बिश्नोई गैंग: अमेरिका में गैंगस्टर हैरी बॉक्सर हिरासत में, रोहित शेट्टी के घर फायरिंग की ली थी जिम्मेदारी
अमेरिकी अधिकारियों ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गैंगस्टर हैरी बॉक्सर को हिरासत में लिया है। सूत्रों के मुताबिक, वह अमेरिका से गैंग की गतिविधियां संचालित कर रहा था। बॉक्सर ने मुंबई में फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के आवास के बाहर हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था।
विस्तार
अमेरिकी अधिकारियों ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गैंगस्टर हैरी बॉक्सर को हिरासत में ले लिया है। दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, वह अमेरिका से गैंग की गतिविधियां संचालित कर रहा था।
हैरी बॉक्सर ने फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित आवास के बाहर हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी ली थी। इसके बाद उसने सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो संदेशों के जरिए बॉलीवुड की कई हस्तियों को धमकियां दी थीं। उसके खिलाफ हत्या और धमकी देकर रंगदारी मांगने समेत कई मामले दर्ज हैं।
कौन है गैंगस्टर हैरी बॉक्सर
हैरी बॉक्सर इन दिनों लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े उन नामों में शामिल है, जिन पर सुरक्षा एजेंसियों की नजर है। उसका असली नाम हरि चंद जाट है। राजस्थान के अलवर जिले के नारायणपुर का रहने वाला हैरी कभी बॉक्सिंग का प्रशिक्षण लेता था और जयपुर में कोच के तौर पर भी काम कर चुका है। बाद में उसका नाम कई आपराधिक मामलों में सामने आया और वह कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ गया।
According to Delhi Police sources, Haryana’s most-wanted gangster Harry Boxer has been detained in the US. A close associate of Lawrence Bishnoi, he was allegedly operating the Bishnoi gang from the US Boxer had claimed responsibility for the firing outside filmmaker Rohit Shetty’s residence and subsequently issued threats to Bollywood personalities through social media posts and audio messages. Several cases, including murder, threats and extortion, are registered against him.
— ANI (@ANI) November 7, 2026
2022 से चल रहा फरार
पुलिस और जांच एजेंसियों के मुताबिक, हैरी बॉक्सर वर्ष 2022 से फरार है और उसके अमेरिका में रहने की आशंका है। उस पर राजस्थान, पंजाब और दिल्ली में रंगदारी, लूटपाट और हत्या के प्रयास जैसे मामलों में संलिप्त होने के आरोप हैं। जांच एजेंसियां उसे विदेश से गैंग की गतिविधियां संचालित करने वाले प्रमुख लोगों में गिनती हैं।
कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग के बाद सामने आया था ऑडियो
अगस्त 2025 में कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग के बाद एक कथित ऑडियो सामने आया था। इसमें हैरी ने बॉलीवुड के लोगों को अभिनेता सलमान खान के साथ काम करने पर निशाना बनाने की धमकी दी थी। हैरी बॉक्सर का नाम अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय संगठित अपराध नेटवर्क और गैंगों के बीच बढ़ती प्रतिद्वंद्विता के संदर्भ में भी चर्चा में है।