फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   South Korea apologizes to Samsung Vice President, read some major news

South Korea : दक्षिण कोरिया ने सैमसंग उपाध्यक्ष को दी माफी, पढ़ें देश-दुनिया की कुछ प्रमुख खबरें

Sat, 13 Aug 2022 06:58 AM IST
योगेश साहू एजेंसी, सियोल।
एजेंसी, सियोल। Published by: योगेश साहू Updated Sat, 13 Aug 2022 06:58 AM IST
विज्ञापन
South Korea apologizes to Samsung Vice President, read some major news
फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला

दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यून सुक योल ने सैमसंग के उपाध्यक्ष जे योन्ग ली को माफ कर दिया है। उनकी 30 महीने कैद की सजा में एक साल बाकी था। दक्षिण कोरिया के न्याय मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रीय आर्थिक संकट से उबरने के लिए देश को व्यावसायिक नेतृत्व की जरूरत है। हालांकि, यह फैसला प्रतीकात्मक है, क्योंकि 18 माह जेल में बिताने के बाद से ली पैरोल पर थे।

विज्ञापन


दक्षिण कोरिया के न्याय मंत्री हान डोंग हून ने कहा, आर्थिक संकट दूर करने के लिए विकास इंजन का नेतृत्व करने वाले आर्थिक नेताओं को सावधानीपूर्वक चुना है। राष्ट्रपति ने 1700 लोगों को माफी देने का फैसला किया है। सोमवार को स्वतंत्रता दिवस पर इसकी आधिकारिक घोषणा होगी। राष्ट्रपति यून ने ली के अलावा लोटे समूह के प्रमुख शिन डांग-बिन को भी माफी दी है।
विज्ञापन


वह भी भ्रष्टाचार के आरोप में ढाई साल जेल में बिता चुके हैं। माफी मिलने के बाद लोटे ने शुक्रिया अदा करते हुए आर्थिक संकट से उबरने में मदद का वादा किया। विश्लेषकों के मुताबिक, ली को सजा मिलने और उन पर प्रतिबंधों के बाद कई बड़े निवेश कार्यक्रम अधर में थे। 
विज्ञापन
विज्ञापन


जबरन वसूली के आरोपी आईपीएस के खिलाफ जांच के आदेश
साल 2010 के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के निलंबित अधिकारी सौरभ त्रिपाठी के खिलाफ कथित जबरन वसूली (रंगदारी) के मामले में विभागीय जांच का आदेश दिया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार ने हाल ही में आदेश जारी किया था, लेकिन जांच अब तक शुरू नहीं हुई है क्योंकि त्रिपाठी फरार हैं। आंगड़िया एसोसिएशन के कुछ सदस्यों की शिकायत पर त्रिपाठी के खिलाफ दिसंबर 2021 में एफआईआर दर्ज की गई थी।

अब यूपीआई से भी होगा पेंशन का भुगतान
पेंशन फंड रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी ने कहा है कि अटल पेंशन योजना और नेशनल पेंशन सिस्टम में यूपीआई से भी भुगतान कर सकते हैं। अभी आईएमपीएस, एनईएफटी और आरटीजीएस से भुगतान की सुविधा है।

जुलाई में खाद्य तेलों का आयात 31% बढ़कर 12.05 लाख टन
वैश्विक स्तर पर पाम तेल, सोयाबीन और सूरजमुखी तेल की कीमतें जून से घटने के बीच खाद्य तेल का आयात जुलाई में 31 फीसदी बढ़कर 12.05 लाख टन पहुंच गया। पिछले साल जुलाई में 9.17 लाख टन खाद्य तेलों का आयात हुआ था। सॉल्वेंट एक्सट्रेक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एसईए) ने शुक्रवार को बताया, इस दौरान खाद्य और गैर-खाद्य तेलों समेत वनस्पति तेलों का आयात 24% बढ़कर 12,14,353 टन रहा।

जुलाई, 2021 में यह 9,80,624 टन था। नवंबर, 2021 से जुलाई, 2022 के बीच खाद्य तेलों का कुल आयात बढ़कर 96,95,305 टन हो गया। इसमें रिफाइंड पाम तेल 11,44,496 टन, कच्चा पाम तेल 36,59,699 टन, कच्चा सोयाबीन तेल 33,30,556 टन, सूरजमुखी तेल 15,03,627 टन रहा। गैर-खाद्य तेलों का आयात 2% घटकर 2,79,688 टन रहा।

विदेशी मुद्रा भंडार घटकर 572.97 अरब डॉलर
देश का विदेशी मुद्रा भंडार 5 अगस्त को समाप्त हफ्ते में 89.7 करोड़ डॉलर घटकर  572.97 अरब डॉलर पर आ गया। 29 जुलाई वाले हफ्ते में 2.3 अरब डॉलर की गिरावट आई थी। विदेशी मुद्रा की संपत्तियों में 1.6 अरब डॉलर की कमी आई है।

अदाणी समूह करेगा ओडिशा में निवेश
अदाणी समूह ओडिशा में 57,575 करोड़ का निवेश करेगा। सीएम नवीन पटनायक की अध्यक्षता में ओडिशा सरकार के उच्चस्तरीय मंजूरी प्राधिकरण ने राज्य में 10 परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इसमें दो अदाणी समूह की हैं। समूह ने कहा, यहां हमने निवेश जारी रखा है।

