Dubai Tejas Crash: नमंश स्याल के निधन से अमेरिकी पायलट टेलर व्यथित, इंस्टाग्राम पर छलका दर्द; आयोजकों पर बिफरे
Dubai Tejas Crash: भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर नमंश स्याल के निधन पर अमेरिकी लड़ाकू विमान एफ-16 के पायलट टेलर हिएस्टर ने शोक प्रकट किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट में विस्तार से व्यक्त किए गए मनोभाव में इस बात का भी जिक्र किया है कि कैसे आयोजकों ने दर्दनाक हादसे के बाद शो रद्द नहीं किया, जिससे उन्हें काफी हैरानी भी हुई। जानिए अमेरिकी पायलट ने नमंश के निधन पर क्या कुछ कहा?
विस्तार
नमंश स्याल के निधन से पूरा देश मर्माहत है। अमेरिकी पायलट टेलर हिएस्टर ने अपने मन की व्यथा इंस्टाग्राम पर व्यक्त की है। सोशल मीडिया पर छलके उनके दर्द में इस बात का भी जिक्र है कि आयोजकों ने किस तरह दुबई एयर-शो रद्द नहीं करने का फैसला लिया। उन्होंने लिखा, 'दुबई एयर शो के आखिरी दिन, इंडियन एयर फोर्स के विंग कमांडर नमंश स्याल तेजस में फाइटर जेट एरोबैटिक डेमो करते समय हादसे का शिकार हो गए।'
अमेरिकी पायलट बोले- भारतीय के सम्मान में शो कैंसिल...
टेलर ने हादसे के पलों को याद करते हुए बताया कि जब भारत का विमान तेजस क्रैश हुआ उस समय 'हमारी टीम अपना खुद का एयरप्लेन तैयार कर रही थी ताकि हम अपना डिस्प्ले उड़ा सकें।' उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, एयर-शो के आयोजकों ने हादसे के बावजूद फ्लाइंग शेड्यूल जारी रखने का चौंकाने वाला फैसला किया। इस समय अमेरिकी टीम समेत कुछ और लोगों ने मिलकर ये फैसला लिया कि भारत के पायलट, उनके साथियों और परिवार के सम्मान में हम अपना आखिरी परफॉर्मेंस नहीं करेंगे।
पहली बार ऐसा दर्दनाक मंजर देखा...
दर्दनाक हादसे के बाद टेलर ने इंस्टाग्राम पर पांच पेज का विस्तृत नोट लिखा। उन्होंने कहा, 'मेरे पास शेयर करने के लिए कुछ पर्सनल नोट्स हैं...। दो साल तक यह काम करने के बाद हमारी टीम ने पहली बार ऐसा दर्दनाक मंजर देखा। हादसा सीजन के हमारे आखिरी परफॉर्मेंस से ठीक पहले हुआ।'
सबने बेबस खामोशी के साथ उस दुर्घटना को देखा...
भारतीय फाइटर जेट तेजस के क्रैश होने के सिहरन पैदा करने वाले लम्हों के याद कर अमेरिकी पायलट टेलर लिखते हैं, 'हम सबने मिलकर और एकांत में भी बेबस खामोशी के साथ उस दुर्घटना को देखा। खाली पार्किंग स्पॉट के पास रैंप पर खड़े इंडियन मेंटेनेंस क्रू के बारे में भी ख्याल आया। एयरक्राफ्ट की सीढ़ी जमीन पर रखी थी, पायलट का सामान अभी भी उसकी रेंटल कार में था। इस एक पल में हम सबने उस सच्चाई का सामना किया जो एक पल में सामने आ गई।
ये भी पढ़ें- Tejas Crash: नमंश का पार्थिव शरीर पहुंचा गांव, पत्नी का वीडियो भावुक कर देगा!
