World News: कनाडा में भारतीय मूल के दंपती और बेटी की मौत; भूमध्य सागर में नाव डूबने से 34 प्रवासी लापता
संक्षेप में पढ़ें प्रमुख अंतरराष्ट्रीय खबरें...
विस्तार
कनाडा के ओंटेरियो प्रांत में पिछले सप्ताह घर में आग लगने से भारतीय मूल के एक दंपती और उनकी बेटी की मौत हो गई। दरअसल सात मार्च को ब्रैम्पटन के बिग स्काई वे एंड वैन किर्क ड्राइव क्षेत्र में दंपती के घर में आग लगी थी। मृतकों की पहचान राजीव वारिकू (51), उनकी पत्नी शिल्पा कोठा (47) और उनकी बेटी महक वारिकू (16) के रूप में हुई है। मृतकों के जले हुए अवशेषों की पहचान शुक्रवार को की गई।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि आग बुझने के बाद जांचकर्ताओं को जले हुए घर के भीतर मानव अवशेष मिले थे, लेकिन उस समय मृतकों की संख्या का पता नहीं चल सका था। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने आग को संदिग्ध माना था। ओंटारियो के अग्नि शमन विभाग ने कहा है कि यह आग आकस्मिक रूप से नहीं लगी थी। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
भूमध्य सागर पार करने के दौरान नाव डूबी, 34 प्रवासी लापता, दो मौत
ट्यूनीशिया में भूमध्य सागर पार कर इटली जाने की कोशिश के दौरान प्रवासियों की नाव डूब गई। जिससे 34 प्रवासी लापता हो गए, जबकि डूबने से दो की मौत हो गई। ट्यूनीशिया के राष्ट्रीय गार्ड ने बताया कि लीबिया तट से रवाना हुई नाव में 70 लोग सवार थे। 34 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। बता दें, इस सप्ताह ट्यूनीशियाई तट रक्षक ने प्रवासियों के पांच शव बरामद किए थे।