Big News: सऊदी अरब में रिट्वीट करने पर महिला को 34 साल कैद, वैकल्पिक ईंधन से घटेगा प्रदूषण, पढ़ें खास खबरें
अमेरिका के वाशिंगटन स्थित मानवाधिकार संगठन फ्रीडम इनिशियेटिव के मुताबिक, जनवरी 2021 में परिवार के साथ छुट्टियां मनाने आई सलमा को पकड़ लिया गया था। उन्हें वापस ब्रिटेन लौटना था। वहीं सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने वाहनों के लिए वैकल्पिक ईंधन के इस्तेमाल पर जोर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सऊदी अरब की अदालत ने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी में डॉक्टरी करने के बाद शोध में जुटी 34 साल की सलमा अल-शेहाब को 34 साल जेल की सजा सुनाई है। उन पर असंतुष्टों के एक ट्वीट को रिट्वीट कर अफवाहें फैलाने का आरोप लगाया गया है। सलमा दो बच्चों की मां हैं।
प्रिंस मोहम्मद के शासनकाल में सऊदी अरब में हाल में महिलाओं को गाड़ी चलाने और अन्य कई आजादी मिली हैं। उनके निर्देश पर ही असंतुष्टों के खिलाफ अभियान चलाया गया था। अमेरिका के वाशिंगटन स्थित मानवाधिकार संगठन फ्रीडम इनिशियेटिव के मुताबिक, जनवरी 2021 में परिवार के साथ छुट्टियां मनाने आई सलमा को पकड़ लिया गया था। उन्हें वापस ब्रिटेन लौटना था।
यह मामला अदालत में जाने से पहले ही सलमा 285 दिन जेल में गुजार चुकी थीं। सलमा शिया समुदाय से संबंध रखती हैं। उनके समुदाय के लोग अक्सर उत्पीड़न की शिकायत करते हैं।
प्रदूषण में कमी के लिए वैकल्पिक ईंधन पर देना होगा जोर : गडकरी
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने वाहनों के लिए वैकल्पिक ईंधन के इस्तेमाल पर जोर दिया। उन्होंने कहा, कच्चे तेल के आयात में कमी लाने के साथ प्रदूषण में कटौती के लिए इन वाहनों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। देश में 35 फीसदी प्रदूषण डीजल और पेट्रोल की वजह से कारण होता है।
आप ने नाबालिग को बना दिया कार्यकर्ता, कार्रवाई की मांग
एनसीपीसीआर ने गुजरात में 11 वर्षीय लड़के को पार्टी का कार्यकर्ता बनाने पर आम आदमी पार्टी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। एनसीपीसीआर ने गुजरात के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर कहा कि आम आदमी पार्टी की गुजरात इकाई के अध्यक्ष गोपाल इटालिया और पार्टी नेता इसुदान गढ़वी ने राजनीतिक लाभ के लिए एक नाबालिग बालक का इस्तेमाल किया।
हमलावर मतर हैरान, बच कैसे गए सलमान रुश्दी
मशहूर लेखक सलमान रुश्दी पर हमला करने वाले हदी मतर ने उनके जिंदा बच जाने पर हैरानी जताई है। हमलावर ने जेल से दिए एक साक्षात्कार में कहा, जब मैंने सुना कि वह बच गए तो मुझे विश्वास नहीं हुआ। उसने यह नहीं बताया कि क्या वह साल 1989 में ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह खोमैनी के फतवे से प्रेरित था। मतर ने कहा, मैंने रुश्दी के उपन्यास के कुछ पन्ने पढ़े हैं। मुझे वह व्यक्ति पसंद नहीं था। रुश्दी इस्लाम पर हमला करते हैं। मतरन ने कहा, वह ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड के संपर्क में नहीं था। रुश्दी के न्यूयॉर्क जाने की जानकारी मिलने के बाद उसने हमले की तैयारी की।
माह अंत तक श्रीलंका पहुंचेगा आईएमएफ का प्रतिनिधिमंडल
अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ) का शीर्ष प्रतिनिधिमंडल इस महीने के अंत में कर्मचारी-स्तरीय समझौते की रूपरेखा तैयार करने के लिए श्रीलंका पहुंचेगा। श्रीलंका के केंद्रीय बैंक के गवर्नर नंदलाल वीरसिंघे ने बताया कि राहत पैकेज को लेकर आईएमएफ के साथ श्रीलंका सरकार की बातचीत में अच्छी प्रगति हुई है। आईएमएफ मिशन के इस महीने के अंत में श्रीलंका का दौरा करने की योजना में है, ताकि एक कर्मचारी-स्तर समझौते पर पहुंचा जा सके। 2.2 करोड़ लोगों की आबादी वाला देश फिलहाल 51 अरब डॉलर के विदेशी कर्ज से दबा है, 28 अरब डॉलर का भुगतान 2027 तक करना है।
