US: अमेरिका ने इराक युद्ध के अध्याय को बंद करने की ओर बढ़ाया ऐतिहासिक कदम, सीनेट में प्रस्ताव पारित
दो दशक बाद अमेरिका ने 2003 के इराक युद्ध को कानूनी रूप से खत्म करने की ऐतिहासिक पहल की है। सीनेट ने उस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से रद्द कर दिया जिससे इराक पर हमला शुरू हुआ था। यह कदम सीनेटर टिम केन और टॉड यंग द्वारा लाए गए संशोधन के तहत लिया गया। युद्ध में 5,000 अमेरिकी सैनिक और लाखों इराकी मारे गए थे।
विस्तार
दो दशकों बाद अमेरिका ने 2003 के इराक युद्ध को कानूनी रूप से समाप्त करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है। अमेरिकी सीनेट ने गुरुवार को उस प्रस्ताव को रद्द कर दिया, जिससे इराक पर अमेरिकी हमला शुरू हुआ था। यह फैसला वर्जीनिया के डेमोक्रेट सीनेटर टिम केन और इंडियाना के रिपब्लिकन सीनेटर टॉड यंग के संशोधन के तहत लिया गया, जिसे सीनेट ने सर्वसम्मति से पारित किया। इससे पहले हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स ने भी इसे मंजूरी दी थी। अब अंतिम कानून बनने की प्रक्रिया चल रही है।
यह प्रस्ताव वर्जीनिया से डेमोक्रेटिक सीनेटर टिम केन और इंडियाना से रिपब्लिकन सीनेटर टॉड यंग द्वारा लाया गया था। इसे वार्षिक रक्षा विधेयक के तहत बिना किसी विरोध के मंजूरी दे दी गई। बता दें कि इराक युद्ध में करीब 5,000 अमेरिकी सैनिक मारे गए थे और लाखों इराकियों की जान गई थी। युद्ध की शुरुआत उस समय हुई थी जब तात्कालिक अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश की सरकार ने दावा किया था कि इराक के राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन के पास विनाशकारी हथियार हैं। हालांकि ये बात बाद में झूठा साबित हुआ।
ये भी पढ़ें:- Nobel Peace Prize 2025: आज उठेगा विजेता के नाम से पर्दा, ट्रंप के साथ कौन-कौन दावेदारों सूची में आगे?
क्या है इस प्रस्ताव का उद्देश्य, समझिए
इस प्रस्ताव को पारित करने का मुख्य उद्देश्य यह है कि भविष्य में कोई भी सरकार युद्ध शुरू करने के लिए पुराने और अप्रासंगिक कानूनों का इस्तेमाल न कर सके। साथ ही यह भी संकेत दिया गया है कि अब इराक अमेरिका का दुश्मन नहीं, बल्कि रणनीतिक साझेदार है।
इस प्रस्ताव को निचले सदन के संयुक्त बिल में किया जाएगा शामिल
अब इस प्रस्ताव को सीनेट और हाउस (निचले सदन) के संयुक्त बिल में शामिल किया जाएगा। हालांकि, यह साफ नहीं है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस प्रस्ताव पर क्या रुख अपनाएंगे, क्योंकि 2020 में ईरानी जनरल सुलेमानी की हत्या के लिए उनकी सरकार ने इसी 2002 के इराक प्रस्ताव का कानूनी हवाला दिया था। हालांकि सीनेटर यंग ने उम्मीद जताई कि ट्रंप इसे समर्थन देंगे, क्योंकि उन्होंने फॉरएवर वॉर यानी अनंतकाल तक चलने वाले युद्धों को खत्म करने की बात कही थी।
युद्ध खत्म करने वाले इस विधेयक को लेकर सीनेटर टिम केन ने कहा कि यही तरीका होता है युद्ध खत्म होने का, शोर के साथ नहीं, बल्कि खामोशी से। उन्होंने यह भी कहा कि इस युद्ध ने अमेरिका और मध्य पूर्व दोनों को हमेशा के लिए बदल दिया है।
ये भी पढ़ें:- Pakistan: अमेरिका ने पाकिस्तान को दिया बड़ा झटका, नई आधुनिक मिसाइलें देने से किया साफ इनकार