रिपोर्ट: दुनिया में घटे परमाणु हथियार, चीन और पाकिस्तान बना रहे महाविनाशक हथियार, भारत ने भी बढ़ाई ताकत
चीन और पाकिस्तान लगातार अपने परमाणु हथियार बढ़ाने में जुटे हैं। भारत भी पड़ोसी देशों को टक्कर देने के लिए अपनी ताकत में इजाफा कर रहा है। हाल ही में दुनियाभर के परमाणु हथियारों पर नजर रखने वाली अंतरराष्ट्रीय संस्था सिप्री की वार्षिक रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है।
विस्तार
परमाणु बमों के ढेर पर बैठी दुनिया के लिए अच्छी और बुरी दोनों ही खबरें हैं। राहत की बात ये है कि दुनिया में परमाणु हथियार घटे हैं। वहीं चिंता बढ़ाने वाली खबर ये है कि परमाणुशक्ति संपन्न देश परमाणु हथियारों को पहले से अधिक घातक बना रहे हैं। चीन और पाकिस्तान लगातार अपने परमाणु हथियार बढ़ाने में जुटे हैं। भारत भी पड़ोसी देशों को टक्कर देने के लिए अपनी ताकत में इजाफा कर रहा है। हाल ही में दुनियाभर के परमाणु हथियारों पर नजर रखने वाली अंतरराष्ट्रीय संस्था सिप्री की वार्षिक रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है।
सिप्री की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन-पाकिस्तान से मुकाबले के लिए भारत ने भी हथियारों का जखीरा बढ़ाना शुरू कर दिया है। रिपोर्ट की मानें तो पिछले एक साल में चीन ने 30 और पाकिस्तान ने 5 नए परमाणु बम बनाए हैं, जबकि भारत ने 6 नए परमाणु बम बनाए हैं। भारत के पास कुल परमाणु हथियारों की संख्या अब बढ़कर 156 हो गई है।
उत्तर कोरिया ने बढ़ाए इतने परमाणु हथियार
उत्तर कोरिया ने पिछले साल की तुलना में 10 नए परमाणु बम बनाए हैं। इस तरह साल-2021 में परमाणु हथियार संपन्न राष्ट्रों अमेरिका, रूस, ब्रिटेन, फ्रांस, चीन, भारत, पाकिस्तान, इस्राइल और उत्तर कोरिया के पास कुल 13,080 परमाणु बम हैं। जबकि 2020 में यह आंकड़ा 13,400 था यानी इस साल 320 कम हुए हैं।
तैनात परमाणु हथियारों की संख्या बढ़ी
परमाणु बमों की कुल संख्या में भले कमी आई हो, लेकिन तुरंत इस्तेमाल के लिए सेना के पास तैनात परमाणु हथियारों की संख्या में बढ़ गई है। वर्ष 2020 में 3,720 परमाणु बम तैनात थे। वहीं वर्ष 2021 में 3,825 परमाणु हथियार कभी भी हमले के लिए बिल्कुल तैयार हालत में हैं। इनमें 2,000 परमाणु बम रूस और अमेरिका के हैं।
हथियारों को अत्याधुनिक बनाने में जुटे अमेरिका-रूस
सिप्री के मुताबिक, वर्ष 1990 के दशक से शुरू हुआ, परमाणु बमों को कम करने का सिलसिला अब थम गया है। अमेरिका और रूस अपने परमाणु हथियारों को लगातार अत्याधुनिक बना रहे हैं। दोनों देशों ने पिछले साल की तुलना में 50 और परमाणु बमों को बिल्कुल हमला करने की स्थिति में तैनात कर दिया है। रूस ने अपने जखीरे में 180 परमाणु बम बढ़ाए हैं।
देश 2021 में 2020 में
- अमेरिका 5,550 5,800
- रूस 6,255 6,375
- ब्रिटेन 225 215
- फ्रांस 290 290
- चीन 350 320
- भारत 156 150
- पाकिस्तान 165 160
- इजरायल 90 90
- उ. कोरिया 40-50 30-40