Iran: राष्ट्रपति पेजेशकियन ने मनमोहन सिंह को दी श्रद्धांजलि, कहा- वह ईरान-भारत के बीच संबंधों के समर्थक थे
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को भारत का महान नेता बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह ईरान और भारत के बीच संबंधों के बड़े समर्थक थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की है। पेजेशकियन ने कहा कि डॉ. सिंह भारत के एक महान नेता थे। वह ईरान और भारत के बीच संबंधों के बड़े समर्थक भी थे।
पेजेशकियन ने एक पोस्ट में कहा, 'मैं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के परिवार, रिश्तेदारों, भारत की जनता और सरकार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। डॉ. सिंह भारत के एक महान नेता और भारत-ईरान के बीच संबंधों के बड़े समर्थक थे।
2004 से 14 तक प्रधानमंत्री रहे मनमोहन सिंह
मनमोहन सिंह 2004 से 2014 तक प्रधानमंत्री रहे। इससे पहले वह वित्त मंत्री थे। उन्हें भारत के आर्थिक उदारीकरण के प्रमुख वास्तुकार के रूप में जाना जाता है। डॉ. सिंह का निधन 92 वर्ष की आयु में हुआ। शनिवार को दिल्ली में उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान प्रमुख राजनीतिक और गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया और 21 तोपों की सलामी दी गई। बृहस्पतिवार रात उनके निधन के बाद सरकार ने सात दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की।
मनमोहन सिंह के निधन पर विश्वभर के नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनमोहन सिंह के निधन से भारत समेत पूरी दुनियाभर में शोक की लहर है। दुनियाभर के कई नेताओं ने पूर्व पीएम के निधन पर श्रद्धांजलि देते हुए शोक जताया है।
अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति करजई ने जताया शोक
अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई ने एक पोस्ट में कहा कि भारत ने अपने सबसे शानदार बेटों में से एक को खो दिया है। उन्होंने पूर्व पीएम को अफगानिस्तान के लोगों के अटूट सहयोगी और दोस्त बताते हुए उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। करजई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि मैं उनके परिवार, सरकार और भारत के लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।
मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति नशीद ने जताया दुख
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद ने भी दुख जताया। उन्होंने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह एक दयालु अभिभावक और मालदीव के अच्छे मित्र थे।
रूसी राजदूत ने जताया दुख
इसके साथ ही भारत में रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव ने भी पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह का निधन भारत और रूस के लिए बहुत दुखद है। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह का योगदान भारत और रूस के द्विपक्षीय संबंधों में अतुलनीय था। उनका सौम्य व्यवहार और एक अर्थशास्त्री के रूप में उनकी विशेषज्ञता हमेशा सराही जाती थी।
बराक ओबामा ने की थी तारीफ
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अपनी किताब ए प्रॉमिस्ड लैंड में पूर्व पीएम मनमोहन सिंह की जमकर तारीफ की। उन्होंने लिखा कि मनमोहन सिंह ऐसे नेता है कि जब वो बोलते है तो पूरी दुनिया सुनती है। किताब में ओबामा ने आगे लिखा कि मनमोहन सिंह भारत की अर्थव्यवस्था को आधुनिक बनाने के मुख्य आर्किटेक्ट थे और उन्होंने लाखों भारतीयों को गरीबी से बाहर निकाला।
कनाडा के पूर्व पीएम ने भी जताया दुख
कनाडा के पूर्व प्रधानमंत्री स्टीफन हार्पर ने मनमोहन सिंह के निधन पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की। इस पोस्ट में हार्पर ने लिखा कि 'मेरे पूर्व सहयोगी मनमोहन सिंह के निधन की खबर से मैं दुखी हूं। वे अद्भुत बौद्धिक समझ वाले नेता थे। लॉरीन और मैं उनके परिवार और दोस्तों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं।'
फ्रांस के राष्ट्रपति ने जताया दुख
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें एक महान व्यक्ति बताया। मैक्रों ने सोशल मीडिया पर साझा पोस्ट में लिखा कि 'भारत ने एक महान व्यक्ति और फ्रांस ने एक दोस्त को खो दिया है। उनका पूरा जीवन देश के लिए समर्पित रहा। उनके परिवार और भारत के लोगों के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं।'
रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पूर्व भारतीय प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। रूसी दूतावास के अनुसार, राष्ट्रपति पुतिन ने कहा, 'मनमोहन सिंह एक उत्कृष्ट राजनेता थे। प्रधानमंत्री के रूप में और अन्य उच्च पदों पर रहते हुए, उन्होंने भारत के आर्थिक विकास को बढ़ावा देने और विश्व मंच पर इसके हितों को मुखर करने में बहुत कुछ हासिल किया। उन्होंने हमारे दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को मजबूत करने में एक बड़ा व्यक्तिगत योगदान दिया, जिससे उन्हें विशेष विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाया जा सका। मुझे इस उल्लेखनीय व्यक्ति से कई बार बात करने का अवसर मिला। हम उनकी यादों को संजो कर रखेंगे'।
संबंधित वीडियो
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.