{"_id":"6089b3318ebc3ebd0c457cac","slug":"president-joe-biden-received-full-support-of-all-parties-in-the-us-parliament-to-help-india","type":"story","status":"publish","title_hn":"अमेरिका : राष्ट्रपति बाइडन को भारत की मदद पर दोनों दलों का भरपूर समर्थन","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
अमेरिका : राष्ट्रपति बाइडन को भारत की मदद पर दोनों दलों का भरपूर समर्थन
Thu, 29 Apr 2021 02:10 AM IST
Jeet Kumar
एजेंसी, वाशिंगटन।
एजेंसी, वाशिंगटन।
Published by: Jeet Kumar
Updated Thu, 29 Apr 2021 02:10 AM IST
सार
भारत में कोरोना से जूझ रहे लोगों की जान बचाने में राष्ट्रपति जो बाइडन को अमेरिकी संसद में दोनों दलों के सांसदों का भरपूर समर्थन मिला है। सांसदों ने न सिर्फ इस मदद के लिए बाइडन की तारीफ की बल्कि और अधिक प्रयास के लिए आग्रह भी किया। उधर राष्ट्रपति ने कहा है कि अमेरिका भारत को हर वह मदद भेज रहा है जिसकी उसे कोविड-19 के खिलाफ जंग में जरूरत पड़ेगी।
विज्ञापन
जो बाइडन (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बाइडन ने दोहराया कि भारत ने भी पिछले साल यही यही सब किया था जब उनके देश को जरूरत पड़ी थी। उन्होंने कहा, हम मदद की पूरी श्रृंखला तत्काल भेज रहे हैं, इनमें रेमडेसिविर व अन्य दवाएं तथा टीका बनाने की प्रणाली के लिए जरूरी मशीनी हिस्से भी शामिल हैं।
विज्ञापन
दूसरी तरफ अमेरिकी संसद के डेमोक्रेट व रिपब्लिकन सांसदों ने बाइडन के भारत को मदद की कोशिशें और अधिक बढ़ाने के लिए पूरी तरह समर्थन दिया है। सीनेट में विदेश मामलों की समिति के वरिष्ठ सदस्य ब्रैड शर्मन ने कहा, भारत की मदद हमारा नैतिक दायित्व है।
विज्ञापन
कांग्रेस सदस्य कैरोलिन बॉड्रियॉक्स ने कहा, मुझे खुशी है कि व्हाइट हाउस भारत को जीवनरक्षक चीजें मुहैया करा रहा है। कांग्रेसी सांसद माइकल वॉल्ट्ज प्रेस, बिल फोस्टर, राजा कृष्णमूर्ति और सीनेटर रॉबर्ट मेनेंडेज ने भी भारत की और अधिक मदद के लिए देश के नेतृत्व से अनुरोध किया।
विज्ञापन
इनके अलावा भारतवंशी सांसद रो खन्ना ने कहा, मुझे उम्मीद है कि राष्ट्रपति फाइजर के सीईओ से बात करके भारत को कम से कम छह महीने या एक साल के लिए टीकों का निर्माण करने देंगे। फाइजर, मॉडर्ना जैसी कंपनियों व यूएस चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स जैसे संगठनों के विरोध के बावजूद खन्ना ने कहा, भारत एक बड़ा बाजार है और दीर्घकालिक रूप से यह अनुमति अमेरिका के आर्थिक हित में रहेगी।
मदद के लिए सिंगापुर, कनाडा, न्यूजीलैंड, द. कोरिया ने भी बढ़ाए हाथ
भारत के लिए सिंगापुर, कनाडा, न्यूजीलैंड और दक्षिण कोरिया ने भी मदद के हाथ बढ़ाए हैं। कनाडाई पीएम जस्टिन त्रूदो ने भारतीय रेडक्रॉस को एक करोड़ डॉलर की मदद के लिए कहा है जिसमें अतिरिक्त चिकित्सा आपूर्ति शामिल है।
