नवाज शरीफ बोले- जानते हैं कि सलाखें इंतजार कर रही हैं लेकिन 'मुल्क' से बढ़कर कुछ नहीं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ अपनी बेटी मरियम शरीफ के साथ शुक्रवार की शाम पाकिस्तान पहुंच जाएंगे। वह सुबह लंदन एयरपोर्ट से अबु धाबी के लिए निकले और सुबह करीब 11 बजे पहुंचे। कुछ देर रुककर वह लाहौर के लिए निकलने वाले थे। लेकिन फ्लाइट देरी होने की बजह से वह रात आठ बजे पहुंचेंगे। पहले उनकी फ्लाइट शाम 6.15 बजे पहुंचने वाली थी।
उनके पाकिस्तान पहुंचने को लेकर वहां अफरा-तफरी मची हुई है। राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी पार्टियां जहां मरियम और नवाज को लेकर तरह-तरह के बयान दे रही हैं वहीं नवाज शरीफ की पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज के कार्यकर्ताओं में उनकी वापसी के लिए जोरदार स्वागत की तैयारी की है। प्रशंसक मीलों पैदल चलकर लाहौर एयरपोर्ट पहुंच रहे हैं। वहीं पार्टी के अध्यक्ष शहबाज शरीफ ने लाहौर एयरपोर्ट पर ही एक विशाल रैली की तैयारी की है।
पाकिस्तान के लिए निकलने से पहले पढ़िए नवाज ने क्या कहा-नवाज शरीफ बोले-एनएबी अदालत ने क्लीन चिट दी है और मैं खुद को सम्मानित महसूस कर रहा हूं
पनामा पेपर्स में शरीफ और परिवार का नाम आने के बाद जहां उन्हें प्रधानमंत्री पद से हटा दिया गया था और उनके राजनीतिक करियर को ही विराम लग गया था। जबकि पिछले हफ्ते एवेनफील्ड प्लॉट में नाम आने के बाद उन्हें दस साल जेल की सजा दी गई जबकि उनकी बेटी मरियम नवाज और दामाद को भी जेल की सजा सुनाई गई है।
नवाज और मरियम शाम 6 बजे तक लाहौर के अल्लामा इकबाल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। हो सकता है कि दोनों को एयरपोर्ट पहुंचते ही गिरफ्तार कर लिया जाए। स्थानीय मीडिया के मुताबिक उन्हें एयरपोर्ट पर एक हेलिकॉप्टर उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशंसकों की भारी भीड़ को देखते हुए लाहौर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। आज लाहौर के चप्पे-चप्पे पर करीब 10,000 सुरक्षा बल मौजूद है। यही नहीं पीएमएल-एन के वरिष्ठ नेताओं को 30 दिनों के लिए हाउस अरेस्ट कर दिया गया है। पंजाब सरकार ने एहतियात के तौर पर लाहौर और पंजाब प्रांत के कई इलाकों में मोबाईल फोन निलंबित करने की दरख्वास्त गृह मंत्रालय से की है। पंजाब सरकार ने दोपहर 3 बजे से रात 11 बजे तक मोबाइल नेटवर्क निलंबित किए जाने की बात कही है।
यह भी पढ़ें: जानिए क्या है वह मामला जिसमें नवाज को मिली 10 साल कैद की सजा
मरियम नवाज पर बीस लाख पाउंड (लगभग पौने दो करोड़ भारतीय रुपए) का जुर्माना भी लगाया गया है। मरियम नवाज के पति कैप्टन सफदर को भी एक साल की सजा सुनाई गई है। अदालत ने नवाज शरीफ को 10 साल और मरियम को सात जेल की सजा सुनाई है। लंदन छोड़ने से पहले नवाज, मरियम और उनके परिवार की भावुक तस्वीरें सामने आईं हैं।
शुक्रवार सुबह नवाज जब पाकिस्तान के लिए रवाना हो रहे थे तब वह अपनी बीमार पत्नी को देखने हॉस्पिटल पहुंचे। जब वह अपनी पत्नी से मिल रहे थे उस समय की फोटो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। एक तस्वीर में नवाज अस्पताल में भर्ती अपनी पत्नी के सिर पर हाथ रखे दिख रहे हैं। नवाज ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके पाकिस्तान लौटने की बात कही थी। उन्होंने अपनी सजा के पीछे 'राजनीतिक वजहों' को जिम्मेदार बताया था।उन्होंने कहा, "अपनी आंखों के सामने मुझे जेल की सलाखें दिख रही हैं, फिर भी मैं पाकिस्तान लौट रहा हूं।"
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान चुनाव 2018: इन दो पार्टियों ने दिए हैं सबसे ज्यादा प्रधानमंत्री, नवाज अकेले 3 बार बने पीएम
लाहौर में क्या है तैयारी, पाकिस्तान को लेकर क्या कहा नवाज ने
हवाई जहाज में बैठने से पहले नवाज ने देश और अपने प्रशंसकों के लिए एक संदेश भी दिया। इस संदेश को उनकी बेटी मरियम ने अपने ट्वीटर हैंडल पर शेयर किया जिसमें उन्होंने कहा कि पाकिस्तान एक निर्णायक मोड़ पर खड़ा है और जो कुछ उनके बस में था उन्होंने कर दिया है। उन्होंने देश की जनता से अपील करते हुए कहा कि वो कदम से कदम मिलाकर और हाथ में हाथ डाल कर चलें और मुल्क की तकदीर बदलें।
जांच एजेंसी नेशनल अकाउंटेबिलिटी ब्यूरो (नैब) के पास नवाज शरीफ की गिरफ्तारी का वारंट मौजूद है। उन्हें लाहौर पहुंचते ही गिरफ्तार किया जाना है। लेकिन अभी तक यह साफ नहीं है कि उन्हें कब और कहां से गिरफ्तार किया जाएगा। नैब के पंजाब विंग के डायरेक्टर ने नैब के चेयरमैन से दोनों बाप-बेटी की गिरफ्तारी के लिए हेलिकॉप्टर मंगाए हैं। बताया जा रहा है कि नवाज को लाहौर से रावलपिंडी जेल ले जाया जाएगा।
नवाज को जेल तब तक नहीं भेजा जा सकता जब तक वह अदालत में पेश नहीं किए जाते। लेकिन आज शाम जब तक वह लाहौर पहुंचेगे अदालत बंद हो चुकी होगी। इसलिए अनुमान यह भी है कि नैब दोनों को हिरासत में रखेगा और शनिवार की सुबह अदालत में पेश करेगा। पाकिस्तान मीडिया के अनुसार यह भी बातें सामने आईं हैं कि हो सकता है जेल के अंदर ही उनके लिए विशेष सुनवाई कराई जाए।