Big News: अमेरिका में अपहृत भारतीयों का सुराग नहीं, डेनमार्क में आम चुनाव एक नवंबर को, पढ़ें खास खबरें
अपहृत आठ महीने की आरोही धेरी, उसकी 27 वर्षीय मां जसलीन कौर, 36 वर्षीय पिता जसदीप सिंह, ताऊ 39 वर्षीय अमनदीप सिंह हैं। इस मामले में संदिग्ध एक गंजा व्यक्ति है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अपहृत भारतीय सिख परिवार के चारों सदस्यों का अब तक सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस ने इस मामले संदिग्ध 48 वर्षीय जीसस मैनुअल सालगाडो को पकड़ा तो उसने आत्महत्या की कोशिश की। उसकी हालत गंभीर है। कैलिफोर्निया की मेर्सीड काउंटी से गायब परिवार मूल रूप से भारत में पंजाब के होशियारपुर स्थित हरसी गांव का रहने वाला है।
मेर्सीड काउंटी शेरिफ कार्यालय के मुताबिक, जांच में पाया गया कि परिवार के एक कार्ड का एटीएम में इस्तेमाल किया गया है। यहां से मिले फोटो के आधार पर पुलिस सालगाडो को पकड़ा। अपहृत आठ महीने की आरोही धेरी, उसकी 27 वर्षीय मां जसलीन कौर, 36 वर्षीय पिता जसदीप सिंह, ताऊ 39 वर्षीय अमनदीप सिंह हैं। इस मामले में संदिग्ध एक गंजा व्यक्ति है।
उधर, इस घटना का पता चलने के बाद से ही जसदीप और अमनदीप के माता-पिता डॉ. रणधीर सिंह और किरपाल कौर सदमे की स्थिति में हैं। वह दोनों स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त हैं। रणधीर 29 सितंबर को ही भारत लौटे थे और उत्तराखंड में धार्मिक यात्रा पर गए थे। ऋषिकेश पहुंचने पर बहू जसप्रीत कौर ने अमेरिका से फोन कर उन्हें परिवार के चारों लोगों के अपहरण की सूचना दी। वहां से वह गांव पहुंचे और अब अमेरिका आने की तैयारी कर रहे हैं।
डेनमार्क की पीएम ने की एक नवंबर को आम चुनाव कराने की घोषणा
डेनमार्क की प्रधानमंत्री मैटे फ्रेडरिकसेन ने बुधवार को एक नवंबर को देश में आम चुनाव कराने की घोषणा की। उनकी सरकार का सात माह का कार्यकाल बाकी था। फ्रेडरिकसेन जून 2019 से अल्पमत सरकार का नेतृत्व कर रही हैं।
हाल के दिनों में महामारी के दौरान हुए कुछ निर्णयों में भूमिका के कारण उनकी लोकप्रियता तेजी से कम हो रही थी। समय पूर्व होने वाले चुनाव के दौरान 179 सीटों के प्रतिनिधि चुने जाएंगे। सर्वेक्षण में पता चला है कि वाम झुकाव वाली फ्रेडरिकसेन की सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी को दक्षिणपंथी विपक्ष कांटे की टक्कर दे रहा है। विपक्ष देश में प्रवासियों की संख्या पर लगाम लगाना चाहता है। एजेंसी
बांग्लादेशी अफसरों ने शुरू की घंटों बिजली ठप होने की जांच
बांग्लादेशी अधिकारियों ने बुधवार को देश के तीन चौथाई हिस्से में बिजली ठप होने की जांच शुरू कर दी है। इसके कारण देश के महत्वपूर्ण गारमेंट उद्योग और टेलीकम्युनिकेशन सेवाएं लगभग 10 घंटे तक ठप रहे थे। अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार आधी रात से पहले ही बिजली को सुचारु कर दिया गया था।
