फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Pakistan Prime Minister Imran Khan lost a crucial trust vote in the National Assembly

पाकिस्तान: सत्ता के सुपर ओवर में हारे इमरान, खान सरकार ने खोया विश्वास मत, आज शहबाज शरीफ प्रधानमंत्री पद के लिए होंगे नामित

Sun, 10 Apr 2022 04:24 AM IST
देव कश्यप पीटीआई, इस्लामाबाद
पीटीआई, इस्लामाबाद Published by: देव कश्यप Updated Sun, 10 Apr 2022 04:24 AM IST
सार

मतदान के समय 69 वर्षीय खान निचले सदन में उपस्थित नहीं थे और उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के सांसदों ने भी बर्हिगमन किया। हालांकि, पीटीआई के बागी सदस्य सदन में उपस्थित रहे। खान को हटाए जाने के बाद सदन के नए नेता के चुनाव की प्रक्रिया का रास्ता साफ हो गया है।

विज्ञापन
Pakistan Prime Minister Imran Khan lost a crucial trust vote in the National Assembly
देर रात वोटिंग के बाद इमरान सरकार गिरी - फोटो : Amar Ujala

विस्तार

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान आखिरकार सियासी पिच पर क्लीन बोल्ड हो गए। नेशनल असेंबली में अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान टालने का हर प्रयास शनिवार आधी रात बाद नाकाम हो गया। मध्यरात्रि बाद मतदान में अविश्वास प्रस्ताव पारित कर दिया गया। हार के बाद इमरान ने देर रात पीएम हाउस छोड़ दिया। प्रस्ताव के पक्ष में 174 वोट पड़े। इस दौरान इमरान और उनकी पार्टी के सांसद सदन में गैरमौजूद रहे। 

विज्ञापन


इससे पहले, पीएमएल-एन नेता शहबाज शरीफ के नेतृत्व में विपक्ष के भारी दबाव और सुप्रीम कोर्ट के रात 12ः30 बजे सुनवाई करने की तैयारी को देखते हुए असेंबली के स्पीकर असद कैसर और डिप्टी स्पीकर कासिम खान सूरी ने इस्तीफा दे दिया। दोनोें ने असेंबली के प्रभारी पीठासीन अधिकारी अयाज सादिक को अपना इस्तीफा सौंपकर आगे की कार्यवाही चलाने के लिए अधिकृत कर दिया। विपक्षी दल पीएमएल-एन के सदस्य सादिक ने मतदान की प्रक्रिया शुरू की तो इमरान की पार्टी पीटीआई के सदस्य सदन से बाहर निकल गए। सत्ता पक्ष की गैरमौजूदगी में रात करीब 12ः40 बजे अविश्वास प्रस्ताव पारित हो गया।
विज्ञापन


मतदान से पहले स्पीकर और डिप्टी स्पीकर ने दिया इस्तीफा
मतदान से पहले नेशनल असेंबली के अध्यक्ष असद कैसर और उपाध्यक्ष कासिम सूरी ने भी इस्तीफा दे दिया। कैसर ने इमरान के साथ 30 साल पुराने संबंधों का हवाला देते हुए मतदान कराने से इनकार कर दिया कैसर ने कहा कि वह प्रधानमंत्री को हटाने की विदेशी साजिश में शामिल नहीं हो सकते। अपने इस्तीफे की घोषणा के बाद, अध्यक्ष ने पीएमएल-एन के सांसद अयाज सादिक को कार्यवाही की अध्यक्षता करने के लिए कहा।
विज्ञापन
विज्ञापन


आज असेंबली में नामित होंगे शहबाज शरीफ
पीएमएल-एन नेता शहबाज शरीफ नए पीएम बन सकते हैं। अविश्वास प्रस्ताव जीतने के बाद शहबाज ने कहा, पाकिस्तान के लिए आज से नया सबेरा होगा। संयुक्त विपक्ष ने पहले ही एलान कर दिया था कि पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज के अध्यक्ष शहबाज शरीफ उनके संयुक्त उम्मीदवार होंगे। अयाज सादिक ने कहा कि नए प्रधानमंत्री के लिए नामांकन पत्र रविवार दोपहर दो बजे तक जमा किया जा सकता है और जांच दोपहर तीन बजे तक की जाएगी।

नई सरकार प्रतिशोध की राजनीति नहीं करेगी: शहबाज
शहबाज ने कहा कि बिलावल व मौलाना फजलुर के साथ मिलकर देश चलाएंगे। किसी से बदला नहीं लेंगे और न ही किसी पर ज्यादती करेंगे।संकल्प जताया कि नई सरकार प्रतिशोध की राजनीति में शामिल नहीं होगी। विश्वास मत की घोषणा के बाद शहबाज ने कहा, 'मैं अतीत की कड़वाहट में वापस नहीं जाना चाहता। हमें इसे भूलकर आगे बढ़ना होगा। हम कोई बदले की कार्रवाई या अन्याय नहीं करेंगे। हम बिना वजह किसी को जेल नहीं भेजेंगे।'

