अजरबैजान विमान मामला: राष्ट्रपति पुतिन ने माफी मांगी, कहा- यूक्रेनी ड्रोन को विफल करने का कर रहे थे प्रयास
Russia: कजाखस्तान में अजरबैजान के विमान की दुर्घटना पर रूस ने पहली बार प्रतिक्रिया दी है। क्रेमलिन ने स्वीकार किया है कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने यूक्रेनी ड्रोन हमलों को रोकने के प्रयास में विमान को गिराया था। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पत्र लिखकर अजरबैजान से माफी मांगी है।
विस्तार
रूस ने शनिवार को माना कि उसके वायु रक्षा बलों ने यूक्रेन के ड्रोन हमलों को विफल करने के प्रयास में अजरबैजान एयरलाइंस के विमान को मार गिराया। क्रेमलिन ने कहा कि विमान रूस के ग्रोज्नी हवाई अड्डे पर उतरने का प्रयास कर रहा था, तभी रूस के कई क्षेत्रों में यूक्रेनी ड्रोन हमले हो रहे थे। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इस हादसे को लेकर माफी मांगी है।
विमान हादसे में गई 38 लोगों की जान
कजाखस्तान के अक्तौ में बुधवार की दोपहर करीब 12.30 बजे अजरबैजान एयरलाइंस का विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। इसमें 38 लोगों की जान चली गई थी। विमान में चालक दल के पांच सदस्यों सहित 62 लोग सवार थे। यात्री अजरबैजान, रूस, कजाखस्तान और किरगिस्तान के नागरिक थे। विमान अजरबैजान की राजधानी बाकू से उड़ान भरने के बाद रूस के दक्षिणी क्षेत्र ग्रोज्नी की ओर जा रहा था। लेकिन विमान एक धमाके के साथ कजाखस्तान के अक्तौ शहर के पास गिर गया था। क्रेमलिन ने इस बात को कबूल किया है कि रूसी वायु रक्षा बल यूक्रेन के सिलसिलेवार ड्रोन हमलों को विफल करने का प्रयास कर रहे थे, उसी समय विमान रूस के ग्रोज्नी में उतरने का प्रयास कर रहा था।
रूसी वायु रक्षा प्रणाली ने गिराया विमान
क्रेमलिन के बयान में कहा गया, अजरबैजान का यात्री विमान अपनी तय उड़ान पर था और बार-बार ग्रोज्नी हवाई अड्डे पर उतरने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान ग्रोज्नी, मोजडोक और व्लादिकावकाज पर यूक्रेनी ड्रोन हमले हो रहे थे और रूस की वायु रक्षा प्रणालियों ने इन हमलों को विफल किया।
रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने माफी मांगी
रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने आज अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव को एक पत्र भेजकर इस हादसे के लिए माफी मांगी। क्रेमलिन के बयान के मुताबिक, राष्ट्रपति पुतिन ने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के लिए माफी मांगी और शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की है। क्रेमलिन के सूत्रों ने बताया कि पुतिन ने अलीयेव से फोन पर भी बात की और इस घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की। यह पहली बार है जब क्रेमलिन ने इस दुर्घटना पर प्रतिक्रिया दी है।
अमेरिका और यूक्रेन ने भी दी प्रतिक्रिया
व्हाइट हाउस के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने शुक्रवार को पत्रकारों से कहा कि अमेरिकी अधिकारियों को पहले संकेत मिले थे कि विमान को रूस की वायु रक्षा प्रणाली ने गिराया है। हालांकि, उन्होंने इस पर और टिप्पणी करने से मना कर दिया। वहीं, यूक्रेनी राष्ट्रपति के प्रवक्ता एंड्री यरमाक ने कहा कि इस घटना के लिए रूस को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए।
रूस ने किया खुद का बचाव
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, रूस की विमानन एजेंसी के प्रमुख दिमित्री यदरोव ने कहा कि हाल ही में ग्रोज्नी और व्लादिकावकाज में नागरिक ढांचों पर यूक्रेनी ड्रोन हमलों ने स्थिति को बहुत जटिल बनाया। उन्होंने रूस की समाचार एजेंसी तास से कहा कि यूक्रेनी ड्रोन ने इन दोनों शहरों में महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर आंतकवादी हमले किए थे। इसके जवाब में ग्रोज्नी हवाई अड्डे के पास एक आपातकालीन प्रतिक्रिया योजना लागू की गई थी। वहीं, अजरबैजान एयरलाइंस ने घोषणा की है कि जांच पूरी होने तक बाकू से ग्रोज्नी के लिए सभी उड़ानें रोक रहेगी।
संबंधित वीडियो-
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.