Conflict: ईरान-इस्राइल तनातनी के बीच पुतिन की पहल, ईरान में रूसी कर्मचारियों की सुरक्षा पर नेतन्याहू से समझौता
ईरान और इस्राइल के बीच चल रहे युद्ध जैसे हालात के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि उन्होंने इस्राइल से वादा लिया है कि ईरान के बुशहर परमाणु संयंत्र पर काम कर रहे रूसी कर्मचारियों की सुरक्षा की जाएगी। पुतिन ने यह भी बताया कि वे इस संघर्ष को रोकने के लिए ईरान और इस्राइल, दोनों से बात कर रहे हैं।
विस्तार
इस्राइल और ईरान के बीच चल रहे तनाव के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का बड़ा बयान सामने आया है। शुक्रवार को उन्होंने कहा कि उन्होंने इस्राइल से रूस के कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का वादा हासिल किया है, जो ईरान के बुशहर शहर में रूस द्वारा बनाए जा रहे परमाणु संयंत्र पर काम कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि इस्राइल और ईरान के बीच जारी युद्ध रोकने के लिए वो दोनों देशों से बातचीत कर रहे हैं।
बता दें कि राष्ट्रपति पुतिन ने पीटर्सबर्ग इंटरनेशनल इकोनॉमिक फोरम में प्रत्रकारें से बातचीत के दौरान ये बाते कही। उन्होंने कहा कि रूस ने इस्राइल और ईरान संघर्ष को शांत करने के लिए कुछ प्रस्ताव दिए हैं, जिनपर अभी चर्चा चल रही है।
ये भी पढ़ें:- Geneva Meeting: शीर्ष ईरानी राजनयिक और यूरोपीय देशों की बैठक में कोई ठोस नतीजा नहीं; बातचीत की उम्मीद बरकरार
नेतन्याहू और पुतिन की बातचीत
पुतिन ने आगे बताया कि इस्राइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष के मुद्दे पर उन्होंने इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बातचीत की है, ताकि बुशहर परमाणु संयंत्र पर काम कर रहे रूसी कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इसके अलावा, उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से भी इस मुद्दे पर बात की। इसके साथ ही पुतिन ने ये भी कहा कि प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने हमारे आग्रह को स्वीकार किया है और राष्ट्रपति ट्रंप ने हमारे वैध आग्रहों को समर्थन देने का वादा किया है।
'ईरान का साथ नहीं छोड़ेगा रूस'
पत्रकारों से बातचीत के दौरान एक सवाल के जवाब में रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने यह भी स्पष्ट किया कि रूस ने अपने सहयोगी ईरान का साथ छोड़ने जैसा कोई काम नहीं किया है। पुतिन ने कहा कि रूस ईरान और इस्राइल दोनों से अच्छे संबंध बनाए रखना चाहता है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि इस्राइल में लगभग 20 लाख लोग ऐसे हैं जो रूस या सोवियत संघ के अन्य देशों से आए हैं, और यह बात रूस हमेशा ध्यान में रखता है।
ये भी पढ़ें:- घुटनों पर पाकिस्तान: शहबाज ने जताई सभी लंबित मुद्दों पर भारत से वार्ता की इच्छा; अमेरिका के सामने गिड़गिड़ाए
ईरान के शांतिपूर्ण परमाणु कार्यक्रम के साथ रूस
साथ ही, पुतिन ने यह भी दोहराया कि रूस हमेशा से ईरान के शांतिपूर्ण परमाणु कार्यक्रम के समर्थन में रहा है और अपने सभी वादों को निभाता आया है। उन्होंने ईरान के परमाणु ठिकानों के चारों ओर बढ़ते तनाव पर चिंता जताई। साथ ही कहा कि इस संघर्ष के संभावित गंभीर परिणाम हो सकते हैं। गौरतलब है कि इस बयान के जरिए रूस ने यह संकेत दिया है कि वह इस युद्ध में न केवल तटस्थ भूमिका निभाना चाहता है, बल्कि एक मध्यस्थ की तरह समाधान की ओर भी कदम बढ़ा रहा है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.