Big News: स्वीडन में चाकू से हमले में दो जख्मी, 450 सिख श्रद्धालु पहुंचे पाकिस्तान, पढ़ें देश-दुनिया की अहम खबरें
अस्पताल के अधिकारियों ने घायलों की उम्र 40-50 साल के बीच बताई है। पुलिस ने बताया कि अभी हमले के कारण के बारे में उनके पास कोई जानकारी नहीं है। वहीं महाराजा रणजीत सिंह की बरसी पर लाहौर के गुरुद्वारा डेरा साहिब में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम 29 जून को होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
स्वीडन की राजधानी के पश्चिमी हिस्से में एक शॉपिंग मॉल में चाकू से किए गए हमले में कम से कम दो लोग जख्मी हो गए हैं जिनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि उसने एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया है। हमले में धारदार वस्तु का इस्तेमाल किया गया है। अस्पताल के अधिकारियों ने घायलों की उम्र 40-50 साल के बीच बताई है। पुलिस प्रवक्ता मैग्नस जानसन क्लारिन ने बताया कि अभी हमले के कारण के बारे में उनके पास कोई जानकारी नहीं है।
महाराजा रणजीत सिंह की 183वीं बरसी पर 450 सिख श्रद्धालु पहुंचे पाकिस्तान
सिख साम्राज्य के पहले शासक महाराजा रणजीत सिंह की 183वीं बरसी पर 450 सिख श्रद्धालुओं का जत्था भारत से पहुंचा। पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों के पवित्र स्थलों की देखभाल करने वाले एवेक्यूई ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड (ईटीपीबी) और पाकिस्तान गुरुद्वारा सिख प्रबंधक समिति के पदाधिकारियों ने वाघा बॉर्डर पर उनका स्वागत किया।
महाराजा रणजीत सिंह की बरसी पर लाहौर के गुरुद्वारा डेरा साहिब में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम 29 जून को होगा। ईटीपीबी प्रवक्ता आमिर हाशमी ने बताया, वाघा बॉर्डर से गुरुद्वारा जन्मस्थान ननकाना साहिब जाने से पहले श्रद्धालुओं को लंगर छकाया गया। सिख श्रद्धालु गुरुद्वारा करतार साहिब भी जाएंगे। हाशमी ने बताया कि पाकिस्तान सरकार ने 500 भारतीयों को वीजा जारी किया था, जिनमें से 450 पहुंच गए हैं।
इस्राइल में संसद भंग करने के लिए गठबंधन बिल लाने में जुटा
इस्राइल में सत्ता छोड़ रही गठबंधन सरकार संसद भंग करने के लिए इस हफ्ते शीघ्रता के साथ एक बिल लाएगी। एक कैबिनेट मंत्री ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि यदि संसद भंग हुई, तो देश में तीन साल के अंदर पांचवीं बार संसदीय चुनाव होंगे। प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने पद ग्रहण करने के एक साल बाद सोमवार को घोषणा की थी कि वह वैचारिक रूप से भिन्न आठ दलों के साथ गठबंधन को तोड़ देंगे और देश में चुनाव कराएंगे।
बेनेट की यमिना पार्टी के कई नेताओं के दल बदल करने के बाद संसद में गठबंधन ने बहुमत खो दिया है। बेनेट ने इस महीने की शुरुआत में एक कानून का विस्तार करने में गठबंधन की विफलता का हवाला दिया, जो वेस्ट बैंक के बाशिंदों को विशेष कानूनी दर्जा प्रदान करने से संबंधित है।
मस्क के 4400 करोड़ डॉलर बिक्री प्रस्ताव को अनुमोदन
ट्विटर के शेयरधारकों के बोर्ड ने टेस्ला के सीईओ एलन मस्क के कंपनी को 4400 करोड़ डॉलर में खरीदने के प्रस्ताव को सर्वसम्मित से मंजूरी दे दी है। मंगलवार को बाजार नियामक को यह जानकारी दी गई।