सरकार के ऊर्जा सेल डिविजन के उच्चाधिकारी मोहम्मद हसन ने कहा, संदेह है कि ट्रांसमिशन लाइन में तकनीकी खराबी आने के कारण राष्ट्रीय पावर ग्रिड ठप हो गया। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे आई इस खराबी के कारण देश के 80 फीसदी इलाके की बिजली कट गई। इससे टेलीकॉम सेवाओं और देश के निर्यात आधारित वस्त्र उद्योग में काम ठप हो गया था। ग्रिड फेल होने की नौबत तभी आती है, जब आपूर्ति और मांग में बड़ा अंतर हो। कई बार ऊर्जा इस्तेमाल में अचानक बदलाव के कारण भी ऐसा हो जाता है। एजेंसी
कुवैत पहुंचा भारतीय नौसेना का पहला प्रशिक्षण स्क्वाड्रन
कुवैत के साथ भारत के सैन्य और समुद्री संबंधों की कड़ी में भारतीय नौसेना के प्रशिक्षण स्क्वाड्रन में शामिल आईएनएस तीर, सुजाता और तटरक्षक जहाज सारथि अल-शुवाख बंदरगाह पहुंचे।
प्रशिक्षण के लिए इन जहाजों की तैनाती फारस की खाड़ी में की गई है। कुवैती नौसेना, सीमा रक्षकों व भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने इनका गर्मजोशी से स्वागत किया। तीन दिन की यात्रा के दौरान व्यावसायिक अनुबंधों, एक-दूसरे के यहां जहाजों की यात्रा, समुदायों तक पहुंच व सामाजिक वार्ता होगी। कोच्चि में तैनात ये जहाज भारतीय नौसेना की दक्षिणी प्रशिक्षण कमांड का हिस्सा हैं। एजेंसी
रूस में फिर एकजुट होंगे विपक्षी एलेक्सी नवलनी के समर्थक
क्रेमलिन को कमजोर होते देख वर्तमान सरकार के आलोचक जेल में बंद एलेक्सी नेवलनी के समर्थक फिर एकजुट होंगे। उन्होंने कहा कि पूरे रूस में वह अपना नेटवर्क खड़ा करेंगे। यूक्रेन युद्ध पर उठ रहे सवालों के कारण सरकार कमजोर हो गई है। इसलिए यह उनके लिए सही समय है।
नेवलनी के करीबी साथी व रणनीतिकार लियोनिद वोल्कोव द्वारा यू-ट्यूब पर पोस्ट वीडियो में भ्रष्टाचार विरोधी फाउंडेशन के पूर्व निदेशक इवान ज्दानोव को कहते दिखाया गया, हमारे सोए समर्थक जाग उठे हैं। पुतिन ने ही उन्हें जगाया है। अब हमारे लिए फिर से नेटवर्क बनाकर युद्ध व इसमें और सैनिक भेजने का विरोध करने का समय है।
रूस ने 21 सितंबर को यूक्रेन के खिलाफ और सैनिक भेजने की घोषणा की थी। ज्दानोव और वाल्कोव ने कहा कि नया नेटवर्क भूमिगत रहकर काम करेगा और इसके सदस्य अपनी सुरक्षा के लिए गुमनाम रहेंगे। नेवलनी जनवरी 2021 में जेल में हैं। उन पर लगाए गए आरोपों को राजनीति से प्रेरित माना जाता है। उनके काफी करीबी साथी रूस छोड़कर जा चुके हैं।
बाइडन इस साल भी व्हाइट हाउस में मनाएंगे दिवाली
राष्ट्रपति जो बाइडन की इस साल भी व्हाइट हाउस में दीपावली मनाने की योजना है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरिन ज्यां पियरे ने इस बात की पुष्टि की। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा, अभी हमारे पास यह जानकारी उपलब्ध नहीं है कि यह आयोजन किस तारीख को किया जाएगा, लेकिन बाइडन इस कार्यक्रम को इस देश के भारतीय-अमेरिकियों और भारत के साथ साझेदारी जितना ही महत्वपूर्ण मानते हैं।
इस बीच, मैरीलैंड के गवर्नर लॉरेंस होगान ने अक्तूबर को हिंदू विरासत माह घोषित किया। पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश के कार्यकाल से ही व्हाइट हाउस में हर साल दीपावली मनाई जाती है।
बांग्लादेश सीमा पर 6.4 किलो सोने के बिस्कुट के साथ तस्कर गिरफ्तार
