{"_id":"65cc373fbcf6bfd7e8083e17","slug":"president-joe-biden-slammed-donald-trump-for-his-recent-remark-on-nato-2024-02-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"US: 'पुतिन नाटो में शामिल देशों पर हमला करते हैं तो हम करेंगे रक्षा', ट्रंप की आलोचना कर बोले राष्ट्रपति बाइडन","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
US: 'पुतिन नाटो में शामिल देशों पर हमला करते हैं तो हम करेंगे रक्षा', ट्रंप की आलोचना कर बोले राष्ट्रपति बाइडन
Wed, 14 Feb 2024 09:16 AM IST
काव्या मिश्रा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वॉशिंगटन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वॉशिंगटन
Published by: काव्या मिश्रा
Updated Wed, 14 Feb 2024 09:16 AM IST
सार
डोनाल्ड ट्रंप ने साउथ कैरोलाइना में हुई एक रैली में कहा था कि वह नाटो सहयोगियों से अपना रक्षा खर्च बढ़ाने के लिए कहेंगे, अन्यथा रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को उन देशों पर हमला करने के लिए प्रेरित करेंगे।
विज्ञापन
जो बाइडन, डोनाल्ड ट्रंप (फाइल)
- फोटो : ANI
विस्तार
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने मंगलवार को नाटो के प्रति एक बार फिर अमेरिकी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आलोचना करते हुए कहा कि 74 साल पुराना यह गठबंधन अमेरिका के लिए एक पवित्र प्रतिबद्धता है। दरअसल, यह गठबंधन डोनाल्ड ट्रंप के अमेरिकी राष्ट्रपति रहने के बाद मुश्किल में घिर गया था क्योंकि ट्रंप ने इसकी प्रासंगिकता पर सवाल उठाया था। इतना ही नहीं, ट्रंप ने हाल ही में फिर से उत्तर अटलांटिक संधि संगठन पर टिप्पणियां की थीं।
विज्ञापन
जब अमेरिका अपनी जुबान देता...
बाइडन ने मंगलवार को व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा, ‘जब अमेरिका अपनी जुबान देता है तो उसका कुछ मतलब होता है। जब हम कोई वादा करते हैं तो उसे निभाते हैं और नाटो एक पवित्र प्रतिबद्धता है। डोनाल्ड ट्रंप इसे ऐसे देखते हैं जैसे यह कोई बोझ हो।’
विज्ञापन
ट्रंप की टिप्पणी
बता दें, ट्रंप ने साउथ कैरोलाइना में हुई एक रैली में कहा था कि वह नाटो सहयोगियों से अपना रक्षा खर्च बढ़ाने के लिए कहेंगे, अन्यथा रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को उन देशों पर हमला करने के लिए प्रेरित करेंगे। इतना ही नहीं, ट्रंप ने कहा था कि रूस उन नाटो सदस्यों के साथ ‘जो करना चाहे, करें’, जो रक्षा पर खर्च के अपने लक्ष्यों को हासिल नहीं कर पाते हैं।
विज्ञापन
यह है नाटो का संकल्प
गौरतलब है, नाटो सहयोगियों ने साल 2014 में 2024 तक रक्षा पर सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का दो फीसदी खर्च करने का संकल्प लिया था। नाटो के आकलन के मुताबिक, 2023 की शुरुआत तक उसके 30 में से 10 सदस्य दो फीसदी तक या उससे अधिक खर्च करने के करीब थे जबकि 13 देश 1.5 प्रतिशत या उससे कम खर्च कर रहे थे।
जो बाइडन का पलटवार
रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनने के सबसे प्रबल दावेदार ट्रंप की टिप्पणियों पर जो बाइडन ने पलटवार किया। उन्होंने कहा, 'ट्रंप के लिए सिद्धांत मायने नहीं रखते हैं। सब कुछ लेन-देन है। वह यह नहीं समझते कि हमने जो वादा किया है वह हमारे लिए भी काम करता है। बल्कि मैं ट्रंप और नाटो से बाहर निकलने की इच्छा रखने वाले लोगों को याद दिलाऊंगा कि अनुच्छेद पांच को हमारे नाटो के इतिहास में केवल एक बार लागू किया गया है और यह 9/11 हमले के बाद अमेरिका के साथ एकजुटता जताने के लिए किया गया था।’
नाटो के पारस्परिक रक्षा खंड के अनुच्छेद पांच के तहत, सभी सहयोगी देश हमले की चपेट में आने वाले किसी भी सदस्य की मदद करने के लिए प्रतिबद्ध रहते हैं। बाइडन ने कहा, ‘जब तक मैं राष्ट्रपति रहूंगा, अगर पुतिन नाटो में शामिल देशों पर हमला करते हैं तो अमेरिका नाटो क्षेत्र की एक-एक इंच की रक्षा करेगा।’
हेली ने भी किया वार
अमेरिकी राष्ट्रपति ने ट्रंप की टिप्पणियों को शर्मनाक और अमेरिका विरोधी बताया। वहीं, रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी हासिल करने में ट्रंप की प्रतिद्वंद्वी निक्की हेली ने भी पूर्व राष्ट्रपति की टिप्पणियों के लिए उनकी आलोचना की है।