फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   US Approves $2.1 Billion Patriot Missile Sale to Ukraine, 500 PAC-3 MSE Missiles Included

यूक्रेन को मिलेंगी 500 पैट्रियट मिसाइलें: अमेरिका ने बिक्री को दी मंजूरी; जेलेंस्की ने क्या कहा?

Sat, 31 Oct 2026 04:47 AM IST
निर्मल कांत वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वाशिंगटन।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वाशिंगटन। Published by: निर्मल कांत Updated Sat, 31 Oct 2026 04:47 AM IST
सार

अमेरिका ने यूक्रेन को 2.1 अरब डॉलर की 500 पैट्रियट मिसाइलों की खरीद को मंजूरी दी है। इसके लिए कनाडा, जर्मनी और नॉर्वे आर्थिक मदद देंगे। यूक्रेन राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने इस पर क्या कहा, क्या रूसी हमलों के बीच इससे कीव को बड़ी राहत मिलेगी? पढ़िए इस रिपोर्ट में। 

विज्ञापन
US Approves $2.1 Billion Patriot Missile Sale to Ukraine, 500 PAC-3 MSE Missiles Included
पैट्रियट मिसाइल प्रणाली - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक/अमेरिकी दूतावास, रोमानिया

विस्तार

अमेरिका के विदेश मंत्रालय के राजनीतिक-सैन्य मामलों के ब्यूरो ने यूक्रेन को 2.1 अरब डॉलर की सैन्य बिक्री को मंजूरी देने की घोषणा की है। इस सौदे के तहत यूक्रेन को 500 पैट्रियट एडवांस्ड कैपेबिलिटी-3 (पीएसी-3) एमएसई मिसाइलें और उनसे जुड़े उपकरण दिए जाएंगे।
विज्ञापन


इस सौदे से क्या होगा?
अमेरिका के विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस प्रस्तावित बिक्री से अमेरिका की विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा के लक्ष्यों को समर्थन मिलेगा। इससे एक ऐसे साझेदार देश की सुरक्षा बेहतर होगी, जो यूरोप में राजनीतिक और आर्थिक स्थिरता बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है।
विज्ञापन


यूक्रेन इस खरीद का भुगतान कनाडा, जर्मनी और नॉर्वे से मिलने वाले दान और अपने राष्ट्रीय कोष से करेगा। यह राशि जेयूएमपीस्टार्ट कार्यक्रम के जरिए मिलेगी। इसके अलावा, यूरोपीय संघ के यूक्रेन सहायता ऋण से भी इस खरीद के लिए धन मिलेगा। इस सौदे में अमेरिका का कोई भी पैसा शामिल नहीं है।
विज्ञापन
विज्ञापन


जेलेंस्की ने क्या चेतावनी दी थी?
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने इस महीने चेतावनी दी थी कि उनके देश के पास रूस के हमलों का मुकाबला करने के लिए जरूरी अहम सैन्य मिसाइलें लगभग खत्म हो गई हैं। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के साथ यूक्रेन का तनाव भी बढ़ गया था।

जेलेंस्की ने पेंटागन पर उन मिसाइलों की आपूर्ति में देरी करने का आरोप लगाया था, जिन्हें दूसरे देशों ने यूक्रेन के लिए खरीदा है। उन्होंने यह भी कहा था कि रूस के संभावित हमलों की चेतावनी देने वाली अमेरिकी खुफिया जानकारी मिलनी बंद हो गई थी। इसके अलावा, स्टारलिंक की सैटेलाइट इंटरनेट सेवा की गति भी सीमित कर दी गई थी। हालांकि, यूक्रेन का कहना है कि स्टारलिंक इंटरनेट की गति और अमेरिकी खुफिया जानकारी की सुविधा फिर से बहाल हो गई है।

यूक्रेनी राष्ट्रपति ने क्या कहा?
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा, अमेरिकी विदेश मंत्रालय का यह एक मजबूत फैसला है। उसने रूस की बैलिस्टिक मिसाइलों का मुकाबला करने के लिए यूक्रेन को पैट्रियट मिसाइलें खरीदने की मंजूरी दी है।

