Big News: कंबोडिया में नाव डूबने से नौ छात्रों की मौत, इस्राइली सेना ने दो फलस्तीनी मार गिराए, पढ़ें खास खबरें
नौका में क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे और किसी के पास लाइफ जैकेट नहीं थी। नदी के एक टापू पर रहने वाले 12 से 14 साल के ये छात्र बरसात के दिनों में बाकी ग्रामीणों की तरह ही परिवहन के लिए नाव का उपयोग करते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दक्षिण कोलंबिया में नदी पार करने के दौरान एक नाव डूबने से कम से कम नौ छात्रों की मौत हो गई है। पुलिस ने बताया, नोम पेन्ह के दक्षिण-पूर्व में मेकांग नदी पार करने के दौरान हुए इस हादसे के बाद दो छात्रों और दो नौका चालकों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि दो छात्र अब भी लापता हैं। नौका में क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे और किसी के पास लाइफ जैकेट नहीं थी। नदी के एक टापू पर रहने वाले 12 से 14 साल के ये छात्र बरसात के दिनों में बाकी ग्रामीणों की तरह ही परिवहन के लिए नाव का उपयोग करते हैं।
कैंप पर छापे में इस्राइली सेना ने दो फलस्तीनी मार गिराए
कब्जे वाले पश्चिमी किनारे के जेनिन शरणार्थी कैंप पर छापे के दौरान हुए संघर्ष में इस्राइली सेना ने शुक्रवार को दो फलस्तीनी मार गिराए। फलस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने उनकी पहचान का खुलासा किए बिना यह जानकारी दी।
फलस्तीन की आधिकारिक समाचार एजेंसी वफा ने बताया कि इस्राइल की दर्जनों बख्तरबंद गाड़ियों ने कैंप पर छापा मारा था। इन मौतों के खिलाफ सरकारी अस्पताल के बाहर फलस्तीनियों ने हिंसक प्रदर्शन किया। ज्यादा विवरण दिए बिना इस्राइली सेना ने पुष्टि की कि उसने जेनिन के शरणार्थी कैंप पर छापा मारा।
कुछ दिन पहले फलस्तीनियों के हमले में 19 लोगों की मौत के बाद से इस्राइल शरणार्थी शिविरों पर छापे मारकर गिरफ्तारी अभियान चलाता रहा है। इस्राइल का कहना है कि उसके इसका मकसद आतंकी ढांचे को नष्ट करना और भविष्य के हमलों को रोकना है। फलस्तीनी सुरक्षा बलों की नाकामी के कारण उसे यह अभियान चलाना पड़ रहा है।
इस्राइल के राष्ट्रीय अधिवेशन में जुटे हजारों भारतीय-यहूदी
चार प्रमुख समुदायों से जुड़े भारतीय मूल के हजारों यहूदी छठे राष्ट्रीय अधिवेशन में हिस्सा लेने के लिए उत्तरी इस्राइल के पेटा टिकवा शहर में एकत्रित हुए। इस दौरान भोजन, संगीत, नृत्य, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, योग कार्यशाला के साथ कई सांस्कृतिक प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है।
अधिवेशन को लेकर समुदाय में ऐसा उत्साह था कि आयोजन की घोषणा के कुछ ही दिनों में पंजीकरण की आवंटित संख्या पूरी हो गई। कार्यक्रम का आयोजन इस्राइल में भारतीय दूतावास व पेटा टिकवा की नगर पालिका के सहयोग से हो रहा है। पेटा टिकवा के मेयर रामी ग्रीनबर्ग ने कहा, भारतीय-यहूदियों ने हर संभव तरीके से देश के विकास में योगदान दिया है। भारतीय दूतावास के प्रभारी राजदूत राजीव बोडवाडे ने अधिवेशन को समृद्ध विविधता के रूप में वर्णित किया।
मुंबई : अंधेरी पूर्व सीट पर ठाकरे गुट से