कोविड महामारी के बाद पहला क्रूज शिप पहुंचा न्यूजीलैंड
न्यूजीलैंड में कोविड महामारी शुरू होने के बाद पहला क्रूज जहाज शुक्रवार को पहुंचा। न्यूजीलैंड ने 2020 की शुरुआत में सीमाओं को पूरी तरह बंद कर दिया था। इस साल मई में विमानों के िलए सीमा खोल दी गई। समुद्री जहाजों के आगमन व अन्य प्रतिबंध समाप्ति के बाद सिडनी से रवाना हुए कार्निवल ऑस्ट्रेलिया के पैसिफिक एक्सप्लोरर क्रूज जहाज को ऑकलैंड में लंगर डालने की अनुमति दे दी गई। इस पर लगभग 2,000 यात्री और चालक दल सदस्य हैं। पर्यटन मंत्री स्टुअर्ट नैश ने बताया, देश की विदेशी आय में 20 फीसदी पर्यटन से आता है।

स्वतंत्रता दिवस : 220 फुट लंबे तिरंगे का न्यूयॉर्क में फ्लाईपास्ट
अमेरिका में भारत की आजादी के अमृत महोत्सव के तहत स्वतंत्रता दिवस पर कई भव्य आयोजन होंगे। इनमें टाइम्स स्क्वायर पर विशालकाय बिलबोर्ड पर तिरंगा व हडसन नदी के ऊपर खादी से बने 220 फुट लंबे तिरंगे का फ्लाईपास्ट खास आकर्षण होंगे। फेडरेशन ऑफ इंडियन एसोसिएशन अध्यक्ष केनी देसाई ने बताया कि पिछले वर्षों की तरह प्रतिष्ठित एम्पायर स्टेट बिल्डिंग को भी भारतीय तिरंगे जैसा सजाया जाएगा। 220 फुट लंबा तिरंगा हडसन नदी के ऊपर से गुजरेगा तो न्यूयॉर्क के लाखों लोग इसे देख पाएंगे। 40वीं भारत दिवस परेड में तेलुगु सुपरस्टार अर्जुन मुख्य अतिथि होंगे। न्यूयॉर्क गवर्नर कैथी होशुल, मेयर एरिक एडम्स अतिथि होंगे।

पाकिस्तान : मौलवी की तारीफ से इन्कार पर बुजुर्ग की हत्या
पंजाब के चिनाब नगर में लोकप्रिय मौलवी की तारीफ से इन्कार पर अल्पसंख्यक अहमदिया बुजुर्ग 62 वर्षीय नसीर अहमद की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। पाकिस्तान की संसद 1974 में अहमदिया को गैरमुस्लिम घोषित कर चुकी है। उनके मस्जिदों में नमाज पढ़ने, रोजे रखने और हज करने पर भी रोक है। पुलिस के मुताबिक, लाहौर से करीब 170 किमी दूर चिनाब नगर में तहरीक-ए-लब्बैक पाकिस्तान संस्थापक खादिम हुसैन रिजवी की तारीफ में नारे नहीं लगाने पर कट्टरपंथी शहजाद हसन (20) ने उन्हें चाकू घोंप दिया।

भारतीय वाणिज्य दूतावास की दीवार पर लिखे नफरती नारे
अमेरिका में भारत के वाणिज्य दूतावास की दीवारों पर नफरती खालिस्तानी नारे लिखे जाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के मुताबिक, हर घर तिरंगा अभियान के विरोध में सान फ्रांसिस्को स्थित वाणिज्य दूतावास की दीवारों पर यह नारे लिखे गए। खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ के कार्यक्रमों को बाधित करने या खालिस्तानी झंडा फहराने वाले को नकद इनाम देने की घोषणा की थी।

युद्धाभ्यास के लिए पाकिस्तानी युद्धपोत तैमूर श्रीलंका पहुंचा
पाकिस्तान का युद्धपोत तैमूर कोलंबो पहुंचा है। चीन में बना युद्धपोत इसी साल पाक नौसेना में शामिल हुआ है। श्रीलंका के पश्चिमी समुद्र में यह श्रीलंकाई नौसेना के साथ युद्धाभ्यास में भाग लेगा। श्रीलंका ने भारत के दबाव में 11 अगस्त को चीन के जासूसी पोत युआन वांग-5 को हंबनटोटा आने की अनुमति नहीं दी थी, लेकिन इस बीच पाकिस्तानी पोत संग संयुक्त युद्धाभ्यास कर अजीब स्थिति पैदा कर दी है। पाकिस्तान जा रहे चीनी पोत को बांग्लादेश ने चटगांव में रुकने की इजाजत नहीं दी थी।

मनदीप कौर की आत्महत्या दुखद, दूतावास परिवार के संपर्क में : विदेश मंत्रालय
विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि न्यूयॉर्क में भारतीय महिला मनदीप कौर की आत्महत्या बहुत दुखद है और भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास महिला के परिवार और स्थानीय प्राधिकारियों के संपर्क में हैं। मनदीप कौर ने 3 अगस्त को खुदकुशी कर ली थी। उसने अपने पति रंजोतवीर सिंह संधू पर प्रताड़ना का आरोप लगाया। अपने ऊपर हुए जुल्मों के बारे में कौर ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बताया, न्यूयॉर्क में रह रहीं मनदीप कौर की खुदकुशी बेहद दुखद है। न्यूयॉर्क स्थित हमारा वाणिज्य दूतावास स्थानीय अधिकारियों, पुलिस, परिवार व भारतीय समुदाय के संपर्क में है। वाशिंगटन में हमारा दूतावास अमेरिकी अधिकारियों के साथ संपर्क में है, जिन्होंने हमें उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। बागची ने कहा कि अमेरिकी सरकार ने कहा है कि उनके कानूनों के अनुसार जो भी उचित कार्रवाई होगी की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed