Nepal Accident: महाराष्ट्र के जलगांव लाए गए दुर्घटना में मारे गए 25 भारतीयों के शव, सड़क हादसे में हुई थी मौत
Nepal Accident: वायुसेना (आईएएफ) का एक सैन्य विमान शनिवार को 25 भारतीय श्रद्धालुओं के शवों को लेकर महाराष्ट्र के जलगांव पहुंचा। ये श्रद्धालु शुक्रवार को नेपाल के तनहुं जिले में एक भीषण बस हादसे का शिकार हो गए थे।
विस्तार
आईएएफ ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, जरूरी मानवीय मदद के लिए वायुसेना ने सी-130जे विमान को तैनात किया गया, ताकि नेपाल में सड़क दुर्घटना में मारे गए गए भारतीय नागरिकों के शवों को एयरलिफ्ट किया जा सके। आईएएफ ने कहा, शवों को भरतपुर से जलगांव लाया गया। यह शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करते हैं।
भारतीय तीर्थयात्री दस दिन की नेपाल यात्रा पर थे। हादसे में 16 अन्य लोग भी घायल हुए हैं। बस तनहुं जिले के मार्स्यांगदी नदी में गिर गई थी।इससे पहले मृतकों के शवों का नेपाल के बागमती के एक अस्पताल में पोस्टमार्टम हुआ। पोस्टमार्टम के बाद शवों को वायुसेना के विशेष विमान से महाराष्ट्र लाया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शवों का पोस्टमार्टम बागमती प्रांत के चितवन जिले के भरतपुर स्थित अस्पताल में किया गया। शुक्रवार को मुंबई में महाराष्ट्र राज्य सरकार की एक विज्ञप्ति में कहा गया था कि भारतीय वायु सेना का एक विमान आज शवों को नासिक लेकर आएगा।
शुक्रवार को हुआ था बस हादसा
पुलिस ने बताया कि, उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से 43 यात्रियों को लेकर बस नेपाल के पोखरा से राजधानी काठमांडू जा रही थी, जिसमें चालक और दो सहायक शामिल थे। दोपहर के समय तनहुन जिले में मार्सयांगडी नदी के किनारे आंबू खैरेनी क्षेत्र में यह दुर्घटना हुई। नेपाल के सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के उप प्रवक्ता शैलेंद्र थापा ने बताया कि 16 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि घायल हुए 16 लोगों को हवाई मार्ग से काठमांडू ले जाया गया और त्रिभुवन विश्वविद्यालय शिक्षण अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दुर्घटना की वजह अभी तक साफ नहीं
दुर्घटना का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। दुर्घटना स्थल काठमांडू से लगभग 90 किलोमीटर पश्चिम में राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बस में सवार यात्री 104 भारतीय तीर्थयात्रियों के समूह का हिस्सा थे, जो दो दिन पहले नेपाल की यात्रा के लिए तीन बसों में महाराष्ट्र से नेपाल पहुंचे थे। अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित मुंबई से 470 किलोमीटर दूर जलगांव जिले के वरनगांव, दरियापुर, तलवेल और भुसावल इलाके के रहने वाले थे।
#WATCH | Nepal bus accident: Union Minister Raksha Khadse and Nepal Home Minister Ramesh Lekhak visit Tribhuvan University Education Hospital in Kathmandu to meet the injured
— ANI (@ANI) August 24, 2024
At least 27 Indians, all from Maharashtra, who were visiting Nepal, were killed and 16 others injured… pic.twitter.com/NRsbFUtMU8
केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे और नेपाल के गृह मंत्री रमेश लेखाक शनिवार को काठमांडू के त्रिभुवन यूनिवर्सिटी एजुकेशन अस्पताल पहुंचे और वहां बस हादसे में घायल लोगों से मुलाकात की। शुक्रवार को हुए बस हादसे में 16 लोग घायल हुए थे, जिन्हें एयर लिफ्ट कर काठमांडू लाया गया था, जहां त्रिभुवन अस्पताल में ही उनका इलाज चल रहा है।
नेपाल से भारत-नेपाल सीमा के लिए शव वाहन रवाना
नेपाल बस हादसा में मारे गए कुशीनगर के बस ड्राइवर मुर्तजा और कंडक्टर रामजीत के शव पोस्टमार्टम के बाद नेपाल के चितवन से वाहन द्वारा नेपाल-भारत सीमा के लिए रवाना हो गए हैं। सभी यात्रियों को पुलिस एस्कॉर्ट और एडीएम की निगरानी में गोरखपुर लाया जा रहा है। सीमा पर सभी यात्रियों के लिए भोजन और पानी की व्यवस्था की गई है। 51 यात्रियों के महराजगंज पहुंचने पर उनके भोजन और पानी की व्यवस्था कर उन्हें गोरखपुर भेजा जाएगा। महराजगंज प्रशासन ने सीमा पर 6 शव वाहन, 11 एंबुलेंस और एक 42 सीटर की व्यवस्था की है। महाराष्ट्र के 25 यात्रियों के शव पोस्टमार्टम के बाद नेपाल से महाराष्ट्र हवाई मार्ग से लाए जाएंगे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.