मुंबई पश्चिमी उपनगर के अंधेरी पूर्व सीट पर उपचुनाव के लिए उद्धव ठाकरे गुट से ऋतुजा लटके और शिंदे गुट व भाजपा के संयुक्त उम्मीदवार के रूप में मुरजी पटेल ने नामांकन दाखिल किया। शुक्रवार को नामांकन से पहले दोनों तरफ से जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया गया। इस सीट पर तीन नवंबर को मतदान होगा।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) कर्मचारी रही ऋतुजा के पति रमेश लटके के निधन से अंधेरी सीट पर उपचुनाव हो रहा है। बीएमसी ने हाईकोर्ट के निर्देशानुसार शुक्रवार सुबह ही ऋतुजा का इस्तीफा मंजूर किया। साल 2019 के विधानसभा चुनाव में भी मुरजी पटेल ने इस सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन तब रमेश लटके भाजपा-शिवसेना के संयुक्त उम्मीदवार थे। उन्होंने पटेल को करीब 21 हजार मतों के अंतर से पराजित किया था।
अमेरिका में गोलीबारी के बाद बाइडन ने कहा- बस बहुत हुआ
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने शुक्रवार को उत्तरी कैरोलिना के रैले में हाल ही में हुई बंदूक हिंसा पर अपनी पीड़ा व्यक्त की, जिसमें पांच लोग मारे गए और दो घायल हो गए। बाइडन ने एक बयान में कहा कि बस बहुत हो गया। हमने बहुत से परिवारों के साथ शोक और प्रार्थना की है, जिन्हें इन सामूहिक गोलीबारी का भयानक बोझ उठाना पड़ा है। अमेरिका में हुई ताजा सामूहिक गोलीबारी की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि बंदूक की हिंसा इतनी होती है कि कई हत्याएं अब खबर भी नहीं बनतीं।
नेता व नौकरशाहों का गिरोह रोजाना 3 करोड़ की कर रहा वसूली : ईडी
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी समीर विश्नोई की गिरफ्तारी के एक दिन बाद दावा किया कि छत्तीसगढ़ में कोयला परिवहन में एक बड़ा घोटाला किया जा रहा है। इस घोटाले में नेताओं और नौकरशाहों का एक गिरोह सक्रिय है। जांच एजेंसी के मुताबिक ये गिरोह रोजाना दो से तीन करोड़ रुपये की अवैध वसूली कर रहे हैं।
केंद्रीय जांच एजेंसी ने बिश्नोई के अलावा दो अन्य को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार करने से पहले उनके कई ठिकानों पर छापे मारे थे। रायपुर की एक अदालत ने तीनों को 21 अक्तूबर तक ईडी की हिरासत में भेज दिया है। ईडी ने कहा, 2009 बैच के आईएएस विश्नोई और उनकी पत्नी के पास से 47 लाख नकद और 4 किलो जेवरात बरामद किए गए। ईडी ने उनके खिलाफ मनीलॉन्ड्रिंग की जांच आयकर विभाग की शिकायत के बाद शुरू की।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के घर में निकला सांप
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास में बृहस्पतिवार सुबह पांच फुट लंबा सांप मिला। सुरक्षाकर्मियों ने गार्ड रूम के पास सांप को देखे जाने के बाद वाइल्ड लाइफ एसओएस की टीम को तत्काल सूचना दी। टीम ने कुछ देर की मशक्कत के बाद सांप को पकड़ लिया। पकड़ा गया सांप चेकर्ड कीलबैक प्रजाति का है। इस प्रजाति के सांप जहरीले नहीं होते हैं। संस्था का कहना है कि ये सांप आमतौर पर झीलों, नदियों, तालाबों, नालियों, कृषि भूमि और कुओं आदि में पाए जाते हैं।
हैदराबाद : आरएस बंधुओं के 12 ठिकानों पर आयकर विभाग के छापे
हैदराबाद में शुक्त्रस्वार को आरएस ब्रदर्स के व्यापारिक ठिकानों पर आयकर विभाग के अफसरों ने छापामारी की। यह जानकारी सूत्रों के हवाले से सामने आई है। केंद्रीय एजेंसी को समूह द्वारा कर चोरी की पुख्ता जानकारी मिलने के बाद आरएस ब्रदर्स से जुड़े करीब एक दर्जन शोरूम और परिसरों पर छापामारी चल रही है।
बीपीसीएल आउटलेट को ऊर्जा स्टेशन में बदलेगी
भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लि. (बीपीसीएल) ने अपने 7,000 आउटलेट को एनर्जी स्टेशन के रूप में बदलने का लक्ष्य रखा है। इसमें इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग की सुविधा मिलेगी। शुक्रवार को कंपनी ने ई-वाहन फास्ट चार्जिंग स्टेशन की शुरुआत की।