ऑर्गनाइजर्स ने बताया कि फ्लाइंग डिस्प्ले बंद नहीं किया जाएगा
टेलर लिखते हैं कि आयोजकों की टीम में शामिल राहत और बचाव कर्मियों ने आग बुझा दी। एयर शो ऑर्गनाइजर्स ने बताया कि फ्लाइंग डिस्प्ले बंद नहीं किया जाएगा। ऐसे में मैंने फैसला किया कि हम शो कैंसिल कर देंगे। हादसे के बाद का अनुभव बताते हुए टेलर ने कहा, 'लगभग एक-दो घंटे बाद शो के साइट पर मैं ये सोचकर गया कि जगह खाली हो चुकी होगी। एयर शो बंद कर दिया गया होगा। हालांकि, वहां का नजारा बिलकुल उलटा था।'
ये भी पढ़ें- Namansh Syal: 'युवाओं को सेना में जाने के लिए प्रेरित करते थे नमंश...', 'तेजस' के वीर को याद कर हर आंख नम
हादसे के बाद की मानसिकता: सभी परफॉर्मर्स को बधाई... 2027 में फिर मिलेंगे
उन्होंने विमान क्रैश होने के बावजूद कार्यक्रम रद्द न करने के फैसले पर सवाल खड़े किए। दुबई एयर शो के आयोजकों की मानसिकता की तरफ संकेत करते हुए अमेरिकी पायलट ने कहा, दर्दनाक हादसे के बावजूद अनाउंसर जोश में था, अगले कई शो देखने के लिए मौजूद लोगों के उत्साह में भी कोई कमी नहीं दिखी। वहां मौजूद भीड़ आनंदित और रोमांचित होती रही। जब शो खत्म हुआ, तो अनाउंस किया गया, 'हमारे सभी स्पॉन्सर्स, परफॉर्मर्स को बधाई और हम आपसे 2027 में मिलेंगे।'
अपने दर्द का इजहार करते हुए पायलट ने ये बातें भी लिखीं
दुबई एयर शो के सिहरन पैदा करने वाले अनुभवों का जिक्र करते हुए अमेरिकी पायलट टेलर ने कहा, यह मेरे लिए कई वजहों से अजीब रहा। आयोजकों में से कुछ मतलबी भी थे। मेरी अपनी टीम मेरे बिना शो के साइट से बाहर निकल रही हो, यह सोचना ही डरावना है। ठीक उसी समय स्पीकर पर 'रॉक एंड रोल' बज रहा हो और हादसे के बाद कोई दूसरा किरदार अपना एक्ट परफॉर्म कर रहा हो। सबकुछ सामान्य दिखाने का प्रयास झटका देने के साथ-साथ चौंकाने वाला भी था।
मेरा परिवार बन चुकी मेरी टीम पहली प्राथमिकता
उन्होंने कहा, जो हुआ उससे बिल्कुल अलग हादसे के बाद की परिस्थितियां अपने आप में तोहफे जैसी थीं। आखिरी परफॉर्मेंस से ठीक पहले, दुबई के इस शो से पहले जब हमने आखिरी बार शो करने के लिए यूनिफॉर्म एक साथ पहनी थी तब मैं ऐसी सच्चाई की कल्पना मात्र से हिल गया था। टेलर लिखते हैं कि चाहे कितने भी चमकदार चीजों, 'रॉकस्टार ट्रीटमेंट', फैंसी डिनर और प्रायोजकों से घिरे हों, मेरा परिवार बन चुकी मेरी टीम पहली प्राथमिकता रहेगी, क्योंकि शुरुआत से वही मेरे पास रही। डेमोंस्ट्रेशन फ्लाइंग खत्म होने के बाद भी मैं इस सबक को अपने साथ रखूंगा। यह आप पर भी लागू होता है।'
ये भी पढ़ें- नमंश को नमन: बेटे की पार्थिव देह के साथ लिपट गईं मां, पत्नी ने वर्दी में सैल्यूट कर दी नमंश को अंतिम विदाई
ऐसे जीवंत रहेंगी आपकी स्मृतियां: जिन लोगों से आप प्यार करते हैं...
नमंश के निधन की पृष्ठभूमि में व्यक्त इस मनोव्यथा की अंतिम चंद पंक्तियों में अमेरिकी विमान एफ-16 के पायलट टेलर हिएस्टर कहते हैं, 'जिन लोगों में आप इन्वेस्ट करते हैं, जिन लोगों से आप प्यार करते हैं और जो लोग आपसे प्यार करते हैं, चाहे उनमें आपका खून हो या न हो, आपके अंत के बाद उन्हीं के माध्यम से आपकी स्मृतियां जीवंत रहेंगी।
ये भी पढ़ें- Namansh Syal Funeral: पंचतत्व में विलीन हुए नामांश स्याल, सैन्य सम्मान के साथ नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई
आपके दुख से किसी को कोई सरोकार नहीं
वक्त बीतने के साथ शोकाकुल हृदय के जख्म भरने और मातम के मंजर भुलाने की तरफ संकेत करते हुए अमेरिकी पायलट ने कहा, 'आप जिस कंपनी के लिए काम करते हैं उसे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। जिन डॉलर्स को कमाने की आपने टेंशन ली, लोगों से परिचय नहीं होने के बावजूद आपने उन्हें खुश करने के लिए इतनी मेहनत की उन्हें भी किसी बात की परवाह नहीं। वे काला धुआं छंटने और भयावह हादसे के नजरों से ओझल होने के बाद भी वहीं खड़े दिखेंगे। लोग 'रॉक एंड रोल' सुनेंगे और अंत में एक्ट को अपने कैमरों में कैद करते रहेंगे।