UK: ब्रिटिश सांसदों ने पाकिस्तान को मिलने वाली मदद पर जताई चिंता, आतंकवाद के खिलाफ भारत के रुख का किया समर्थन
UK: भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को ब्रिटेन के सांसदों से मुलाकात की। इस दौरान ब्रिटिश सांसदों ने पाकिस्तान को मिल रही अंतरराष्ट्रीय आर्थिक मदद के दुरुपयोग पर चिंता जताई। ब्रिटिश सांसदों ने भारत की आतंकवाद विरोधी कार्रवाई और सुरक्षा सहयोग को पूरा समर्थन दिया।
विस्तार
ब्रिटेन के सांसद बॉब ब्लैकमैन ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व वाले एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। इस दौरान ब्लैकमैन ने पाकिस्तान को मिलने वाली अंतरराष्ट्रीय वित्तीय मदद के दुरुपयोग पर गंभीर चिंता जताई। ब्लैकमैन ने पूछा कि कहीं विकास के लिए मिलने वाली यह मदद चीन से हथियार खरीदने और भारत के खिलाफ आतंकवाद को बढ़ावा देने में तो इस्तेमाल नहीं हो रही है?
सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने लंदन में ब्रिटेन के सर्वदलीय संसदीय समूह (एपीपीजी-इंडिया) के साथ बैठक की। इसमें ब्रिटेन के सांसदों ने पाकिस्तान को अलग-थलग करने और भारत के साथ सुरक्षा सहयोग बढ़ाने को लेकर एकजुटता जताई।
ये भी पढ़ें: ऑपरेशन सिंदूर: भारत ने जितना बताया उससे कहीं अधिक ठिकानों को सेना ने बनाया निशाना, PAK डोजियर में खुलासा
हाउस ऑफ लॉर्ड्स के सांसद लॉर्ड करण बिलिमोरिया और ब्रिटेन के पूर्व सांसद शैलेश वारा सहित कई प्रमुख नेताओं ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत की जवाबी कार्रवाई का समर्थन किया। इस दौरान भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापार, सुरक्षा और शिक्षा के क्षेत्र में संबंधों को और मजबूत करने को लेकर भी चर्चा हुई। हालांकि, आखिरी समय में कैमरों पर पाबंदी के चलते बातचीत फोन से रिकॉर्ड की गई।
ब्लैकमैन ने भारत के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा, हमारी बैठक हुई और यह देखकर अच्छा लगा कि भारत के सभी हिस्सों से प्रतिनिधि आए हैं। ब्रिटेन के सभी लोग भारत के साथ हैं, जिन्होंने आतंकवादी हमले का सामना किया। भारत शांति और स्थिरता चाहता है। उन्होंने आगे कहा, जो पैसा पाकिस्तान को भेजा जाता है, उसका क्या इस्तेमाल हो रहा है? उसे चीन से हथियार खरीदने और भारत में आतंकवादी हमले करने में नहीं लगाया जाना चाहिए। मेरी स्पष्ट राय है कि यह मदद पोलियो जैसे रोगों के खात्मे और पाकिस्तान के लोगों के कल्याण में लगनी चाहिए, न कि सैन्य उद्देश्यों में।
आतंकवाद के खिलाफ दोनों देशों के दलों में एकजुटता: करण बिलमोरिया
लॉर्ड करण बिलिमोरिया ने कहा कि भारत और ब्रिटेन दोनों देशों में सभी दलों के बीच आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता है। उन्होंने इस बैठक को सकारात्मक बताया और भारत-ब्रिटेन के बीच सुरक्षा, शिक्षा और हाल ही में तय हुए मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को लेकर सहयोग आगे बढ़ने की उम्मीद जताई।
बिलिमोरिया ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भेजे गए इस प्रतिनिधिमंडल की मेजबानी करना मेरे लिए सौभाग्य की बात रही। उन्होंने हमें स्पष्ट रूप से बताया कि पहलगाम में क्या हुआ और भारत की स्थिति क्या है। भारत और ब्रिटेन दोनों ही देशों में सभी दल एकजुट हैं। हम आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करेंगे, हमें इसे रोकना ही होगा। यह बैठक पूरी तरह समर्थन की भावना से भरी हुई थी।
ये भी पढ़ें: यूक्रेन ने रूस को क्रीमिया से जोड़ने वाले पुल पर किया हमला, पानी के नीचे लगाए थे विस्फोटक
प्रतिनिधिमंडल ने पहलगाम हमले पर दी स्पष्ट जानकारी: शैलेश वारा
ब्रिटेन के पूर्व सांसद शैलेश वारा ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल के दौरे की सराहना करते हुए कहा कि इसने पहलगाम हमले के बारे में स्पष्ट जानकारी दी और भारत-ब्रिटेन के संबंधों को और मजबूती दी। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि इस तरह के प्रतिनिधिमंडल का दौरा बहुत अच्छा होता है, क्योंकि इससे घटनाओं की प्रत्यक्ष जानकारी मिलती है। भारत-ब्रिटेन संबंध मजबूत हैं, लेकिन जब इस तरह की त्रासदी होती है, तो केवल फोन पर बातचीत काफी नहीं होती। इस मुलाकात में खुलकर संवाद हुआ और सवाल-जवाब भी हुए।
बैठक में कौन-कौन शामिल थे
इस प्रतिनिधिमंडल का स्वागत एपीपीजी-इंडिया की अध्यक्ष सैंडी वर्मा ने किया। बैठक की सह-अध्यक्षता ब्रिटिश सांसद सांसद बिलिमोरिया और जिवुन संधेर ने की। इस चर्चा में लॉर्ड एड वाइजी, बॉब ब्लैकमैन, बैरी गार्डिनर, गुरिंदर सिंह जोसन, गगन मोहिंद्रा, तनमनजीत सिंह धेसी, कनिष्क नारायण, बग्गी शंकर, मार्क प्रिचर्ड और कई अन्य वर्तमान और पूर्व सांसद भी शामिल हुए।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.