Nuclear Pact: परमाणु समझौते पर ईरान को अमेरिका की ओर से मिला अंतिम प्रस्ताव, समीक्षा शुरू
यूरोपीय संघ की विदेश नीति के प्रमुख जोसेप बोरेल ने 8 अगस्त को कहा था कि उन्होंने एक अंतिम प्रस्ताव रखा था और कुछ हफ्तों के भीतर प्रतिक्रिया की उम्मीद है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ईरान ने बुधवार को कहा कि उसे प्रमुख शक्तियों के साथ तेहरान के 2015 के परमाणु समझौते के पुनरुद्धार के लिए यूरोपीय संघ के अंतिम मसौदे पर अमेरिका से प्रस्ताव मिला है। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नासिर कनानी ने कहा कि आज शाम ईरान को यूरोपीय संघ के माध्यम से अमेरिकी प्रस्ताव मिला। प्रस्ताव पर सावधानीपूर्वक समीक्षा तेहरान में शुरू हो गई है। तेहरान की समीक्षा पूरी होने पर ईरान परमाणु वार्ता के समन्वयक के रूप में यूरोपीय संघ के साथ अपना विचार साझा करेगा।
यूरोपीय संघ की विदेश नीति के प्रमुख जोसेप बोरेल ने 8 अगस्त को कहा था कि उन्होंने एक अंतिम प्रस्ताव रखा था और कुछ हफ्तों के भीतर प्रतिक्रिया की उम्मीद है। ईरान ने पिछले हफ्ते यूरोपीय संघ के मसौदे का जवाब अतिरिक्त विचारों के साथ दिया था, जबकि अमेरिका से तीन शेष मुद्दों को हल करने के लिए लचीलापन दिखाने का आह्वान किया था।
2015 में हुआ था समझौता
ईरान को परमाणु बम बनाने से रोकने के मकसद से यह समझौता 2015 में हुआ था। तब बराक ओबामा अमेरिका के राष्ट्रपति थे। लेकिन जब डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्रपति बने, तो 2018 में उन्होंने अमेरिका को इस करार से अलग कर लिया। 2021 में जो बाइडन के राष्ट्रपति बनने के बाद अमेरिका ने इस डील को फिर से लागू करने की कोशिश शुरू की। बताया जाता है कि इस मकसद से वियना में हुई बातचीत में ज्यादातर मसलों पर सहमति बन गई है।
परमाणु डील के मामले में अमेरिका और ईरान के बीच फिलहाल बातचीत कतर और यूरोपियन यूनियन (ईयू) की मध्यस्थता में चल रही है। कतर के विदेश मंत्री पिछले सप्ताहांत तेहरान आए थे। यहां उनकी ईरान के वार्ताकार अली बाघेरी कनी से बातचीत हुई। ईयू की प्रवक्ता नबीला मसराली ने कहा था कि ईयू समझौते को संपन्न करने के लिए अमेरिका और इससे संबंधित अन्य पक्षों के साथ संपर्क में है।