अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को नए एयर फोर्स वन विमान का अनावरण किया। यह पहले कतर के स्वामित्व वाला विशाल विमान था और अब इसे अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक विमान के रूप में रूपांतरित किया गया है।
ट्रंप की नई शाही सवारी: हजारों करोड़ से तैयार हुआ उड़ता हुआ आलीशान होटल, देखें तस्वीरें
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नए एयर फोर्स वन विमान का अनावरण किया, जो पहले कतर के स्वामित्व वाला बोइंग 747 था और अब अमेरिकी राष्ट्रपति के उपयोग के लिए बदला गया है। नए विमान में क्या अलग है, पढ़िए रिपोर्ट-
नए विमान में क्या खास है?
नए विमान में पुराने एयर फोर्स वन की हल्के नीले रंग वाली पारंपरिक डिजाइन को हटाकर नया लुक दिया गया है। इसके निचले हिस्से को नेवी ब्लू रंग में रंगा गया है, जिसके ऊपर लाल पट्टी बनाई गई है। विमान के बाएं हिस्से पर राष्ट्रपति का प्रतीक चिन्ह लगाया गया है। जबकि पीछे के हिस्से पर बड़ा अमेरिकी ध्वज बना है। इस विमान के पंखों में मिरर-बॉल डिफेंस सिस्टम छुपा हुआ है, जो इन्फ्रा रेड गाइडेंस सिस्टम को चकमा दे सकता है। तेज रफ्तार पंख के नए डिजाइन से इसकी गति तेज हुई है। यह 1050 किमी/घंटा की रफ्तार से उड़ान भरने में सक्षम है।
करीब 3500 करोड़ से ज्यादा खर्च का अनुमान
वायुसेना के अनुसार इस विमान को अमेरिकी राष्ट्रपति के सुरक्षा मानकों के अनुरूप तैयार करने पर 400 मिलियन डॉलर (तकरीबन 3000 करोड़ से ज्यादा) खर्च आने का अनुमान है। इसमें ECM डिफेंस सिस्टम लगाया जाएगा जो दुश्मन के रडार को जाम करता है और मिसाइलों को भ्रमित करता है।
मेगा किचन से लेकर जिम तक की सुविधा
अमेरिकी राष्ट्रपति के इस नए एयरफोर्स वन में उनकी सुविधाओं का पूरा ख्याल रखा गया है। इस नए विमान में अत्याधुनिक डाइनिंग रूम और किचन है जो एक बार में 2,000 लोगों को खाना खिलाने की क्षमता रखता है। इसके साथ ही इसमें राष्ट्रपति के लिए एक सुइट है जिसमें ड्रेसिंग रूम, शौचालय और जिम की सुविधा है।
ट्रंप ने क्या कहा?
एंड्रयूज एयर फोर्स बेस के हैंगर में मौजूद वायुसेना कर्मियों के सामने ट्रंप ने विमान की कारीगरी की सराहना की और कहा कि इसे देखकर लोग हैरान रह जाएंगे। विमान से उतरने के बाद उन्होंने इसे औपचारिक रूप से प्रदर्शित किया, इस दौरान 'गॉड ब्लेस द यूएसए' गीत भी बजाया गया। यह कतर से मिला विमान अस्थायी रूप से उपयोग में लाया जा रहा है, जब तक बोइंग राष्ट्रपति के लिए नए विमान तैयार नहीं कर देता, जिनके 2028 तक आने की संभावना है। वहीं, ट्रंप पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि वह राष्ट्रपति पद छोड़ने के बाद इस विमान का उपयोग नहीं करेंगे और इसे भविष्य की राष्ट्रपति लाइब्रेरी को दान कर दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें: ट्रंप बोले- सख्त शख्सियत वाले महान नेता हैं पीएम मोदी; शहबाज-मुनीर की जोड़ी को लेकर क्या कहा?