{"_id":"67310285360987c5de0f40b3","slug":"us-president-elect-donald-trump-swearing-in-ceremony-committee-formed-for-preparations-2024-11-11","type":"story","status":"publish","title_hn":"डोनाल्ड ट्रंप का शपथ ग्रहण समारोह: दूसरी और अंतिम पारी यादगार बनाने की कवायद, योजना बनाने के लिए समिति गठित","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
डोनाल्ड ट्रंप का शपथ ग्रहण समारोह: दूसरी और अंतिम पारी यादगार बनाने की कवायद, योजना बनाने के लिए समिति गठित
Mon, 11 Nov 2024 12:29 AM IST
ज्योति भास्कर
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
Published by: ज्योति भास्कर
Updated Mon, 11 Nov 2024 12:29 AM IST
सार
डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के राष्ट्रपति के रूप में 20 जनवरी, 2025 को शपथ लेंगे। ट्रंप की दूसरी और अंतिम पारी यादगार बनाने की कवायद हो रही है। शपथ ग्रहण समारोह से जुड़ी योजनाएं बनाने के लिए समिति गठित की गई है।
विज्ञापन
डोनाल्ड ट्रंप (फाइल)
- फोटो : पीटीआई
विस्तार
अमेरिका के निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 20 जनवरी, 2025 को होने वाले अपने शपथ ग्रहण समारोह की योजना बनाने व अन्य आयोजनों के लिए एक समिति के गठन की शनिवार को घोषणा की। ट्रंप वेंस इनॉगरल कमेटी शपथ ग्रहण कार्यक्रम की योजना बनाएगी। इस समिति की सह-अध्यक्षता ट्रंप के करीबी मित्र स्टीव विटकॉफ व सीनेटर केली लोफ्लर करेंगे। शपथग्रहण समारोह से पहले छह जनवरी को संसद इलेक्टोरल वोटों का सत्यापन करेगी। ट्रंप ने कहा, यह मेरे प्रशासन की शुरुआत होगी, जो अमेरिका को फिर से महान बनाने के अपने वादों को पूरा करेगा। हम साथ मिलकर इस पल का जश्न मनाएंगे और फिर अपने लोगों के लिए काम करेंगे।
विज्ञापन
निकी व पोंपियो को इस बार नहीं मिलेगी प्रशासन में जगह
शपथ ग्रहण को यादगार बनाने के अलावा मेहमानों और ट्रंप के प्रशासन में शामिल होने वाले संभावित लोगों पर भी बात हो रही है। इसी बीच ट्रंप ने कहा कि वह अपने नए प्रशासन में शामिल होने के लिए पूर्व राजदूत निक्की हेली व पूर्व विदेश मंत्री माइक पोंपियो को आमंत्रित नहीं करेंगे। राष्ट्रपति पद के लिए रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से प्रत्याशी चयन के लिए होने वाले प्राइमरी चुनाव में निक्की हेली ट्रंप की आखिरी प्रतिद्वंद्वी थीं। हालांकि, उन्होंने बाद में ट्रंप का पुरजोर समर्थन किया था। पोंपियो पर ट्रंप के समर्थकों ने चुनाव अभियान के दौरान अपेक्षित समर्थन नहीं करने का आरोप लगाया था।
विज्ञापन
अमेरिका में कैसा रहा राष्ट्रपति चुनाव का परिणाम
इससे पहले बीते छह नवंबर को सामने आए चुनाव परिणाम में रिपब्लिकन प्रत्याशी ट्रंप को शानदार जीत मिली। कुल 538 में बहुमत के लिए 270 या इससे अधिक वोट जरूरी होते हैं। ट्रंप को 301 इलेक्टोरल कॉलेज वोट मिले हैं। डेमोक्रेट प्रतिद्वंद्वी कमला हैरिस को 226 वोट मिले। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक लगभग 93 फीसदी वोट गिने जा चुके हैं। वोट प्रतिशत के मामले में ट्रंप को 50.6% वोट मिले हैं। कमला हैरिस को 47.9% वोट मिले हैं।
विज्ञापन