Report: एलन मस्क ने यूक्रेन शांति प्रस्ताव पेश करने से पहले रूसी राष्ट्रपति पुतिन से की थी बात, मिला यह जवाब
मस्क ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल के माध्यम से यूक्रेन में रूसी कार्रवाइयों को समाप्त करने के लिए एक ट्विटर सर्वेक्षण की कोशिश की थी। टेस्ला के सीईओ ने संघर्ष के हल के लिए कई विचार तैयार किए थे, जिसमें अपने फॉलोअर्स से अपने प्रस्तावों पर "हां" या "नहीं" में वोट करने के लिए कहा था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूक्रेन में चल रहे युद्ध को समाप्त करने के लिए ट्विटर पर शांति प्रस्ताव पेश करने से पहले टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ सीधे बात की थी। यह जानकारी कनाडाई-अमेरिकी न्यूज वाइस (VICE) द्वारा प्रकाशित एक रिपोर्ट में दी गई है। दुनिया के सबसे धनी व्यक्ति मस्क ने पिछले हफ्ते यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की सहित यूक्रेनी अधिकारियों से अपने ट्वीट के जरिए प्रतिक्रिया व्यक्त की थी, जिसमें मास्को और कीव के बीच चल रहे युद्ध के दौरान "शांति" लाने की सलाह दी गई थी।
मस्क ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल के माध्यम से यूक्रेन में रूसी कार्रवाइयों को समाप्त करने के लिए एक ट्विटर सर्वेक्षण की कोशिश की थी। टेस्ला के सीईओ ने संघर्ष के हल के लिए कई विचार तैयार किए थे, जिसमें अपने फॉलोअर्स से अपने प्रस्तावों पर "हां" या "नहीं" में वोट करने के लिए कहा था, इसमें औपचारिक रूप से रूस द्वारा क्रीमिया पर कब्जा करने को जायज ठहराना शामिल था।
वाइस की रिपोर्ट में कहा गया है कि "यूरेशिया समूह के ग्राहकों को भेजे गए एक मेल में इयान ब्रेमर ने लिखा है कि टेस्ला के सीईओ मस्क ने उन्हें बताया कि पुतिन बातचीत के लिए तैयार' थे, लेकिन शर्त यह थी कि केवल क्रीमिया पर रूस का कब्जा बरकरार रहे और यूक्रेन स्थायी तटस्थता का एक रूप स्वीकार कर ले। साथ ही रूस के लुहांस्क, दोनेत्सक, खेरसान और जापोरिझिया के कब्जे को यूक्रेन मान्यता दे दे। बता दें कि इयान ब्रेमर एक अमेरिकी राजनीतिक वैज्ञानिक और लेखक हैं जो वैश्विक राजनीतिक जोखिम पर ध्यान केंद्रित करते हैं।
ब्रेमर के अनुसार, मस्क ने कहा कि पुतिन ने उन्हें बताया कि इन लक्ष्यों को किसी भी कीमत पर और यहां तक कि परमाणु हमले के संभावित जोखिम पर भी पूरा किया जाएगा, यदि यूक्रेन ने क्रीमिया पर आक्रमण किया। उन्होंने लिखा कि टेस्ला के सीईओ ने उनसे कहा कि "उस परिणाम से बचने के लिए सब कुछ करने की जरूरत है।"
इससे पहले मस्क की टिप्पणियों से नाराज जर्मनी में यूक्रेन के पूर्व राजदूत एंड्रीज मेलनिक ने मस्क पर जोरदार हमला किया था। मेलनीक ने एक ट्वीट में अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा कि मेरा आपके लए यही कूटनीतिक जवाब है। उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, "इसका एकमात्र परिणाम यह है कि अब कोई भी यूक्रेनियन कभी भी आपका बकवास टेस्ला कार नहीं खरीदेगा। इसके लिए आपको शुभकामनाएं।"
बता दें कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पिछले हफ्ते औपचारिक रूप से यूक्रेन के चार क्षेत्रों - दोनेत्सक, लुहान्स्क, खेरसान और जापोरिझिया के रूस में विलय की घोषणा की थी और दावा किया था कि यह लाखों लोगों की इच्छा है। रूस ने 24 फरवरी, 2022 को यूक्रेन में एक विशेष सैन्य अभियान शुरू किया था, इस आधार पर कि दोनेत्सक और लुहांस्क गणराज्यों के लोगों ने खुद को बचाने के लिए रूस से मदद का अनुरोध किया था। सैन्य अभियान के बाद पश्चिमी देशों द्वारा रूसी अर्थव्यवस्था को लक्षित करने वाले कई प्रतिबंध लगाए गए हैं।