला ने आशा शर्मा की नियुक्ति की घोषणा की।

लेबनान पर इस्राइली हमले में हिजबुल्ला नेता समेत 14 मरे
लेबनान के पूर्वी बेका घाटी में इस्राइली हमले में हिजबुल्ला के वरिष्ठ नेता समेत 14 लोग मारे गए। हमले में कम से कम 50 लोग घायल हुए हैं जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। लेबनान में हमले ऐसे समय में किए गए हैं जब परमाणु समझौते के मुद्दे पर ईरान व अमेरिका के बीच तनाव के कारण पश्चिम एशिया में अशांति का खतरा बढ़ गया है।

अग्निकांड पीड़ितों के क्षतिग्रस्त घरों को खरीदेगी हांगकांग सरकार
हांगकांग की सरकार ने अग्निकांड के पीड़ितों के लिए पुनर्वास योजना का एलान किया है। इसके तहत लोगों से बुरी तरह जल चुके उनके अपार्टमेंट्स के मालिकाना हक खरीदने की पेशकश की गई है। सरकार का लक्ष्य प्रभावित लोगों को वित्तीय रूप से स्वतंत्र करना है ताकि वे कहीं और अपनी पसंद का घर ले सकें। नवंबर 2025 में वांग फुक कोर्ट में आवासीय परिसर में लगी भीषण आग ने 1948 के बाद की सबसे बड़ी तबाही मचाई थी, जिसमें 128 से अधिक लोग मारे गए और हजारों बेघर हो गए थे।

पाकिस्तान में लगातार दूसरे दिन आया भूकंप, कोई हताहत नहीं
पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में शनिवार को 4.4 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इससे पहले शुक्रवार को यहां 5.9 तीव्रता का झटका महसूस हुआ था। राष्ट्रीय भूकंपीय निगरानी केंद्र के अनुसार, सुबह 9:30 बजे आए भूकंप का केंद्र सतह से 14 किमी की गहराई पर था। इसका अधिकेंद्र (एपिसेंटर) अटक के बुरहान से 11 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित था। हालांकि, भूकंप से किसी के हताहत होने या नुकसान की कोई खबर नहीं है। 

श्रीलंका: बौद्ध धर्म को बदनाम करने के लिए चल रहा अभियान- धर्मगुरु
श्रीलंका में बौद्ध धर्मगुरुओं ने कुछ स्वार्थी लोगों पर बौद्ध धर्म और भिक्षुओं को बदनाम करने के लिए अभियान चलाने का आरोप लगाया और 10 सूत्रीय अल्टीमेटम जारी कर सरकार से तत्काल इस मुद्दे पर ध्यान देने की अपील की। श्रीलंका में पुरातात्विक स्थलों की सुरक्षा और भिक्षुओं की अवैध गिरफ्तारी समेत कई मुद्दों को लेकर बौद्ध भिक्षुओं और सरकार के बीच तनातनी बनी हुई है। प्रमुख भिक्षु मुरुत्थेत्तुवे आनंद ने बताया कि पिछले दिनों देशभर के भिक्षुओं ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन का आह्वान किया था लेकिन राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके के अनुरोध पर प्रदर्शन रोक दिया गया।

अमेरिकी निर्वासन के बाद समलैंगिक महिला की मुश्किलें
एक 21 वर्षीय समलैंगिक महिला फराह की कहानी सामने आई है, जिसे अमेरिका से निर्वासित कर ऐसे देश भेज दिया गया जहां समलैंगिकता गैरकानूनी है। फराह मोरक्को की रहने वाली हैं और उन्होंने बताया कि अपने परिवार से हिंसा और जान के खतरे के कारण उन्हें देश छोड़ना पड़ा था। फराह अपने साथी के साथ कई देशों से गुजरते हुए अमेरिका पहुंची थीं और वहां शरण मांगी थी। उन्हें लगभग एक साल तक हिरासत में रखा गया। हालांकि एक अमेरिकी इमिग्रेशन जज ने आदेश दिया था कि उन्हें मोरक्को वापस नहीं भेजा जा सकता क्योंकि वहां उनकी जान को खतरा है।

