नहीं बाज आ रहा पाकिस्तान, एक बार फिर चीन और सऊदी से की कश्मीर पर बात
- भारत ने जब से जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के खंड दो और तीन को हटाया है, पाकिस्तान तभी से बौखलाया हुआ है।
- पाकिस्तान और चीन ने रक्षा सहयोग को बढ़ाने और सेना की क्षमता को बढ़ाने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।
- इस बीच दोनों सेना के शीर्ष जनरलों ने जम्मू-कश्मीर की स्थिति पर भी चर्चा की।
- पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने एक ही महीने के भीतर लगातार दूसरी बार सऊदी प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से फोन पर कश्मीर को लेकर बात की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारत ने जब से जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के खंड दो और तीन को हटाया है, पाकिस्तान तभी से बौखलाया हुआ है। पाकिस्तान ने इस मुद्दे के अंतरराष्ट्रीकरण करने की भी खूब कोशिश की लेकिन उसका कोई फायदा नहीं हुआ। संयुक्त राष्ट्र समेत सभी देशों ने उससे कहा कि ये मामला द्विपक्षीय है। उसे भारत से बातचीत करके ही इस मुद्दे को सुलझाना होगा।
इस बीच पाकिस्तान एक बार फिर चीन की शरण में गया। पाकिस्तान और चीन ने रक्षा सहयोग को बढ़ाने और सेना की क्षमता को बढ़ाने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इस बीच दोनों सेना के शीर्ष जनरलों ने जम्मू-कश्मीर की स्थिति पर भी चर्चा की।
चीन के सेंट्रल मिलिटरी कमीशन वाइस-चेयरमैन जू किलियांग सोमवार को अपने उच्च प्रतिनिधिमंडल के साथ रावलपिंडी स्थिति पाकिस्तानी सेना के मुख्यालय गए। यहां उन्होंने पाकिस्तान के सेना अध्यक्ष कमर जावेद बाजवा के साथ बैठक की। इस दौरान क्षेत्रीय सुरक्षा, रक्षा सहयोग सहित कई मुद्दों पर बातचीत की। पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार दोनों ने विशेष रूप से कश्मीर मुद्दे पर बातचीत की। बाजवा ने अपने सदाबहार सहयोगी चीन की सभी महत्वपूर्ण मुद्दों विशेष रूप से कश्मीर पर समर्थन की सराहना की।
इससे पहले पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी भी कश्मीर मुद्दे को लेकर चीन गए थे। चीनी जनरल ने कहा कि "चीन पाकिस्तान और उसकी सेना के साथ अपने संबंधों को बहुत महत्व देता है और इस संबंध को और मजबूत करने के लिए तत्पर है।"
सऊदी प्रिंस से फोन पर बात
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने एक ही महीने के भीतर लगातार दूसरी बार सऊदी प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से फोन पर कश्मीर को लेकर बात की है। ये बात मीडिया रिपोर्ट्स में कही गई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार खान ने सोमवार को क्राउन प्रिंस से बात की है। पाकिस्तान ने सऊदी को ऐसे समय पर फोन किया जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फ्रांस में आयोजित जी-7 सम्मेलन से इतर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ बैठक हुई है। जहां प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट तौर पर कहा कि वह कश्मीर मामले पर किसी भी तीसरे पक्ष का हस्तक्षेप नहीं चाहते हैं।
वहीं खान ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए सोमवार को कहा कि वह कश्मीर मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र की जनरल असेंबली सहित हर अंतरराष्ट्रीय मंच पर उठाएंगे।
इससे पहले खान ने सात अगस्त को सऊदी प्रिंस से बात की थी। यानी जम्मू-कश्मीर से विशेष राज्य का दर्ज हटाए जाए के दो दिन बाद। बता दें पाकिस्तान और सऊदी करीबी सहयोगी हैं। जब भी पाकिस्तान को पैसे की जरूरत होती है तो सऊदी उसकी मदद करता है।