{"_id":"61001a39c96cbf0063414d1a","slug":"pakistan-lawmaker-nazir-chohan-arrested-for-calling-special-assistant-of-pm-imran-khan-a-member-of-ahmadi-community-news-in-hindi","type":"story","status":"publish","title_hn":"पाकिस्तान: विधायक ने इमरान खान के विशेष सहायक को कहा 'कादियानी', गिरफ्तार","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
पाकिस्तान: विधायक ने इमरान खान के विशेष सहायक को कहा 'कादियानी', गिरफ्तार
Tue, 27 Jul 2021 08:07 PM IST
गौरव पाण्डेय
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, इस्लामाबाद
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, इस्लामाबाद
Published by: गौरव पाण्डेय
Updated Tue, 27 Jul 2021 08:07 PM IST
सार
पड़ोसी देश की सत्ताधारी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के एक विधायक को प्रधानमंत्री इमरान खान के विशेष सहायक को कथित तौर पर 'कादियानी' कहने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। 'कादियानी' एक मजहबी अपशब्द है जिसका इस्तेमाल अहमदी मुसलमानों के लिए किया जाता है, खासकर पाकिस्तान में। यहां की संसद ने 1974 में अहमदी समुदाय को गैर मुस्लिम घोषित कर दिया था। इसके एक दशक बाद उन्हें खुद को मुसलमान कहने पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। इस समुदाय के लोग उपदेश भी नहीं दे सकते और हज करने के लिए सऊदी अरब की यात्रा भी नहीं कर सकते हैं।
विज्ञापन
पाकिस्तान के विधायक नाजिर चौहान
- फोटो : twitter.com/nazir_chohan
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लाहौर पुलिस ने प्रधानमंत्री खान के विशेष सहायक मिर्जा शहजाद अकबर की शिकायत पर पीटीआई के विधायक नाजिर चौहान को गिरफ्तार किया है। नाजिर पार्टी के अलग हो चुके जहांगीर तरीन समूह का हिस्सा हैं। वह पंजाब विधानसभा से विधायक हैं। समाचार एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार पंजाब पुलिस के प्रवक्ता राणा आरिफ ने कहा, 'पुलिस ने एमपीए नाजिर चौहान को उनके खिलाफ रेसकोर्स पुलिस थाने में दर्ज एफआईआर के संबंध में गिरफ्तार किया है।'
विज्ञापन
प्रवक्ता ने आगे कहा कि नाजिर चौहान को संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) की साइबर क्राइम विंग में ले जाया गया है। यहां उनकी उस वीडियो के साथ आवाज का मिलान किया जाएगा जिसमें वह कथित रूप से अकबर की आस्था को चुनौती देते हुए सुनाई दे रहे हैं। उल्लेखनीय है कि नाजिर चौहान ने मई में एक टीवी टॉक शो के दौरान दावा किया था कि अकबर 'कादियानी' हैं। इसके साथ ही नाजिर ने उन्हें शपथ लेकर कहने की चुनौती दी थी कि वह एक मुसलमान हैं अहमदी नहीं।
विज्ञापन
इसके जवाब में अकबर ने लाहौर पुलिस के पास एक शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने के उद्देश्य से भड़काऊ बयान देने और दंगे भड़काने की कोशिश करने समेत विभिन्न धाराओं में नाजिर चौहान के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। अकबर ने कहा था कि मेरे धार्मिक विश्वासों पर नाजिर चौहान की टिप्पणी के चलते मेरा जीवन खतरे में आ गया है। उन्होंने मेरे खिलाफ धार्मिक नफरत फैलाने की कोशिश की और जान खतरे में डाली।
विज्ञापन
पाकिस्तान के सूचना मंत्री फवाद चौधरी ने इस मामले में मिर्जा शहजाद अकबर का समर्थन किया है। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, 'निजी बदले के लिए धार्मिक कार्ड का इस्तेमाल करना निंदनीय है। लाहौर पुलिस को ऐसी नीची हरकत करने के लिए नाजिर चौहान के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।' उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान की आबादी करीब 22 करोड़ है और इसमें से एक करोड़ गैर मुसलमान हैं। बता दें कि यहां पर अल्पसंख्यकों के उत्पीड़न के मामले अक्सर सामने आते रहते हैं।