{"_id":"62fce1e66cef427e445335fd","slug":"liz-cheney-loses-in-us-republican-party-primary-election-donald-trump","type":"story","status":"publish","title_hn":"America: रिपब्लिकन पार्टी पर अब डोनाल्ड ट्रंप का पूरा कब्जा, लिज चेनी की हार के ये हैं मायने","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
America: रिपब्लिकन पार्टी पर अब डोनाल्ड ट्रंप का पूरा कब्जा, लिज चेनी की हार के ये हैं मायने
Wed, 17 Aug 2022 06:13 PM IST
शिव शरण शुक्ला
वर्ल्ड न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वॉशिंगटन
वर्ल्ड न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वॉशिंगटन
Published by: शिव शरण शुक्ला
Updated Wed, 17 Aug 2022 06:13 PM IST
सार
वायोमिंग राज्य में हुई प्राइमरी को रिपब्लिकन पार्टी पर ट्रंप की पकड़ को मापने का टेस्ट केस माना जा रहा था। हाल में कई राज्यों की प्राइमरी में ट्रंप समर्थकों की जीत हुई है, लेकिन लिज चेनी को का संबंध चूंकि पार्टी के पूर्व शक्तिशाली धड़े से रहा है, इसलिए उनका हारना खास मायने रखता है।
विज्ञापन
डोनाल्ड ट्रंप
- फोटो : PTI
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अमेरिका में रिपब्लिकन पार्टी के प्राइमरी चुनाव में लिज चेनी की हार ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि अब इस पार्टी में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विरोधियों के लिए जगह खत्म होती जा रही है। लिज चेनी रिपब्लिकन पार्टी के ‘ऐस्टैबलिशमेंट’ से संबंध रखती हैं। वे पूर्व उप राष्ट्रपति डिक चेनी की बेटी हैं। पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज बुश जूनियर के कार्यकाल में डिक चेनी को सत्ता का प्रमुख केंद्र और उस दौरान हुए अफगानिस्तान एवं इराक युद्धों का मुख्य रणनीतिकार माना जाता है।
विज्ञापन
अमेरिका में राजनीतिक पार्टियों के अंदर उम्मीदवार चुनने के लिए मतदान होता है। इसे प्राइमरी कहा जाता है। मंगलवार को वायोमिंग राज्य में कांग्रेस (संसद) के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव के सदस्य के लिए हुई पार्टी प्राइमरी में ट्रंप समर्थित उम्मीदवार ने लिज चेनी को खासे अंतर से हरा दिया। लिज चेनी डोनाल्ड ट्रंप के उदय के समय से ही उनकी विरोधी रही हैं। वे हाउस की उस समिति की उपाध्यक्ष हैं, जो छह जनवरी 2021 को कैपिटॉल हिल (अमेरिकी संसद भवन) पर हुए हमले की जांच कर रही है। पिछले साल छह जनवरी को ट्रंप समर्थक भीड़ ने कैपिटॉल हिल पर धावा बोल दिया था।
विज्ञापन
वायोमिंग राज्य में हुई प्राइमरी को रिपब्लिकन पार्टी पर ट्रंप की पकड़ को मापने का टेस्ट केस माना जा रहा था। हाल में कई राज्यों की प्राइमरी में ट्रंप समर्थकों की जीत हुई है, लेकिन लिज चेनी को का संबंध चूंकि पार्टी के पूर्व शक्तिशाली धड़े से रहा है, इसलिए उनका हारना खास मायने रखता है।
विज्ञापन
विश्लेषकों ने कहा है कि अभी कुछ वर्ष पहले तक यह सोचना भी मुश्किल था कि वायमिंग राज्य में चेनी परिवार का कोई सदस्य रिपब्लिकन पार्टी की प्राइमरी में हार जाएगा। इस राज्य में चेनी परिवार को ‘शाही सियासी परिवार’ कहा जाता है। डिक चेनी इस चुनाव में अपनी बेटी के लिए प्रचार में उतरे थे। इसी महीने एक चुनाव सभा में उन्होंने ट्रंप को अमेरिकी इतिहास में ‘अमेरिकी गणराज्य के लिए सबसे बड़ा खतरा’ बताया था।
लिज चेनी तीन चुनावों में लगातार विजयी रही थीं। डिक चेनी ने एक दशक से ज्यादा इस राज्य का हाउस में प्रतिनिधित्व किया था। उसके बाद तत्कालीन राष्ट्रपति एचडब्लू बुश (सीनियर) ने उन्हें रक्षा मंत्री नियुक्त किया। 1989 से 1993 तक वे इस पद पर रहे। फिर जॉर्ज बुश जूनियर के कार्यकाल में वे 2001 से 2009 तक उप राष्ट्रपति रहे।
लिज चेनी को ट्रंप समर्थित उम्मीदवार हैरिएट हेजमैन ने हराया है। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने डॉनल्ड ट्रंप का यह आरोप बार-बार दोहराया कि 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप को धांधली करके हराया गया था। लिज चेनी इस आरोप को गलत बताती रही हैं। विश्लेषकों के मुताबिक छह जनवरी की घटना की संसदीय जांच के दौरान उनके रुख से रिपब्लिकन पार्टी के कट्टरपंथी धड़े उनसे नाराज थे, लेकिन ये नाराजगी उनकी हार का कारण बन जाएगी, इसका अंदाजा ज्यादातर लोगों को नहीं था। लिज चेनी की हार से ट्रंप समर्थक रिपब्लिकन नेताओं में खुशी की लहर दौड़ गई है। इस नतीजे को इस बात का संकेत माना गया है कि अब ट्रंप की सोच ही रिपब्लिकन पार्टी की मुख्यधारा है।
एफबीआई ने लौटाया ट्रंप का पासपोर्ट
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बयान जारी कर कहा कि एफबीआई द्वारा जब्त उनका पासपोर्ट वापस मिल गया है। ट्रंप ने आरोप लगाया था कि एफबीआई ने उनका पासपोर्ट चुरा लिया है। एफबीआई ने पिछले सप्ताह उनके घर पर छापा मारा था। इस दौरान एफबीआई ने उनके घर से कुछ दस्तावेज भी जब्त किए थे।
ट्रंप ने ट्वीट कर कहा, डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस और एफबीआई ने अभी-अभी मेरा जब्त पासपोर्ट लौटा दिया है। धन्यवाद, लेकिन दुर्भाग्य से जब आठ दिन पहले मेरे घर पर छापेमारी की गई तो उन्हें जो कुछ भी दिखा उसे जब्त कर लिया।