California: भारतीयों के अपहरण का संदिग्ध गंभीर हालत में गिरफ्तार, चारों अपहृतों का सुराग नहीं
मामले में 48 साल के एक संदिग्ध आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। वह हिरासत में है और गंभीर स्थिति में है, हालांकि पीड़ित अभी भी लापता हैं। इस परिवार का वाहन सोमवार देर रात जली हुई हालत में मिला। अपहृत परिवार मूल रूप से पंजाब के होशियारपुर के हरसी पिंड का रहने वाला है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अमेरिका के कैलिफोर्निया प्रांत के मर्सिड शहर में सोमवार को चार भारतवंशियों के अपहरण के मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। वह खुद भी गंभीर हालत में मिला है, उससे पूछताछ जारी है। चारों अपहृत सिख परिवार के हैं। उनमें दंपती और उनकी आठ माह की मासूम बच्ची व उनका एक रिश्तेदार शामिल है। उनका अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
मर्सिड काउंटी के शेरिफ कार्यालय के अनुसार 36 साल के जसदीप सिंह, 27 साल की उनकी पत्नी जसलीन कौर, उनकी आठ माह की बच्ची आरुही और 39 साल के अमनदीप सिंह का अपहरण किया गया है। मामले में 48 साल के एक संदिग्ध आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। वह हिरासत में है और गंभीर स्थिति में है, पीड़ित अभी भी लापता हैं।
कार जली हालत में मिली, पंजाब का रहने वाला है परिवार
अपहृत परिवार मूल रूप से पंजाब के होशियारपुर के हरसी पिंड के रहने वाला है। उनकी कार सोमवार देर रात जली हुई हालत में मिली। जासूसों ने अमेरिकी पुलिस को मंगलवार सुबह बताया कि मर्सिड काउंटी के एटवाटर में एक एटीएम में अपहृत लोगों में से एक के बैंक एटीएम कार्ड का इस्तेमाल किया गया है। इसके बाद ही अपहरण की पुष्टि हुई।
मर्सिड काउंटी के शेरिफ के कार्यालय ने बताया कि जांचकर्ताओं ने बैंक के एटीएम से पैसा निकालने वाले व्यक्ति की निगरानी करते हुए उसकी तस्वीर प्राप्त की। यह व्यक्ति अपहर्ता की तस्वीर से मिलती-जुलती शक्ल का था। उसकी तस्वीर के मिलान के बाद ही संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया।
संदिग्ध आरोपी ने की खुदकुशी की कोशिश
अमेरिकी जांच एजेंसियों ने बताया कि संदिग्ध आरोपी की पहचान यीशु मैनुअल सालगाडो के रूप में हुई है। उसने खुदकुशी करने का प्रयास किया है। उसका इलाज कराने के साथ ही पूछताछ भी की जा रही है। शेरिफ कार्यालय ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि जांचकर्ता अपहृत चारों लोगों का पता लगा रहे हैं। उन्होंने संबंधित पक्षों व अमेरिकी लोगों से अपहृतों के बारे में कोई भी जानकारी मिलने पर साझा करने की अपील की है।
होशियारपुर में परिजन ने कहा- फिरौती के लिए अब तक कोई कॉल नहीं आया
इस बीच, पंजाब के होशियारपुर में मौजूद अपहृतों के परिजनों ने बताया कि अपहर्ताओं ने फिरौती के लिए अब तक उन्हें कोई कॉल नहीं किया है। अपहृत परिजनों के मोबाइल मिल गए हैं। उनकी कार उनके दफ्तर से 20-25 किलोमीटर दूर जली हुई मिली है।
An Indian-origin family of four, incl an 8-month-old child, kidnapped in California, US
— ANI (@ANI) October 5, 2022
"Their car was found burnt 20-25 km away from their office. Their mobile phones have been found. Till now, no call for ransom received," says one of their relative in Hoshiarpur, Punjab pic.twitter.com/6tXQS9ZBWi
सिख परिवार के चारों सदस्यों का मर्सिड में साउथ हाईवे 59 के 800 ब्लॉक में एक व्यवसायिक इलाके से अपहरण किया गया था। यह इलाका मोडेस्टो और फ्रेस्नो के बीच मध्य कैलिफोर्निया में है। शेरिफ के कार्यालय ने कहा कि संदिग्ध व्यक्ति का सिर मुंडा हुआ बताया गया है और उसे आखिरी बार हुड वाली शर्ट पहने देखा गया था। वह सशस्त्र और खतरनाक नजर आ रहा था। अमेरिका का संघीय जांच ब्यूरो और कैलिफोर्निया न्याय विभाग घटना की जांच कर रहा है।
हाल ही में भारत लौटे जसदीप व अमनदीप के माता-पिता
जसदीप और अमनदीप के माता-पिता डॉ. रणधीर सिंह और कृपाल कौर अपहरण की खबर सुनकर सदमे में हैं। दोनों हाल ही में स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त हुए हैं। डॉ. रणधीर 29 सितंबर को विदेश से भारत लौटे थे। इसके बाद वे उत्तराखंड में तीर्थयात्रा पर चले गए थे। जब वह ऋषिकेश पहुंचे तो उन्हें अमेरिका से उनकी बहू जसप्रीत कौर का फोन आया, जिन्होंने उन्हें अपने पति अमनदीप और परिवार के अन्य सदस्यों के अपहरण की घटना के बारे में बताया। इसके बाद डॉ. रणधीर मंगलवार शाम अपने गांव लौटे और अमेरिका जाने की तैयारी में लगे।