इस्राइली सैनिकों के साथ मुठभेड़ में किशोर की मौत
इस्राइली सैनिकों के साथ मुठभेड़ में फलस्तीनी किशोर की मौत हो गई। झड़प में 35 लोग घायल भी हुए हैं। हिंसा भड़कने की वजह साफ नहीं है। इस्राइली सुरक्षा बल हर रोज वेस्ट बैंक में आतंकियों की धरपकड़ कर रहे हैं। आतंकियों के समर्थन मे स्थानीय लोग सुरक्षा बलों से भिड़ जाते हैं। आतंकी समूहों के दफ्तर सील किए : इस्राइल ने कई आतंकी समूहों के दफ्तर सील किए। इन्हीं समूहों में से एक अल-हक के निदेशक शवां जबारीन का कहना है कि वह मानवाधिकार संगठन चलाते हैं। हालांकि फलस्तीन के समर्थक जरूर हैं।
ममता बनर्जी से मिले स्वामी, भाजपा नेतृत्व की आलोचना की
भाजपा के पूर्व सांसद सुब्रह्मण्यम स्वामी बृहस्पतिवार को तृणमूल नेता और पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी से कोलकाता में मिले। कभी सोनिया गांधी और जयललिता को एक साथ लाकर अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार एक वोट से गिरवा देने वाले स्वामी के इस कदम को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है। वहीं, स्वामी ने पार्टी संसदीय बोर्ड के गठन को लेकर नेतृत्व की आलोचना की है। उन्होंने ट्वीट किया, जनता पार्टी और भाजपा के आरंभिक दिनों में पार्टी पदों को भरने के लिए चुनाव कराए जाते थे। आज ऐसे चुनाव नहीं हो रहे। हर पद को मोदी की मंजूरी के बाद भरा जा रहा है।
कारखानों में काम के लिए ले जा रहे 12 बच्चों को बचाया
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक ट्रेन से 12 बच्चों को बचाया गया और सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। जीआरपी के मुताबिक, बच्चों को कारखानों में काम करवाने के लिए यूपी और पंजाब ले जाते समय कर्मभूमि एक्सप्रेस से बचाया गया। पीड़ित कटिहार, पूर्णिया, दरभंगा, सीतामढ़ी, अररिया और शिवहर जिलों के रहने वाले हैं।
झारखंड : कैदी की हत्या के 15 दोषियों को मौत की सजा
झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले की एक अदालत ने बृहस्पतिवार को जमशेदपुर सेंट्रल जेल के कैदी की 2019 में हुई मौत मामले में 15 लोगों को फांसी की सजा सुनाई। अतिरिक्त जिला जज-4 राजेंद्र कुमार सिन्हा की अदालत ने 15 लोगों को धारा 302 और 120 बी के तहत दोषी ठहराते हुए मौत की सजा सुनाई। वहीं सात अन्य लोगों को 10 साल जेल की सजा सुनाई।
भारत-वियतनाम की सेनाओं ने किया विनबैक्स अभ्यास
भारत और वियतनाम की सेनाओं ने दोनों देशों के बीच बढ़ते रक्षा और सुरक्षा संबंधों के तहत हरियाणा के चंडीमंदिर में तीन सप्ताह का सैन्य अभ्यास किया। ‘विनबैक्स 2022’ अभ्यास की शुरुआत एक अगस्त से हुई थी। इसका उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियानों में सेना की इंजीनियरिंग और चिकित्सा टीमों की तैनाती करना था। वियतनाम ने पहली बार दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में दल की तैनाती की है। भारत काफी समय से इस अभियान का हिस्सा रहा है। भारत और वियतनाम साझे हितों की रक्षा के लिए पिछले कुछ वर्षों में अपने समुद्री सुरक्षा सहयोग को बढ़ा रहे हैं।
पार्टी करती दिखीं फिनलैंड की प्रधानमंत्री ड्रग्स लेने का आरोप
प्रधानमंत्री सना मारिन (36) का पार्टी करते वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह दोस्तों के साथ मस्ती में झूमती-गाती दिख रही हैं। विपक्षी पार्टियों का आरोप है कि मारिन ने पार्टी में ड्रग्स ली थी। उन्हें ड्रग्स टेस्ट कराना चाहिए। पीएम ने आरोप से इनकार किया है। दुनियाभर में सना मारिन किसी देश की सबसे युवा प्रधानमंत्री हैं। इससे पहले चिली के प्रधानमंत्री गैबरियल बोरिक के पास यह खिताब था। प्रधानमंत्री ने कहा, उन्हें पता है कि यह वीडियो किसने बनाया है, लेकिन इसके सार्वजनिक होने पर अफसोस है। मेरा पार्टी करना, नाचना-गाना पूरी तरह कानूनी है। मैंने ड्रग्स कभी नहीं ली है।