उन्होंने कहा, 500 पीएसी-3 मिसाइलें एक बड़ी संख्या है। इन्हें बहुत जल्द इसी सर्दी में बेहद प्रभावी रक्षा व्यवस्था के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि, यह शर्त रखी गई है कि इनकी आपूर्ति केवल कुछ साल बाद शुरू हो सकती है। हम अपने अमेरिकी साझेदारों से ऐसा रास्ता निकालने की मांग कर रहे हैं, जिससे इन मिसाइलों का इस्तेमाल उस समय किया जा सके, जब असली खतरा हो और पीएसी-3 मिसाइलों की सचमुच जरूरत हो।

ये भी पढ़ें: पोलैंड में सांविधानिक संकट: जजों की नियुक्ति पर विवाद, राष्ट्रपति ने छोड़ा विदेश दौरा; क्यों बढ़ा टकराव?

जेलेंस्की ने कहा, इस समय रूस हर दिन हमारे ऊर्जा ढांचे पर हमले कर रहा है। अक्तूबर के इन पिछले दो हफ्तों में ही हमारे बिजली ग्रिड के अहम हिस्सों पर रूस 30 से ज्यादा हमले कर चुका है। सर्दी शुरू होने से पहले ही पुतिन ने उन व्यवस्थाओं को निशाना बनाने का अभियान शुरू कर दिया है, जो हमारे शहरों और समुदायों में जीवन को बनाए रखती हैं। इन हमलों के निशाने पर बिजली, गर्मी पहुंचाने वाली व्यवस्था, पानी की आपूर्ति, पुल और कुल मिलाकर हमारे शहरों का जनजीवन है।



उन्होंने कहा, हमने अपने अमेरिकी साझेदारों से यूक्रेन को सर्दियों के लिए मदद का पैकेज देने की मांग की थी। इसके तहत हर महीने 100 पैट्रियट मिसाइलें देने की बात कही थी। 500 मिसाइलें आने वाले महीनों में हमारे आसमान की रक्षा के लिए पर्याप्त होंगी। यही वह समय है, जब बातचीत में यूक्रेन की स्थिति मजबूत होना बहुत जरूरी है। साथ ही, रूस यूक्रेन के शहरों और समुदायों में जनजीवन को तबाह करने में सफल न हो।

उन्होंने कहा, अमेरिका, हमारे यूरोपीय साझेदारों और दुनिया के दूसरे साझेदारों के गोदामों में पीएसी-3 मिसाइलों का पर्याप्त भंडार है। उन्हें अभी, 2026-2027 की सर्दियों में यूक्रेन को देना और बाद के वर्षों में इनकी भरपाई करना सही तरीका होगा। यह भरपाई उन मिसाइलों के उत्पादन के जरिये की जा सकती है, जिनका ठेका पहले ही दिया जा चुका है और जिनका भुगतान यूक्रेन और उसके साझेदार कर चुके हैं। यह पूरी तरह संभव है।

यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा, हम राष्ट्रपति ट्रंप के आभारी हैं। यह भी अहम है कि हमने हाल ही में विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ पीएसी-3 मिसाइलों पर चर्चा की थी। यूक्रेन इस मंजूरी के लिए अमेरिकी विदेश मंत्रालय और पूरे अमेरिकी प्रशासन का आभारी है। लेकिन हम ऐसे फैसले चाहते हैं, जो लोगों की जान की सुरक्षा की गारंटी दे सकें। यह सुरक्षा कल या उसके अगले दिन या फिर किसी और समय बाद में नहीं, बल्कि ठीक उसी वक्त मिलनी चाहिए, जब खतरा सामने हो और रूस लोगों को मार रहा हो और तबाही मचा रहा हो। मैं उन सभी लोगों का धन्यवाद करता हूं, जो यूक्रेन के साथ खड़े हैं!
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed