फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   India warns in UN: Terrorists can attack with biological, nuclear weapons, read important news of the country and world

भारत ने यूएन में चेताया : जैविक, परमाणु हथियारों से हमला कर सकते हैं आतंकी, पढ़ें देश-दुनिया की अहम खबरें

Thu, 02 Jun 2022 07:04 AM IST
योगेश साहू एजेंसी, संयुक्त राष्ट्र/नई दिल्ली।
एजेंसी, संयुक्त राष्ट्र/नई दिल्ली। Published by: योगेश साहू Updated Thu, 02 Jun 2022 07:04 AM IST
विज्ञापन
India warns in UN: Terrorists can attack with biological, nuclear weapons, read important news of the country and world
संयुक्त राष्ट्र - फोटो : youtube

आतंकी न केवल परमाणु, जैविक व रासायनिक हथियार हासिल कर सकते हैं, बल्कि उनका उपयोग भी आम नागरिकों पर कर सकते हैं, यह चेतावनी भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की खुली चर्चा में मंगलवार को जारी की।

विज्ञापन

यूएन में भारत के अधिकारी ए अमरनाथ ने कहा, नई तकनीकों के आने के साथ परमाणु, रासायनिक और जैविक हथियार ज्यादा घातक बन चुके हैं।

इनके आतंकी समूहों के हाथ में पड़ने का खतरा बढ़ गया है। विभिन्न देशों में सक्रिय गैर-सरकारी ताकतें आतंकी समूहों के साथ काम करते हुए मिसाइलों और मानव रहित विमान प्रणाली के जरिए हमला कर सकते हैं। सभी देश समाधान तलाशें।
विज्ञापन


अमरनाथ ने यूएन के जांच दल की रिपोर्ट का हवाला देकर बताया कि कई देशों में आतंकी समूह ऐसे क्षेत्रों पर कब्जा कर चुके हैं, जहां से वे कम समय में घातक हथियार न केवल विकसित कर सकते हैं, बल्कि उन्हें तैनात भी कर सकते हैं। यह चिंता की बात है। सभी देशों को उन्हें रोकने के तरीके खोजने होंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन


चीन विदेशी स्वामित्व वाले रूसी एयरलाइन के विमानों पर प्रतिबंध
चीन ने अपने हवाई क्षेत्र में विदेशी स्वामित्व वाले रूसी एयरलाइन के विमानों के उड़ान भरने पर प्रतिबंध लगा दिया है। रूसी मीडिया हाउस आरबीके के मुताबिक यूरोपीय संघ ने फरवरी में रूसी एयरलाइनों को विमानों की बिक्री या पट्टे पर दिए जाने पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसके जवाब में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मार्च में इन विमानों के रूस में पुन: पंजीकरण को मंजूरी दी थी। इससे ये अटकलें लगने लगी थीं कि विदेशी विमानों के मालिक को उनके अरबों डॉलर के विमान कभी वापस नहीं मिल पाएंगे। बहरहाल, चीन के विमानन नियामक ने पिछले महीने सभी विदेशी विमानन कंपनियों को स्वामित्व की जानकारी देने और अन्य विवरण देने को कहा था।

कानूनी दायरे में करें आधार का इस्तेमाल
केंद्रीय वित्त सचिव टीवी सोमनाथन ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से लोगों को सेवाएं मुहैया कराने में सुधार के लिए मौजूदा कानूनी ढांचे के तहत आधार का अनुकूलतम इस्तेमाल करने को कहा है। यूआईडीएआई के कार्यक्रम में सोमनाथन ने कहा कि भारतीयों को इस पर गर्व होना चाहिए कि आधार को भारत द्वारा तैयार किया गया है न कि पश्चिमी देशों से कॉपी किया गया। अमेरिका में हर व्यक्ति एक सामाजिक सुरक्षा संख्या साझा करता है और यह वहां पर गोपनीय नहीं है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला पहले ही आ चुका है और इस पर कानून भी है। इसलिए कानून के ढांचे और कानून के मापदंडों के भीतर रहते हुए हमें आधार के अनुकूलतम इस्तेमाल में मदद के लिए हर काम करना चाहिए। एजेंसी

गजेट रिव्यू ने भारतीय मूल के विकास खन्ना को दुनिया के शीर्ष 10 शेफ में शामिल किया
भारतीय मूल के सेलिब्रिटी शेफ विकास खन्ना को गजेट रिव्यू ने दुनिया के शीर्ष 10 शेफ की सूची में शामिल किया है। खन्ना इस सूची में जगह बनाने वाले भारतीय मूल के पहले शख्स हैं। गजेट रिव्यू ने उन्हें छठा और ब्रिटिश शेफ गॉर्डन रामसे को पहला स्थान दिया है। अमृतसर में जन्मे और न्यूयार्क में रहने वाले 50 वर्षीय खन्ना को भारतीय व्यंजनों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए जाना जाता है। खन्ना ने इंस्टाग्राम पर लिखा, दुनिया के शीर्ष 10 शेफ की सूची में अपने गुरुओं के साथ शामिल होना खुशी की बात है।

पार्टीगेट : ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन बोले- जुर्माना भरना आपराधिक दोष सिद्धि नहीं
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन को अपने स्वतंत्र नैतिकता सलाहकार को सफाई देनी पड़ी कि उन्हें क्यों लगता है, स्कॉटलैंड यार्ड मेट्रोपॉलिटन पुलिस की ओर से उन पर पार्टीगेट के लिए लगाए जुर्माने से मंत्रियों के लिए बने नियमों का उल्लंघन नहीं होता। जवाब में जॉनसन ने कहा, जुर्माना भरना आपराधिक दोष सिद्धि नहीं होता। सलाहकार की हैसियत से सीधे प्रधानमंत्री को रिपोर्ट करने वाले लॉर्ड क्रिस्टोफर कैडिट ने मंत्री स्तरीय वार्षिक रिपोर्ट में कहा, बोरिस जॉनसन ने लिखित में कहा, मुझे नहीं लगता कि जिन हालात में मुझे जुर्माने का नोटिस दिया गया है, वह नियमों का उल्लंघन है। मैं परिणाम को स्वीकार करता हूं। एजेंसी

स्पाइडरमैन बन नियम तोड़ने वाले भारतीय पर सिंगापुर में जुर्माना
कोविड नियमों का उल्लंघन करने के मामले में भारतीय मूल के 19 वर्षीय कोटरा वेंकट साई रोहनकृष्णा पर सिंगापुर में 4,000 सिंगापुरी डॉलर का जुर्माना लगाया गया है। रोहनकृष्णा ने दिसंबर 2020 में नववर्ष की पूर्व संध्या पर नदी किनारे एक पार्टी में स्पाइडरमैन की पोशाक में पहुंचकर कोविड नियमों का उल्लंघन किया था। तीन दोस्तों संग रोहनकृष्णा भीड़ में शामिल हुए। उनकी हरकत की पुष्टि उनके ही यूट्यूब चैनल पर डाले गए वीडियो से हुई। लोक उपअभियोजक जेरेमी बिन ने बताया, रोहनकृष्णा के दोस्तों में दो चीनी मूल के ग्लैक्सी लो जुआन मिंग, ली हर्न सिंग व भारतीय मूल के आकाश शामिल हैं। उन्होंने वीडियो बनाने में मदद की थी। रोहनकृष्णा ने स्पाइडरमैन की पोशाक पहन मास्क नहीं लगाया था।

इस्राइली सैनिकों ने चाकूधारी महिला को गोली मारी
इस्राइली बलों ने बुधवार को वेस्ट बैंक में चाकूधारी फलस्तीनी महिला को गोली मार दी। उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इस्राइल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने बयान में कहा, नियमित जांच के दौरान जवानों की तरफ चाकू लेकर हमला करने बढ़ी महिला को रोकने का प्रयास किया गया। वह नहीं रुकी तो उसे गोली मारी गई और इलाज के लिए हेब्रो के नजदीकी अस्पताल में भेजा गया। फलस्तीनी प्रिजनर क्लब ने बताया कि महिला को इस वर्ष की शुरुआत में आतंकी गतिविधियों के आरोप में जेल में भी रखा गया था।