पंजाब के सीएम रह चुके हैं नवाज के भाई शहबाज
नए प्रधानमंत्री पद के लिए शहबाज शरीफ का रास्ता साफ हो गया है. शहबाज शरीफ पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के सांसद हैं। शहबाज शरीफ 13 अगस्त 2018 से नेशनल असेंबली के सदस्य हैं और विपक्ष के नेता हैं। पीएमएल-एन की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और नवाज शरीफ की बेटी मरियम नवाज ने पहले ही साफ कर दिया था कि उनकी पार्टी की ओर से शहबाज शरीफ प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे।
 

  • 2018 से राष्ट्रीय असेंबली में नेता विपक्ष थे।
  • पंजाब में 1988 में विधायक बने। 1993 में नेता विपक्ष बने।20 फरवरी 1997 को पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। 
  • इसके बाद 2013 से 2018 और 2008 से 2013 तक पंजाब के मुख्यमंत्री रहे।


विश्वास मत के नतीजे के बाद पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने देश के इतिहास में पहली बार किसी प्रधानमंत्री के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित होने पर सदन को बधाई दी। उन्होंने कहा, "नामुमकिन कुछ भी नहीं है। पुराने पाकिस्तान में आपका स्वागत है। तीन साल से बोझ उठा रहा था मुल्क। जुर्म है, बढ़ता है, मिट जाता है। तीन-चार साल में सब सीख लिया जो पूरी जिंदगी में नहीं सीखा।"

पीएमएल-एन नेता मरियम नवाज ने ट्वीट कर कहा कि "इतिहास का सबसे काला दौर खत्म हुआ। देश के बुरे ख्वाब के दिन खत्म हो गए।"

सेनाध्यक्ष जनरल बाजवा की बर्खास्तगी की थी तैयारी
सेनाध्यक्ष जनरल कमर जावेद बाजवा को बर्खास्त करने के लिए इमरान तैयार थे। डॉन न्यूज के मुताबिक, वकील अदनान इकबाल ने इस्लामाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर कर ऐसा कदम उठाने से रोकने की मांग की। हाईकोर्ट में आधी रात के बाद भी याचिका पर सुनवाई जारी थी।

पुलिस की छुट्टियां रद्द, एयरपोर्ट अलर्ट 
देर रात पाकिस्तान में सभी पुलिस अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गईं। हवाईअड्डे अलर्ट पर हैं। इससे संकेत जा रहा है कि जल्द ही कुछ बड़े कदम उठाए जा सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इमरान खान और असद कैसर को गिरफ्तार किया जा सकता है। 

इमरान खान ने छोड़ा प्रधानमंत्री आवास
इस बीच, पीटीआई के सांसद फैसल जावेद ने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान से पहले ही इमरान खान ने प्रधानमंत्री का आधिकारिक आवास छोड़ दिया। फैसल ने ट्वीट किया, 'अभी-अभी प्रधानमंत्री इमरान खान प्रधानमंत्री आवास से विदा हुए। वह शालीनता से विदा हुए और झुके नहीं।'

शनिवार को पल-पल बदलते घटनाक्रम के बीच देर रात को शुरू हुए मतदान के नतीजे में संयुक्त विपक्ष को 342-सदस्यीय नेशनल असेंबली में 174 सदस्यों का समर्थन मिला, जो प्रधानमंत्री को अपदस्थ करने के लिए आवश्यक बहुमत 172 से अधिक रहा। 



बता दें कि इमरान खान 2018 में एक नया पाकिस्तान बनाने के वादे के साथ सत्ता में आए थे, लेकिन आर्थिक कुप्रबंधन के दावों से परेशान थे क्योंकि उनकी सरकार विदेशी मुद्रा भंडार और दोहरे अंकों की मुद्रास्फीति को कम करने से जूझ रही थी। पिछले साल आईएसआई एजेंसी के प्रमुख की नियुक्ति का समर्थन करने से इनकार करने के बाद उन्होंने स्पष्ट रूप से शक्तिशाली सेना का समर्थन भी खो दिया था। अंत में वह नदीम अहमद अंजुम को आईएसआई प्रमुख बनाने में कामयाब रहे, लेकिन शक्तिशाली सेना के साथ अपने संबंधों को खराब कर लिया। गौरतलब है कि अबतक किसी भी पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा नहीं किया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed