फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Pakistan Indian Enemy Terrorist Killing despite Intelligence Agency ISI Protection Hafiz Saeed Lashkar E Taiba

Pakistan: ISI के संरक्षण में कैसे मर रहे भारत के दुश्मन, बलूचिस्तान से पंजाब तक कौन कर रहा आतंकियों का अंत?

Tue, 18 Mar 2025 03:14 PM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र स्पेशल डेस्क, अमर उजाला
स्पेशल डेस्क, अमर उजाला Published by: कीर्तिवर्धन मिश्र Updated Tue, 18 Mar 2025 03:14 PM IST
विज्ञापन
सार
पाकिस्तान में जिन आतंकियों का सफाया किया गया है, उनमें सबसे ताजा नाम अब्दुल बाकी नूरजई और हाफिज सईद के करीबी अबु कताल का है। दोनों की हत्या ही रहस्यमयी परिस्थितियों में हुई। ऐसे में यह जानना अहम है कि पाकिस्तान में भारत के कितने मोस्ट वॉन्टेड आतंकी हालिया वर्षों में पाकिस्तान में मारे गए हैं? इनकी हत्या कब और कैसे हुई? ISI के संरक्षण में छुपे बैठे इन आंतिकों को कौन मार रहा है? भारत में इन आंतकियों ने कौन से अपराध किए थे? आइये जानते हैं...
loader
Pakistan Indian Enemy Terrorist Killing despite Intelligence Agency ISI Protection Hafiz Saeed Lashkar E Taiba
पाकिस्तान में एक-एक कर मारे जा रहे आतंकी। - फोटो : AI/Adobe Stock

विस्तार

पाकिस्तान में एक के बाद एक भारत के दुश्मनों का सफाया होना जारी है। पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी- इंटर सर्विस इंटेलिजेंस के संरक्षण के बावजूद बीते करीब दो साल में 15 से ज्यादा आतंकियों को मारा जा चुका है। चौंकाने वाली बात यह है कि पाकिस्तान में यह सभी लोग भारत के खिलाफ साजिश रचते हुए और आतंकी संगठनों को संचालित करते हुए आसानी से जिंदगी काट रहे थे। लेकिन एक-के-बाद-एक रहस्यमयी स्थितियों में हुई हत्या की घटनाओं ने पाकिस्तान में आतंक के आकाओं को चिंता में डाल दिया।


हाल ही में पाकिस्तान में जिन आतंकियों का सफाया किया गया है, उनमें सबसे ताजा नाम अब्दुल बाकी नूरजई और हाफिज सईद के करीबी अबु कताल का है। दोनों की हत्या ही रहस्यमयी परिस्थितियों में हुई। ऐसे में यह जानना अहम है कि पाकिस्तान में भारत के कितने मोस्ट वॉन्टेड आतंकी हालिया वर्षों में पाकिस्तान में मारे गए हैं? इनकी हत्या कब और कैसे हुई? ISI के संरक्षण में छुपे बैठे इन आंतिकों को कौन मार रहा है? भारत में इन आंतकियों ने कौन से अपराध किए थे? आइये जानते हैं...


1. अब्दुल बाकी नूरजई
पाकिस्तान के आतंकी और जमीयत उलेमा ए इस्लाम के नेता मुफ्ती अब्दुल बाकी नूरजई की क्वेटा में गोली मारकर हत्या कर दी गई। पाकिस्तान में हाल के समय में कई आतंकियों की अज्ञात हमलावरों द्वारा हत्या की गई है। अब उस कड़ी में अब्दुल बाकी नूरजई का नाम भी जुड़ गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नूरजई को क्वेटा हवाई अड्डे के नजदीक गोलियां मारी गई। हमले में नूरजई गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अभी तक नूरजई पर हमलावरों की पहचान नहीं हुई है और उनकी तलाश की जा रही है। 

2. अबु कताल
15 मार्च 2025 यानी शनिवार रात को पाकिस्तान में हाफिज सईद के करीबी और कश्मीर में कई हमलों में संलिप्त रहे लश्कर ए तैयबा के आतंकी अबू कताल की हत्या कर दी गई। कताल भारत के रियासी हमले का मास्टरमाइंड था। हत्या के पीछे किसका हाथ है, अभी इसका खुलासा नहीं हो सका है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, झेलम जिले में अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मारकर कताल की हत्या कर दी। वह मुंबई 26/11 हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद का करीबी था। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के मुताबिक अबू कताल 2002-03 में भारत आया था और यहां कश्मीर के पुंछ-राजौरी इलाके में सक्रिय रहा। 

इसके अलावा 9 जून को रियासी में तीर्थयात्रियों कर बस हुए हमले में उसकी अहम भूमिका थी। यह हमला उस दिन हुआ था, जब नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इस हमले की चार्जशीट में एनआईए ने दावा किया था कि हमले का मकसद पूरी तरह से देशभर से शिवखोड़ी व वैष्णो देवी आने वाले श्रद्धालुओं में खौफ पैदा करना था। यहीं नहीं, आतंकी स्थानीय लोगों में भी भय पैदा करना चाहते थे। क्योंकि बस में सवार यात्री मां वैष्णो देवी के दर्शन कर लौटे थे। 

Pakistan: हाफिज सईद के करीबी आतंकी अबू कताल की पाकिस्तान में हत्या, कश्मीर में कई हमलों में रहा संलिप्त

3. शेख जमील-उर-रहमान
मार्च 2024 में पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में स्थित ऐबटाबाद में यूनाइटेड जिहाद काउंसिल का सचिव और आतंकी कमांडर शेख जमील-उर-रहमान को रहस्यमयी परिस्थितियों में मरा हुआ पाया गया। भारत के गृह मंत्रालय ने उसे अक्तूबर 2022 में आतंकी घोषित किया था। तब से उसकी तलाश जारी थी।

4. हंजला अदनान
6 दिसंबर 2023 को लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी हंजला अदनान की कराची में हथियारों से लैस लोगों ने हत्या कर दी। पाकिस्तान के कराची में उसे गोलियों से भून दिया गया। हंजला ने 2016 में जम्मू-कश्मीर में सीआरपीएफ के काफिले पर हमले की साजिश रची थी। हंजला को हाफिज सईद का करीबी माना जाता था। हाफिज 26/11 मुंबई हमले के मास्टरमाइंड है।

5. मोहम्मद मुजम्मिल
14 नवंबर 2023 को सियालकोट में अज्ञात हमलावरों ने लश्कर के आतंकी मोहम्मद मुजम्मिल को गोली मारकर मौत के घाट उतारा दिया। मारा गया लश्कर आतंकी अपने साथी नईम-उर-रहमान के साथ कार में सियालकोट के पसरूर तहसील इलाके में था। उसी दौरान खोखरण चौक के पास बाइक सवार हमलावरों ने कार को रोककर गोलियों से मुजम्मिल और उसके साथी को मौत के घाट उतार दिया।
 

6. तारिक रहीम
12 नवंबर 2023 को जैश कमांडर मौलाना तारिक रहीम उल्लाह तारिक को गोली मार दी गई। रहीम उल्लाह भारत के मोस्ट वांटेड मौलाना मसूद अजहर का करीबी था। रहीम उल्लाह की कराची में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वह कराची में भारत के खिलाफ जुटी भीड़ को संबोधित करने जा रहा था। 

7. अकरम खान
9 नवंबर 2023 को भारत में वांछित एक और आतंकी अकरम खान उर्फ अकरम गाजी की हत्या कर दी गई। अकरम को पाकिस्तान के बाजौर में अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी थी। आतंकी अकरम गाजी ने साल 2018 से 2020 तक लश्कर भर्ती सेल का नेतृत्व किया था। साथ ही वह पाकिस्तान में अपने भारत विरोधी भाषणों के लिए जाना जाता था। वह लंबे समय से आतंकी गतिविधियों में शामिल था। 

8. ख्वाजा शाहिद
5 नवंबर 2023 को आतंकी ख्वाजा शाहिद पीओके में उसके घर में मृत पाया गया। साल 2018 में जम्मू में सेना के कैंप पर हमले के मास्टरमाइंड ख्वाजा शाहिद की सिर कटी लाश मिली थी। लाश मिलने से कुछ दिन पहले ख्वाजा शाहिद को अगवा किया गया था।

9. मोहम्मद सलीम 
23 अक्तूबर 2023 को दाऊद इब्राहिम का गुर्गा मोहम्मद सलीम मारा गया। कराची की दिल्ली कॉलोनी में रहने वाले सलीम की अज्ञात लोगों ने हत्या करके शव दरगाह अली शाह सखी सरमस्त के करीब ल्यारी नदी में फेंक दिया था। बाद में पुलिस ने नदी से उसका शव बरामद किया।

10. दाऊद मलिक 
20 अक्तूबर को उत्तरी वजीरिस्तान में मसूद अजहर का एक और करीबी आतंकी दाऊद मलिक मारा गया। 'जैश-ए-मोहम्मद' के अलावा दाऊद मलिक, लश्कर-ए-जब्बर और लश्कर-आई-जांगवी से भी जुड़ा हुआ था। 

11. मुल्ला बाहौर उर्फ होर्मुज
आईएसआई एजेंट मुल्ला बाहौर उर्फ होर्मुज को बलूचिस्तान के केच इलाके में गोली मारकर हत्या करने की खबर भी 11 अक्तूबर को समाने आई। बाहौर के बारे में कहा जाता है कि उसने ही ईरान से कुलभूषण जाधव को अगवा कर आईएसआई के हवाले किया था। भारतीय नौसेना से रिटायर हुए कुलभूषण जाधव इस वक्त पाकिस्तान की जेल में हैं।

12. शाहिद लतीफ 
पठानकोट हमले का मास्टरमाइंड और भारत के मोस्टवांटेड आतंकी शाहिद लतीफ की 11 अक्तूबर 2023 को सियालकोट में हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावरों ने एक मस्जिद में गोली मार दी। शाहिद लतीफ को 1994 में भारत में गिरफ्तार किया गया था। लतीफ भारतीय जेल में करीब 16 साल तक बंद रहा। भारत में सजा पूरी होने के बाद 2010 में उसे पाकिस्तान भेज दिया गया था।

13. अबु कासिम 
भारत में वांछित आतंकवादी अबु कासिम को 8 सितंबर 2023 को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में एक मस्जिद के अंदर अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मार दी। हाफिज सईद का करीबी अबु कासिम 1 जनवरी 2023 को राजौरी जिले में ढांगरी आतंकी हमले के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक था। ढांगरी गांव में आतंकवादियों द्वारा की गई अंधाधुंध गोलीबारी में सात लोगों की मौत हो गई थी और 13 घायल हो गए थे।

14. सरदार हुसैन
1 अगस्त 2023 को हाफिज सईद से जुड़ा आतंकवादी सरदार हुसैन अरेन की कराची में हत्या कर दी गई। इसकी जिम्मेदारी सिंध में मौजूद सिंधुदेश रेवोलुसनरी आर्मी (SRA) ने ली थी। जमात-उद-दावा से जुड़े आतंकी की उसकी दुकान के नजदीक गोली मार दी गई, जिसके बाद उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया। हुसैन पाकिस्तान में लश्कर-ए-तैयबा और जमात-उद-दावा के मदरसा नेटवर्क को संचालित करता था। 

