{"_id":"62a134e5ac956e1cbf140378","slug":"students-teachers-rescued-in-the-alps-and-swami-awadheshanand-giri-will-do-yoga-at-times-square-america","type":"story","status":"publish","title_hn":"World News : एल्प्स में फंसे 107 छात्रों, शिक्षकों को बचाया गया, टाइम्स स्क्वायर पर योग करेंगे स्वामी अवधेशानंद गिरि","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
World News : एल्प्स में फंसे 107 छात्रों, शिक्षकों को बचाया गया, टाइम्स स्क्वायर पर योग करेंगे स्वामी अवधेशानंद गिरि
Thu, 09 Jun 2022 05:16 AM IST
Jeet Kumar
एजेंसी, बर्लिन।
एजेंसी, बर्लिन।
Published by: Jeet Kumar
Updated Thu, 09 Jun 2022 05:16 AM IST
सार
दो छात्रों के फिसलने और मामूली रूप से घायल होने के बाद, एक शिक्षक ने आपातकालीन सेवाओं को फोन किया जिसके बाद बचाव अभियान शुरू हुआ।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर।
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जर्मनी से स्कूल यात्रा पर ऑस्ट्रिया जाकर एल्प्स पहाड़ियों पर फंसे 100 से अधिक छात्र और शिक्षकों को हवाई मार्ग से सुरक्षित निकाला गया। वोरार्लबर्ग में पुलिस ने कहा, स्थानीय मेयर समेत 60 से अधिक बचावकर्मियों ने बचाव कार्य में हिस्सा लिया।
विज्ञापन
पुलिस ने कहा कि वास्तव में उस मार्ग को आंशिक रूप से निलंबित कर दिया गया था। फिसलन की स्थिति और सभी छात्रों के उस क्षेत्र के अनुकूल जूते नहीं पहने होने के कारण एक शिक्षक ने वापस लौटने का फैसला किया। दो छात्रों के फिसलने और मामूली रूप से घायल होने के बाद, एक शिक्षक ने आपातकालीन सेवाओं को फोन किया जिसके बाद बचाव अभियान शुरू हुआ।
विज्ञापन
नागरिकता संबंधी सरकारी शक्तियां अदालत ने कीं सीमित
ऑस्ट्रेलिया में नागरिकता संबंधी मामलों में सरकारी शक्तियां सीमित करते हुए सर्वोच्च अदालत ने कट्टरतावादी इस्लामिक स्टेट (आईएस) ग्रुप से जुड़े रहे डेलिल एलेक्जेंडर की नागरिकता बहाल करने का आदेश दिया है। 6-1 से लिए फैसले में अदालत ने कहा, तत्कालीन गृह मंत्री केनिन एंड्रूज ने गलत धारा का इस्तेमाल कर उसकी नागरिकता समाप्त की थी।
विज्ञापन
एलेक्जेंडर का जन्म ऑस्ट्रेलिया में हुआ और उसके पास तुर्किये की वंशानुगत नागरिकता है। एलेक्जेंडर 2013 में तुर्किये गया और सीरिया सीमा पार कर गया। 2017 में उसे कुर्दिश मिलिशिया ने गिरफ्तार कर लिया। आतंकी गतिविधियों का दोषी पाए जाने के बाद वह सीरिया की जेल में है।
अमेरिका में टाइम्स स्क्वायर पर योग दिवस का नेतृत्व करेंगे स्वामी गिरि
भारतीय आध्यात्मिक गुरु स्वामी अवधेशानंद गिरि इस साल अमेरिका में न्यूयॉर्क के प्रतिष्ठित टाइम्स स्क्वायर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह का नेतृत्व करेंगे। 2015 से हर साल 21 जून को अमेरिका में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाता आ रहा है।
न्यूयॉर्क में भारतीय वाणिज्य दूतावास के दूत रणधीर जायसवाल ने आठवें विश्व योग दिवस पर हरिद्वार स्थित जूना अखाड़े के द्रष्टा अवधेशानंद गिरि को आमंत्रित करते हुए खुशी जाहिर की। बता दें, स्वामी गिरि दुनियाभर में काफी लोकप्रिय हैं और अमेरिका में उनके बड़ी संख्या में अनुयायी हैं। कार्यक्रम के लिए अमेरिका में व्यापक तैयारियां की गई हैं।
ताइवान के एफ-16 लड़ाकू विमान को हवाई में आपात स्थिति में उतारा गया
ताइवान के एफ-16 लड़ाकू विमान को हवाई के डेनियल अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर आपात स्थिति में उतारा गया। विमान उड़ा रहे अमेरिकी वायुसेना के पायलट को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, ऐसा प्रतीत होता है कि विमान के ‘लैंडिंग गेयर’ में समस्या थी जिसके बाद विमान को आपात स्थिति में उतारा गया। विमान की गति को धीमा करने और रोकने के लिए नेटिंग बैरियर का इस्तेमाल किया गया। अधिकारियों ने नाम गोपनीय रखने की शर्त पर बताया कि घटना में पायलट गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ है।
अमेरिकी कमांडर ने की जनरल मनोज पांडे से द्विपक्षीय रक्षा सहयोग पर चर्चा