न्यूजीलैंड के विदेश मंत्री ननिया महुटा ने कहा हम भारत के लिए रेडक्रॉस को 7.20 लाख डॉलर की मदद देंगे जिसमें ऑक्सीजन सिलेंडर, ऑक्सीजन कन्संट्रेटर्स, एंबुलेंस और जरूरी मेडिकल जरूरतें शामिल होंगी।
इसी तरह, सिंगापुर विदेश मंत्रालय के उपमंत्री डॉ. मलिकी ओसमान ने भारतीय उच्चायुक्त पी. कुमारन को ऑक्सीजन सिलेंडर से भरे दो विमान बुधवार को सौंपे। दक्षिण कोरिया ने भी कहा है कि वह भारत को ऑक्सीजन कन्संट्रेटर्स, पीपीई किट और दूसरी चिकित्सा सामग्री भेजेगा।
50 वेंटिलेटर भेज रहा भारतवंशी फाउंडेशन
भारत-अमेरिकी चैम्बर ऑफ कॉमर्स (यूएसआईसीओसी) फाउंडेशन तथा उसके साझेदार संगठन भारत को अन्य चिकित्सा सामान के अलावा 50 वेंटिलेटर भेज रहे हैं। फाउंडेशन ने बुधवार को 20 वेंटिलेटर भेजने की व्यवस्था की है। वह अगले कुछ दिनों में 30 और वेंटिलेटर भेजेगा। अस्पतालों में वितरण के लिए ये वेंटिलेटर दिल्ली स्थित भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी को भेजे जाएंगे।
भारत के समर्थन में संयुक्त राष्ट्र, डब्ल्यूएचओ
भारत में कोविड-19 संकट को देखते हुए डब्ल्यूएचओ और संयुक्त राष्ट्र ने भी कहा है कि हालात काफी गंभीर हैं और वे भारत की हरसंभव मदद को तत्पर हैं।
डब्ल्यूएचओ प्रवक्ता तारिक जसारेविक ने कहा, वास्तव में 15 फीसदी से भी कम संक्रमितों को अस्पताल की जरूरत है। ऐसे में दवाओं, ऑक्सीजन सिलेंडर या अन्य सामान का स्टॉक न करें।
संयुक्त राष्ट्र के उप प्रवक्ता फरहान हक ने कहा वे भारतीय अधिकारियों के संपर्क में हैं और भारत की हर तरह से मदद करने को तत्पर हैं। संयुक्त राष्ट्र ने कहा उसकी कोशिश इस बात का ध्यान रखने की है कि भारत की स्वास्थ्य प्रणाली पर कुछ भी बोझ न बने।
नई गाइडलाइन : बिना मास्क घूम सकते हैं टीका ले चुके अमेरिकी
अमेरिकी स्वास्थ्य एजेंसी सीडीसी ने नई गाइडलाइन में घोषणा की है कि देश के भीतर जिन लोगों ने कोरोना टीके की पूरी खुराक ले ली है उन्हें अब न तो घर के भीतर मास्क पहनने की जरूरत है और न ही घर से बाहर।
ऐसे लोग पूरी तरह टीकाकरण करवा चुके अन्य लोगों के साथ बंद स्टेडियमों या अन्य जगहों पर बिना मास्क के जा सकते हैं। अमेरिका में 40 फीसदी वयस्कों को टीके की पूरी खुराक मिल चुकी है।
पाकिस्तान : एक दिन में सर्वाधिक 201 मौतें
पाकिस्तान में बुधवार को कोविड-19 से अब तक एक दिन में सर्वाधिक 201 मौतें दर्ज की गई हैं। इन्हें मिलाकर देश में अब तक संक्रमण से 17,530 लोगों की जान जा चुकी है। जबकि ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में 5,214 मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है। पिछले 24 घंटों के भीतर पाकिस्तान में 5,292 नए मामले सामने आए हैं।