15. सैयद नूर शालोबर 
कश्मीर में आतंकवाद फैलाने वाले सैयद नूर शालोबर किए 4 मार्च 2023 को हत्या कर दी गई। भारत की वांछित आतंकियों की सूची में शामिल शालोबर को पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा इलाके में अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मारी थी। वह पाकिस्तानी सेना और खुफिया एजेंसी आईएसआई के साथ मिलकर कश्मीर में आतंक फैलाने का काम करता था और नए आतंकियों की फौज को प्रशिक्षण देता था।

16. खालिद रजा 
28 फरवरी 2023 को जम्मू कश्मीर में अल-बद्र नाम के आतंकी संगठन का पूर्व कमांडर खालिद रजा पाकिस्तान के कराची में ढेर हो गया। अज्ञात हथियारबंद व्यक्ति ने खालिद को उसके घर बाहर गोली मार दी थी। हिज्बुल मुजाहिद्दीन के प्रमुख सलाउद्दीन का करीबी खालिद कश्मीर में आतंकी कमांडर रह चुका था। इसके बाद वह कराची चला गया। वह कराची में रहकर आतंकियों की भर्तियों करता था।  

17. बशीर अहमद पीर
पाकिस्तान के रावलपिंडी में 20 फरवरी 2023 को हिजबुल मुजाहिद्दीन के शीर्ष कमांडर बशीर अहमद पीर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर ने पीर को एक दुकान के बाहर गोली मारी। पिछले साल चार अक्तूबर को आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के चलते भारत ने उसे आतंकी घोषित किया था। वह जम्मू कश्मीर में आतंकी घटनाओं को अंजाम देने में शामिल था। वह हिजबुल, लश्कर जैसे आतंकी संगठनों को आगे बढ़ाने के लिए पूर्व आतंकियों को एकजुट करने में जुटा था। 

भारत के गुनहगारों को कौन कर रहा है खत्म?
दूसरी तरफ केंद्रीय एजेंसियों के सूत्रों का कहना है, पाकिस्तान में भारत के मोस्ट वांटेड एवं उनके सहयोगी लगातार मारे जा रहे हैं। ऐसा भी नहीं है कि आईएसआई, इन आतंकियों को महफूज रखने का प्रयास नहीं कर रही। इसके बावजूद आतंकी, अज्ञात हमलावरों का निशाना बन रहे हैं। दो तीन सप्ताह के अंतराल पर किसी न किसी आतंकी संगठन जैसे 'जैश-ए-मोहम्मद', 'डी कंपनी', 'लश्कर ए तैयबा', लश्कर-ए-जब्बर और लश्कर-आई-जांगवी आदि समूहों के सदस्य मारे जा रहे हैं। पाकिस्तानी आईएसआई ने हिज्बुल मुजाहिदीन प्रमुख सैयद सलाहुद्दीन, जैश-ए-मोहम्मद का सरगना मसूद अजहर और 'लश्कर ए तैयबा' प्रमुख हाफिज सईद को सुरक्षा घेरा प्रदान किया है। इन्हें बुलेटप्रूफ गाड़ियां मुहैया कराई गई हैं। उन्हें सतर्क किया है कि वे अपने ठिकाने से बाहर न निकलें। 

एक्सपर्ट्स का कहना है कि पाकिस्तान की खूफिया एजेंसी आईएसआई यूज एंड थ्रो के फॉर्मूले पर चलती है। हो सकता है जो आंतकी जो उसके काम के नहीं रह गए हैं उन्हें वो खुद ही साजिशन मरवा रही हो। दूसरा यह भी हो सकता है कि आतंकियों के बीच वर्चस्व की लड़ाई में ये आंतकी मारे जा रहे हों। विदेश मामलों के जानकार संजीव श्रीवास्तव ने अमर उजाला से कहा कि पाकिस्तान की छवि आतंक परस्त राष्ट्र के रूप में रही है। कंगाली की कगार पर खड़े पाकिस्तान को इन आतंकियों की वजह ब्लैक लिस्टेड होने का डर बना रहता है। ऐसे में हो सकता है कि सरकारी मशीनरी के जरिए ही इनका खात्मा किया जा रहा हो।  
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article