पिछले हफ्ते ट्विटर के कर्मचारियों संग वर्चुअल बैठक के दौरान मस्क ने कंपनी के अधिग्रहण पर आगे बढ़ने का इरादा दोहराया था। इसके बाद भी इसके शेयर पेशकश कीमत से कम पर रहे। इससे संकेत मिला कि बाजार को इस सौदे के पूरा होने में संदेह है। मंगलवार को भी ट्विटर के शेयर मस्क की ओर से पेशकश 54.20 डॉलर प्रत्येक से काफी कम दाम पर थे।
कंपनी को यह कीमत 4 अप्रैल को मिली थी, जब उसने मस्क को अपने बोर्ड में शामिल करने का प्रस्ताव दिया था। अमेरिकी प्रतिभूति और विनिमय आयोग को दिए एक विस्तृत पत्र में ट्विटर बोर्ड के निदेशकों ने कहा, विलय के समझौते को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई है। ट्विटर के शेयरधारकों को अब हर शेयर पर 15.22 डॉलर का मुनाफा होगा।
आपातकालीन खाद्य सहायता के लिए श्रीलंका की मदद करेगा ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका को आपातकालीन खाद्य सहायता के लिए 2.2 करोड़ ऑस्ट्रेलियाई डॉलर प्रदान करेगा। ऑस्ट्रेलियाई गृहमंत्री क्लेयर ओ’नील की श्रीलंका यात्रा के दौरान इस बात की जानकारी दी गई।
ओ’नील ने श्रीलंका के राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे और प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे से भी मुलाकात कर 30 लाख लोगों की दैनिक पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने के वास्ते विश्व खाद्य कार्यक्रम के तहत तत्काल 2.2 करोड़ ऑस्ट्रेलियाई डॉलर देने की घोषणा की।
ऑस्ट्रेलिया 2022-23 में विकास कार्यों के लिए भी श्रीलंका को 2.3 करोड़ डॉलर प्रदान करेगा। इस मदद के तहत श्रीलंका में स्वास्थ्य सेवाओं और आर्थिक सुधार के साथ महिला सुरक्षा पर खासतौर पर जोर दिया जाएगा।
हांगकांग का महशहूर ‘जंबो फ्लोटिंग रेस्तरां’ डूबा
स्वायत्तशासी क्षेत्र का मशहूर ‘जंबो फ्लोटिंग रेस्तरां’ (तैरता हुआ होटल) दक्षिण चीन सागर में डूब गया है। इसके मलिकाना हक वाली कंपनी ने यह जानकारी दी। एबरडीन रेस्टोरेंट इंटरप्राइजेज लिमि. ने बताया कि शनिवार को दक्षिण चीन सागर में पारासेल द्वीप समूह के पास से गुजरते समय रेस्तरां खराब मौसम का शिकार हो गया था, जिससे उसके अंदर पानी भरने लगा और वह डूबने लगा।
हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन तैरते रेस्तरां को बचाने के सभी प्रयास नाकाम रहे और यह पूरी तरह डूब गया। कंपनी ने कहा, घटनास्थल पर पानी की गहराई 1,000 मीटर से अधिक थी। कंपनी इस हादसे से बेहद दुखी है।
देश में में राशन कार्ड ‘पोर्टेबिलिटी’ लागू, कार्यक्रम से असम भी जुड़ा
असम ने आखिरकार राशन कार्ड ‘पोर्टेबिलिटी’ सेवा शुरू कर दी है और इसके साथ ही केंद्र का ‘एक राष्ट्र, एक राशन कार्ड’ कार्यक्रम पूरे देश में लागू हो गया है। खाद्य मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि अब राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2013 के तहत शामिल किए गए लाभार्थी अपनी पसंद के किसी भी इलेक्ट्रॉनिक पॉइंट ऑफ सेल डिवाइस (ई-पीओएस)-लैस राशन की दुकानों से सब्सिडी वाले अनाज का अपना कोटा प्राप्त कर सकते हैं।
इसके लिए उन्हें बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के साथ अपने मौजूदा राशन कार्ड का उपयोग करना होगा। मंत्रालय ने कहा, असम ओएनओआरसी लागू करने वाला 36वां राज्य/केंद्रशासित प्रदेश बन गया है।
नौ परिजनों की आत्महत्या के मामले में 13 गिरफ्तार