2020-21 में डिस्कॉम का घाटा 66% बढ़ा
ऊर्जा वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) का घाटा 2020-21 में 66% बढ़कर 50,281 करोड़ गया है। फाइनेंस कॉरपोरेशन की रिपोर्ट के अनुसार, 2019-20 में यह 20.73% बढ़ा था। 2019-20 में कुल घाटा 30,203 करोड़ था। डिस्कॉम द्वारा उधारी लेने में जबरदस्त वृद्धि दिखी है।
शादी के बहाने धर्मांतरण कराने के आरोप में मुस्लिम युवक गिरफ्तार
कर्नाटक में हाल में लागू धर्म की स्वतंत्रता कानून के तहत एक मुस्लिम युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। युवक पर शादी के बहाने एक युवती का धर्म परिवर्तन कराने का आरोप है। बेंगलूरू पुलिस के मुताबिक 18 वर्षीय युवती की मां की शिकायत पर सैयद मुईन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। युवती की मां ने छह अक्तूबर को गुमशुदगी का मामला दर्ज किया था।
इसके बाद युवती की मां ने बृहस्पतिवार रात फिर शिकायत दर्ज कराई कि बेटी को शादी का झांसा देकर उसका धर्म परिवर्तन कराया गया है। पाटिल ने मीडिया से कहा कि इसके बाद कर्नाटक धर्म की स्वतंत्रता के अधिकार का संरक्षण कानून की धारा पांच के तहत मामला दर्ज किया गया और आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
तटरक्षकों ने पाकिस्तान के चंगुल से मुक्त कराए छह भारतीय मछुआरे
भारतीय तटरक्षक जहाज ने पाकिस्तान समुद्री सुरक्षा एजेंसी की गिरफ्त से छह भारतीय मछुआरों को मुक्त कराया। घटना 6 अक्तूबर की है जब तटरक्षक जहाज अरिंजय को इसकी जानकारी मिली और तुरंत कार्रवाई करते हुए मछुआरों को मुक्त कराया।
कर्नाटक : मुरुघा मठ यौन शोषण मामले में एक और प्राथमिकी दर्ज
कर्नाटक पुलिस ने मुरुघा मठ यौन शोषण मामले में मैसूरू के नजराबाद पुलिस स्टेशन में एक और प्राथमिकी दर्ज की। मुरुघा मठ के महंत शिवमूर्ति स्वामी और छात्रावास वार्डन रश्मि सहित सात नामों वाली प्राथमिकी बृहस्पतिवार रात एक ओदानदी संगठन की मदद से दर्ज की गई। मामले को चित्रदुर्ग में स्थानांतरित किए जाने की संभावना है।
गौरतलब है कि संत के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप में पोक्सो कानून के तहत मामला पहले ही दर्ज किया जा चुका है। वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। चित्रदुर्ग अदालत ने 23 सितंबर को महंत की जमानत अर्जी खारिज कर दी। हालांकि बाद में उन्हें जेल में ही चेक पर हस्ताक्षर करने की अनुमति दी गई। उल्लेखनीय है कि मुरुघा मठ के महंत शिवमूर्ति को कर्नाटक पुलिस ने एक सितंबर को गिरफ्तार किया था। पीड़ित बच्चियों के अनुसार महंत ने उनका यौन शोषण किया था।
दक्षिण भारत के लिए 10 नवंबर से वंदे भारत की हो सकती है शुरुआत
चेन्नई-बंगलूरू और मैसूरू के बीच देश की पांचवीं वंदे भारत ट्रेन 10 नवंबर को हरी झंडी दिखाए जाने की उम्मीद है और इसी के साथ दक्षिण भारत में भी इस ट्रेन की सेवाएं शुरू हो जाएंगी। सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। यह ट्रेन करीब 483 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।
रेलवे ने हाल में देश की तीसरी और चौथी वंदे भारत ट्रेन क्रमश: गुजरात और हिमाचल प्रदेश के लिए शुरू की है। इन दोनों राज्यों में जल्द ही चुनाव होने वाले हैं। कर्नाटक में अगले साल चुनाव होने वाले हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन से देश की चौथी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को बृहस्पतिवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।