सीमा सुरक्षा बल ने उत्तर 24 परगना जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास 6.415 किलो सोने के 55 बिस्कुट के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत 3.26 करोड़ से अधिक बताई गई है। बीएसएफ अधिकारियों के मुताबिक, सोने के बिस्कुट मंगलवार को सीमा चौकी पीपली इलाके में एक घर से उस वक्त जब्त किए गए, जब इन्हें बांग्लादेश से तस्करी कर भारत लाया गया था।
पिछले वित्त वर्ष में चीनी निर्यात 57 फीसदी बढ़ा
चीनी निर्यात 2021-22 में 57% बढ़कर 109.8 लाख टन पहुंच गया है। इससे 40,000 करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा आई है। मिलों ने किसानों के गन्ने के कुल 1.18 लाख करोड़ रुपये में से 1.12 लाख करोड़ का भुगतान किया है। 6,000 करोड़ बाकी है।
रिलायंस के भुगतान में दिल्ली मेट्रो फेल
रिलायंस इंफ्रा की सब्सिडियरी दिल्ली एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस को दिल्ली मेट्रो 4,500 करोड़ रुपये का भुगतान करने में फेल हो गई है। 6 महीने में तीसरी बार है जब हाईकोर्ट के आदेश का उल्लंघन हुआ है। 6 सितंबर को कोर्ट ने 4 अक्तूबर तक भुगतान करने का आदेश दिया था।
22 मिनरल ब्लॉक की नीलामी दो महीने में
सरकार अगले दो महीने में 22 मिनरल ब्लॉक की नीलामी करेगी। यह नीलामी महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और गोवा में नवंबर और दिसंबर में होगी। इसमें 6 लौह अयस्क ब्लॉक, 3-3 लाइमस्टोन और गोल्ड की जबकि 2 ब्लॉक बॉक्साइट के हैं। एक कॉपर का है।
चेक बाउंस पर रुक सकती है निकासी
आपने किसी को चेक दिया है और वह बाउंस हो गया तो कुछ समय के लिए बैंक से पैसे नहीं निकाल पाएंगे। पीएचडी चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने वित्त मंत्रालय को एक पत्र लिखकर कहा है कि ऐसा कानून हो कि चेक का भुगतान नहीं होने की तारीख से 90 दिन के भीतर दोनों पक्ष मध्यस्थता के तहत मामले को सुलझा लें। अदालतों में 33 लाख से ज्यादा मामले चेक बाउंस के हैं।
रूपे क्रेडिट कार्ड : यूपीआई से 2,000 तक पेमेंट पर शुल्क नहीं
रूपे क्रेडिट कार्ड से यूपीआई के जरिये दो हजार रुपये तक के लेनदेन पर अब कोई शुल्क नहीं लगेगा। यह तुरंत लागू हो गया है। नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) ने कहा कि रूपे क्रेडिट कार्ड चार साल से चल रहा है और ज्यादातर बैंक इस सुविधा को दे रहे हैं। बैंक अब रूपे कार्ड जारी भी कर रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय लेनदेन के लिए ऐप की मौजूदा प्रक्रिया क्रेडिट कार्ड पर भी लागू होगी।आरबीआई के सर्कुलर में कहा गया है कि सभी प्रकार के लेनदेन में क्रेडिट कार्ड को सक्षम बनाने के लिए ग्राहक की मंजूरी जरूरी है। क्रेडिट कार्ड को यूपीआई से जोड़ने का मूल उद्देश्य भुगतान के लिए ज्यादा विकल्प देना है।
मुंबई : 16 किलो हेरोइन के साथ एक गिरफ्तार
मुंबई डीआरआई ने मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक व्यक्ति को ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। उसके पास से 16 किलो हाई क्वॉलिटी का हेरोइन ड्रग्स जब्त की गई है। इसकी कीमत अंतराष्ट्रीय बजार में करीब 80 करोड़ रुपए से ज्यादा की बताई जा रही है।