सेनाध्यक्ष (सीओएएस) जनरल मनोज पांडे ने अमेरिकी सेना के प्रशांत कमांडिंग जनरल चार्ल्स फ्लिन से मुलाकात कर द्विपक्षीय रक्षा सहयोग के पहलुओं पर बातचीत की। जनरल फ्लिन चार दिनी भारत दौरे पर हैं। उन्होंने जनरल पांडे के साथ सैन्य सहयोग बढ़ाने के तौर-तरीकों पर भी चर्चा की। जनरल फ्लिन ने उपसेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल बीएस राजू से भी मुलाकात की। भारत के महत्व को रेखांकित करते हुए जनरल फ्लिन ने कहा कि वह भारतीय सेना के साथ भविष्य में द्विपक्षीय सहयोग का विस्तार करने के लिए तत्पर हैं।
समुद्री निगरानी अभियान के लिए भारत आया ऑस्ट्रेलियाई टोही विमान
ऑस्ट्रेलियाई वायुसेना (आरएएएफ) का टोही विमान पी8ए पोसाइडन इन दिनों भारत दौरे पर आया है, जो दोनों देशों के हिंद महासागर में जारी संयुक्त समुद्री निगरानी अभियान में हिस्सा लेगा। आरएएएफ के मुताबिक, पी8ए छह जून को गोवा पहुंचा है, जहां यह सात से नौ जून तक आईएनएस हंस पर भारतीय नौसेना के लॉन्ग रेंज मैरीटाइम पेट्रोल एयरक्राफ्ट, पी8आई के साथ समंवित हवाई अभ्यास करेगा। दोनों विमान पनडुब्बी रोधी युद्धाभ्यास और सतह निगरानी समेत अन्य समंवित ऑपरेशनों को अंजाम देंगे।
शार्ली एब्दो पर हुए हमले से जुड़े रहे पाकिस्तानी समेत 14 लोग गिरफ्तार
एक आतंकरोधी अभियान के तहत पाकिस्तानी समेत 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह सभी इटली और यूरोपीय देशों काम कर रही एक सेल से जुड़े हैं और पेरिस की पत्रिका शार्ली एब्दो पर हमले में संदिग्ध हैं। इटली की प्रमुख वायर एजेंसी एजेंजिया नाजिओनेल स्टेंपा एसोसिएटा (एएनएसए) ने बताया, सेल का सदस्य पाकिस्तानी जहीर हसन महमूद (27) व्यंग्य पत्रिका शार्ली एब्दो पर हमले में शामिल था। यह पत्रिका पैगंबर मोहम्मद के विवादित कार्टून छापकर चर्चा में आई थी।
डेनमार्क के अखबार जीलेंड पोस्टन में छपे पैगंबर के कार्टून इसने दोबारा छापे थे। इटली और यूरोप में गिरफ्तार इन सभी लोगों पर अंतरराष्ट्रीय आतंकी हमले की साजिश रचने का आरोप लगाया गया है। जहीर ने जनवरी 2015 में पैगंबर साहब के कार्टून दोबारा छापने की सजा देने के लिए शार्ची एब्दो के पूर्व कार्यालय पर हमला किया था। इस वारदात में कई लोग मारे गए थे।
राष्ट्रपति के ये भाषण देश की आत्मा, भविष्य की राह दिखाएंगे : प्रधान
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के भाषणों के दो पुस्तक संग्रहों ‘लोकतंत्र के स्वर’ व ‘द रिपब्लिकन एथिक’ का विमोचन करते हुए केंद्रीय शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, ये भाषण देश की आत्मा हैं और भविष्य की राह प्रशस्त करते हैं। यह राष्ट्रपति के भाषण शृंखला की चौथी कृति है। इसमें कार्यकाल के चौथे वर्ष में दिए भाषणों को संकलित किया गया है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, राष्ट्रपति के ये भाषण किसी समय सीमा में बंधने वाले नहीं और इस दौरान भारत की यात्रा का सजीव चित्रण हैं। ये देश की विकास यात्रा की झांकी पेश करते हैं। देश इस वक्त बेहद जरूरी बदलाव के दौर से गुजर रहा है। हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। अपने भविष्य को नया आयाम देने की दिशा में बढ़ रहे हैं।
अलकायदा का रवैया खुदा, मानवता, इस्लाम विरोधी : संघ
आतंकवादी संगठन अलकायदा की भारत पर हमले की धमकी के बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने कहा है कि ऐसे संगठन सिर्फ हिंसा फैलाने के लिए काम करते हैं। अलकायदा ने मंगलवार को बयान जारी कर दिल्ली, मुंबई, यूपी और गुजरात में आत्मघाती हमले के धमकी दी थी। संघ के नेता इंद्रेश कुमार ने कहा कि अलकायदा का रवैया खुदा विरोधी, इस्लाम विरोधी, पैगंबर विरोधी और इंसानियत विरोधी है। उन्होंने कहा, पैगंबर मोहम्मद ने भी मक्का से मदीना की यात्रा धार्मिक वजहों से की थी।
इंद्रेश कुमार ने कहा, सभी तरह की हिंसा और विवाद को खत्म करके ही शांति हासिल की जा सकती है। इसलिए जो भी अल कायदा कर रहा है वह न सिर्फ ईश्वर बल्कि मानवता, इस्लाम और पैगंबर के भी खिलाफ है। ऐसी शैतानिक ताकतों को उचित जवाब देने के लिए हम प्रार्थना करते हैं कि दुनिया में शांति हो। हम प्रार्थना करते हैं कि भारत में सौहार्द हो।