सांगली में एक ही परिवार के नौ सदस्यों को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी 25 में से 13 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वानमोरे परिवार को कर्ज नहीं चुका पाने पर अपमानित करते थे। इससे मजबूर होकर उन्होंने आत्महत्या की।
महाईसाल गांव में शिक्षक पोपल वानमोरे (54), भाई डॉ. मानिक (49), उनकी 74 साल की मां, पत्नियां और चार बच्चे घर में मृत मिले थे। जांच के मुताबिक, दोनों भाइयों ने कारोबार के लिएकर्ज लिया था और अब चुका नहीं पा रहे थे।
भारत-नेपाल सीमा पर रोकी जाएंगी आपराधिक व आतंकी गतिविधियां
भारत-नेपाल संयुक्त कार्यसमिति (जेडब्ल्यूजी) की 12वीं बैठक में सीमा पर अपराधियों और आतंकियों की गतिविधियों पर काबू पाने के लिए विस्तार से चर्चा की गई। एक आधिकारिक बयान में बताया, नई दिल्ली में 15-16 जून को हुई बैठक में सीमा प्रबंधन व सुरक्षा पर गहन विमर्श किया गया। इसमें सीमा जिला सहयोग समिति की पहले हुई बैठकों, आपसी कानूनी सहायता संधि, प्रत्यर्पण संधि और अन्य समझौतों की प्रगति की समीक्षा की गई।
रामायण के बाद कृष्ण-बौद्ध सर्किट पर भी चलेंगी भारत गौरव ट्रेन
भारत और नेपाल को जोड़ने वाली भारत गौरव ट्रेन को मंगलवार को केंद्रीय पर्यटन व संस्कृति मंत्री जी. किशन रेड्डी और रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाई।
इसके बाद कृष्ण और बौद्ध सर्किट पर भी भारत गौरव ट्रेनें चलाने की तैयारी शुरू हो गई है। रेड्डी ने बताया, ट्रेन अपनी पहली यात्रा 18 दिन में पूरी करेगी। यह ट्रेन अयोध्या, नंदीग्राम, सीतामढ़ी, वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट, पंचवटी (नासिक), हंपी, रामेश्वरम और भद्राचलम के साथ पहली बार नेपाल में जनकपुर जैसे धार्मिक स्थल भी जाएगी।
2027 तक देश में 50 करोड़ होंगे 5जी ग्राहक
देश में 2027 तक 5जी ग्राहकों की संख्या 50 करोड़ हो जाएगी। यह कुल ग्राहकों की संख्या का 39 फीसदी होगा। स्वीडिश टेलीकॉम कंपनी एरिक्सन ने कहा कि 5जी की व्यावसायिक लॉन्चिंग दूसरी छमाही में हो सकती है। दुनिया की तुलना में भारत में हर स्मार्टफोन पर औसत डाटा ट्रैफिक दूसरे नंबर पर है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि 2021 में हर महीने 20 जीबी डाटा खपत होने का अनुमान है, जो 2027 तक 16 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 50 जीबी पहुंच सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, पूरी दुनिया में 2027 तक 5जी के कुल ग्राहकों की संख्या 4.4 अरब हो सकती है।
उपभोक्ता शिकायतों के निवारण में डिजिटल मीडिया का करें इस्तेमाल : पीयूष गोयल
केंद्रीय उपभोक्ता कार्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि उपभोक्ता शिकायत निवारण के लिए आयोग वाट्सएप और ई-मेल जैसे डिजिटल मीडिया का इस्तेमाल करें, ताकि मामलों का त्वरित निपटारा किया जा सके। प्रभावी व त्वरित उपभोक्ता विवाद निवारण पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला में कहा कि उपभोक्ता आयोगों को मामलों के निपटारे में तेजी लाने के लिए उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के अनुसार समय सीमा का पालन करना चाहिए। आयोग तीन से पांच महीने के भीतर मामलों का निपटारा करने में सक्षम होने चाहिए।
उन्होंने कहा, सभी आयोग ई-दस्तावेज व्यवस्था लागू करें, ताकि उपभोक्ता बिना परेशानी के दस्तावेजों ऑनलाइन जमा करा सकें। उन्होंने प्रक्रिया को सरल व प्रभावी बनाने का आग्रह किया, ताकि उपभोक्ता न्याय प्रणाली सस्ती व सुलभ बन सके।