कीमतें बढ़ने से एफएमसीजी कंपनियों की बिक्री में गिरावट
खपत में कमी के कारण जनवरी-मार्च में एफएमसीजी उद्योग की बिक्री में मात्रा के आधार पर गिरावट आई है। खाने-पीने की वस्तुओं और जरूर उत्पादों की कीमतें बढ़ने के कारण बिक्री घटी है। डाटा विश्लेषक फर्म नील्सनआईक्यू ने रिपोर्ट में कहा कि इस दौरान ग्रामीण इलाकों में रोजमर्रा इस्तेमाल के उत्पादों की बिक्री 5.3% घट गई। यह पिछली तीन तिमाहियों में सबसे बड़ी गिरावट है। खपत में गिरावट का रुझान सभी क्षेत्रों और कस्बों में देखने को मिला। लेकिन, ग्रामीण इलाकों में सबसे ज्यादा असर रहा।

एनएफटी के रूप में बेचे जाएंगे संगीत आयोजन के टिकट
किसी फिल्म या शो का टिकट खास होता है, दर्शाता है कि आपने पसंदीदा फिल्म किसी दिन और समय में देखी थी। हालांकि शो के बाद अधिकतर लोग इन्हें फेंक देते हैं लेकिन कुछ इन्हें सहेज कर रखते हैं। जिन लोगों ने पुराने समय की फिल्मों के टिकट आज भी सहेज रखे हैं उन्हें इनकी कीमत पता है, कुछ तो इन्हें संग्रहकर्ताओं को बेचते भी हैं। टिकटों के इस भावनात्मक मूल्य को समझते हुए मुंबई में होने जा रहे एक संगीत शो ‘इमर्जेंस’ के टिकट पहली बार नॉन फंजिबल टोकन (एनएफटी) के रूप में बेचे जाएंगे। इसे एक भारतीय स्टार्टअप ब्लॉकटिकट्स आयोजित करवा रहा है जो एनएफटी आधारित टिकट बेचने का प्लेटफॉर्म चलाता है। 4 से 5 जून के इस शो के दो हजार टिकट ब्लॉकचेन से होंगे। खरीदने वाले इन्हें डिजिटल फॉर्मेट में हमेशा सहेज कर रख सकेंगे, चाहें तो आयोजन की निशानी के तौर पर किसी और बेच भी पाएंगे। शो में 30 संगीतकार पेशकश देंगे, जिनमें एमिवे बंटाई, जेफर्टोन, मारी फरारी, एलेक्सी, स्टाइलो शामिल हैं।


नेट जीरो की दिशा में बदलाव में विकसित देश करें नेतृत्व : भूपेंद्र
केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने बुधवार को कहा कि विकसित देशों को नेट जीरो और निम्न कार्बन उद्योग की ओर बढ़ने की दिशा में वैश्विक बदलाव में नेतृत्व करना चाहिए। स्टॉकहोम में भारत और स्वीडन की मेजबानी में हो रहे उद्योग बदलाव संवाद में उद्घाटन भाषण में उन्होंने कहा कि विकासशील देशों को न केवल औद्योगिक परिवर्तन की आवश्यकता है बल्कि औद्योगिक नवजागरण की जरूरत है जो स्वच्छ पर्यावरण के साथ ही रोजगार सृजन और समृद्धि लाए। यह संवाद भारत और स्वीडन के संयुक्त पहल ‘लीडरशिप फॉर इंडस्ट्री ट्रांजिशन’ का हिस्सा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह सहयोगात्मक एक्शन के 50 साल का जश्न मनाने और जो हासिल किया तथा अभी और क्या किया जाना है, इस पर आत्मनिरीक्षण करने का वक्त है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed