अमेरिका: कैलिफोर्निया के रेलयॉर्ड में फायरिंग, सिख समेत 8 मरे
कैलिफोर्निया के सैन जोस रेलयार्ड में बुधवार को गोलीबारी की घटना हो गई जिसमें कई लोग मारे गए और कई घायल हो गए। जानकारी के अनुसार गोलियां चलाने वाला संदिग्ध भी मारा गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अमेरिका में लगातार बढ़ते गोलीकांडों के बीच एक बंदूकधारी ने कैलिफोर्निया के रेलयार्ड में गोलियां बरसाकर आठ लोगों को मौत के घाट उतार दिया। मारे गए लोगों में एक सिख तपतेजदीप सिंह भी शामिल है। फायरिंग करने वाला आरोपी रेलयार्ड का ही कर्मचारी था जिसने फायरिंग के बाद आत्महत्या कर ली। यह गोलीकांड सैन जोस में सैंटा क्लारा वैली परिवहन प्राधिकरण (वीटीए) के रेलयार्ड में हुई।
वीटीए सांता क्लारा काउंटी में बस, लाइट रेल और अन्य पारगमन सेवाएं देती है और यहीं पर सिलिकॉन वैली भी है। सांता क्लारा काउंटी शेरिफ लॉरी स्मिथ ने कहा, जब हमारे अधिकारी घटनास्थल पहुंचे तब वह फायरिंग कर रहा था। बाद में उसने खुदकुशी कर ली। मृतकों में से अधिकतर लोग पारगमन एजेंसी में बस और लाइट रेल ऑपरेटर, मैकेनिक, लाइनमैन और सहायक अधीक्षक के तौर पर काम कर रहे थे। बताया गया कि संदिग्ध सोम कैसिडी ने इस हमले को अंजाम देने से पहले अपने घर को भी आग लगा दी थी। मृतकों में 36 वर्षीय सिख तपतेजदीप सिंह के अलावा पॉल मेगिया (42), एड्रियन बैलेजा (29), जोस डेजीसस हर्नांडेज (35), टिमोथी माइकल रोमो (49), माइकल जोसेफ रुडोमेटकिन (40), अब्दुलवहाब अलगमंदान (63) और लार्स केप्लपर लेन (63) शामिल हैं। एक व्यक्ति की हालत गंभीर है।
मेरे भाई को क्यों मारा, उसका हमलावर से कोई लेनादेना नहीं था
तपतेजदीप सिंह के रिश्ते के भाई बग्गा सिंह ने बताया कि सिंह पिछले 8 वर्षों से लाइट ट्रेन चालक के तौर पर यहां कार्यरत था। उसके परिवार में पत्नी, दो छोटे बच्चे व माता-पिता शामिल हैं। उन्होंने कहा, हमने सुना है उसने सबको चुन चुनकर मारा, लेकिन हमलावर ने मेरे भाई को क्यों मारा, क्योंकि सिंह का उससे कोई लेनादेना नहीं था। बग्गा को बताया गया कि हमलावर ने कुछ लोगों को निशाना बनाया व अन्य को जाने दिया।
सिख समुदाय के लिए दुखद दिन
रेलयार्ड में मारे गए तपतेजदीप सिंह के चचेरे भाई जगमिंदर सिंह ने कहा उसकी मौत की खबर पूरे समुदाय के लिए सदमे की तरह है, क्योंकि वह काफी मिलनसार था और किसी से शत्रुता थी ही नहीं। पंजाब के तरनतारन शहर के रहने वाले सिंह को लेकर अमेरिकी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के समन्वयक डॉ. प्रीतपाल सिंह ने कहा कि यह सिख समुदाय के लिए एक दुखद दिन है।
गुस्सैल था कैसिडी, साथियों को मार देना चाहता था : पत्नी
हमलावर की पहचान 57 वर्षीय सोम कैसिडी के रूप में हुई है। वह 2012 से वीटीए में ही कार्यरत था। हालांकि यह नहीं बताया गया है कि उसने हमला क्यों किया। डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी जेफ रोजेन ने कहा कि गोलीबारी की घटना संभवत: एक बैठक के दौरान हुई। कैसिडी की पूर्व पत्नी सेसिलिया नेल्म्स ने बताया कि कैसिडी गुस्सैल था व उसका अवसाद का उपचार भी हुआ था। पत्नी ने बताया कि कैसिडी अक्सर उससे कहता था कि वह कार्यस्थल पर काम करने वालों को जान से मार देना चाहता है लेकिन मैंने कभी उसकी इस बात पर यकीन नहीं किया।
डलास में भी गोलीबारी, 3 पुलिसकर्मी घायल
अमेरिका के उपनगर डलास में एक व्यक्ति के परेशानी में होने की शिकायत मिलने के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस के तीन अधिकारी गोलीबारी में घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि फ्लावर माउंड में 911 नंबर पर बुधवार शात सात बजे फोन आया था। इसके बाद तीन अधिकारी उस व्यक्ति से सम्पर्क करने की कोशिश कर रहे थे, जो घर पर अकेला था। तभी अंदर से गोलियां चलने लगी।