USA: 'मुझे पता है, सच कैसे बोलना है', बाइडन का पीछे हटने से इनकार, नए विज्ञापन से ट्रंप पर बोला हमला
बाइडन ने कहा कि 'आपने पिछली बहस देखी, उस बहस में ट्रंप ने अधिकतर बातें झूठ बोलीं थी, जिसमें उन्होंने अमेरिकी अर्थव्यवस्था को बेहतर करने और कोरोना महामारी से सही तरीके से निपटने का दावा किया था, जो कि एक झूठ था।'
विस्तार
नए प्रचार वीडियो में ट्रंप पर लगाया झूठ बोलने का आरोप
नए प्रचार वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए जो बाइडन ने कैप्शन में लिखा कि 'साथियों, मैं जानता हूं कि मैं युवा नहीं हूं, लेकिन मुझे पता है कि जिम्मेदारी कैसे निभानी है। मुझे पता है कि सच कैसे बोलना है, लेकिन डोनाल्ड ट्रंप ये नहीं जानते।' इस प्रचार वीडियो में अटलांटा में हुई बाइडन और ट्रंप की बहस पर ही फोकस किया गया है। वीडियो में बाइडन कहते सुने जा सकते हैं कि आपने पिछली बहस देखी, उस बहस में ट्रंप ने अधिकतर बातें झूठ बोलीं थी, जिसमें उन्होंने अमेरिकी अर्थव्यवस्था को बेहतर करने और कोरोना महामारी से सही तरीके से निपटने का दावा किया था, जो कि एक झूठ था। बाइडन ने कहा कि सबसे बड़ा झूठ जो उन्होंने बोला कि उनका कैपिटल हिल दंगे में कोई हाथ नहीं था।
Folks, I know I’m not a young man, but I know how to do this job.
— Joe Biden (@JoeBiden) July 1, 2024
I know how to tell the truth. Donald Trump does not.
Watch our new ad. pic.twitter.com/xhOD1KfGfO
'मुझे पता है कि क्या सही है और क्या गलत'
गौरतलब है कि इस प्रचार वीडियो में ट्रंप का एक पुराना फुटेज दिखाया गया, जिसमें वह प्रदर्शनकारियों को कैपिटल हिल की तरफ मार्च करने और उकसाने की कोशिश कर रहे हैं। बाइडन ने कहा कि पुलिस पर हमला किया गया, संसद में तोड़फोड़ की गई, लेकिन ट्रंप ने इसे रोकने के लिए कुछ भी नहीं किया। इसके बाद बाइडन ने कहा कि 'मैं जानता हूं कि मैं अब युवा नहीं रहा, लेकिन मैं जानता हूं कि काम कैसे किया जाता है। मैं जानता हूं कि सच कैसे बोलना है, मुझे पता है कि क्या सही है और क्या गलत। मुझे पता है कि जब आपको ठोकर लगती है तो कैसे फिर से मजबूती के साथ खड़े होना है।'