फिर भी फराह का दावा है कि उन्हें अचानक हथकड़ी लगाकर पहले कैमरून भेजा गया, जहां भी समलैंगिकता अपराध है। वहां से अंततः उन्हें फिर मोरक्को भेज दिया गया। फराह अब छिपकर रह रही हैं और कहती हैं कि उन्हें हमेशा डर रहता है कि परिवार उन्हें ढूंढकर नुकसान पहुंचा सकता है। उनकी यह कहानी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मानवाधिकार और निर्वासन नीतियों पर सवाल खड़े कर रही है।

नेपाल में 4.1 तीव्रता का भूकंप
नेपाल के कोशी प्रांत में रविवार सुबह हल्का भूकंप महसूस किया गया। राष्ट्रीय भूकंप निगरानी एवं अनुसंधान केंद्र के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.1 दर्ज की गई। इसका केंद्र संखुवासभा जिले के रितक क्षेत्र में सुबह 7:31 बजे स्थित था। भूकंप के झटके आसपास के तपलेजुंग और भोजपुर जिलों में भी महसूस किए गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि कहीं से भी जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है।

नेपाल भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील देशों में शामिल है और दुनिया में 11वें स्थान पर आता है। इससे पहले 11 जनवरी को भी लमजुंग जिले के पास 3.9 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के हल्के भूकंप बड़े भूकंपों के संकेत नहीं होते, लेकिन यह देश की भूकंपीय सक्रियता को दर्शाते हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आपदा सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।
 

कीव के पास रूस का मिसाइल-ड्रोन हमला
यूक्रेन की राजधानी कीव के आसपास रूस ने मिसाइल और ड्रोन से बड़ा हमला किया, जिसमें कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई। यूक्रेन की आपातकालीन सेवा ने बताया कि इस हमले में कई इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं और अलग-अलग इलाकों में आग लग गई। मलबे में फंसे आठ लोगों को बचाया गया, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है।

हमले का सबसे ज्यादा असर कीव के बाहरी जिलों जैसे ओबुखिव, ब्रावरी, बोरिस्पिल, बुचा और फास्टिव में देखा गया। फास्टिव जिले के एक गांव में राहत टीमों ने घंटों तक मलबा हटाकर लोगों को बचाने का काम किया। इसके अलावा रूस ने दक्षिणी ओडेसा क्षेत्र में ऊर्जा ढांचे को भी निशाना बनाया, जिससे बड़ी आग लग गई और बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई। लगभग चार साल पहले शुरू हुए रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान यूक्रेनी नागरिक लगातार हवाई हमलों का सामना कर रहे हैं। हाल के महीनों में रूस ने खास तौर पर बिजली और ऊर्जा सिस्टम को निशाना बनाना बढ़ा दिया है, जिससे कड़ाके की सर्दी में लोगों को बिजली और हीटिंग की भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

पाकिस्तान: सिंध प्रांत के नौ मजदूरों का बलूचिस्तान में अपहरण
पाकिस्तान में अज्ञात हथियारबंद लोगों ने पिछले 24 घंटों के दौरान बलूचिस्तान प्रांत के बरखान और खुजदार जिलों से नौ मजदूरों का अपहरण कर लिया है। दोनों ही मामलों में स्थल निजी कंपनियों के स्वामित्व में थे और मजदूर सिंध प्रांत के थे। खुजदार के उपायुक्त कार्यालय में मुहम्मद सिराज ने बताया कि शनिवार रात को हथियारबंद लोग खुजदार के सुदूर मूला इलाके में एक निर्माण शिविर में पहुंचे और मजदूरों की पहचान करने के बाद उनमें से छह को एक डबल केबिन वाहन में बिठाकर ले गए।

रविवार की सुबह हुई दूसरी घटना में हथियारबंद लोग भरकान जिले के धोला नदी इलाके में एक निर्माण स्थल में घुस गए और तीन मजदूरों को अगवा कर लिया। बलूचिस्तान में विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए कार्यरत अन्य प्रांतों के श्रमिकों का अपहरण और कई मामलों में उनकी हत्याएं एक आम घटना बन गई हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed