पाकिस्तान: इमरान खान का अब सीधे तटस्थ यानी सेना पर हमला, लगाया ये बड़ा आरोप
इमरान खान ने चेतावनी दी है कि अगर देश में जल्द नए आम चुनाव का एलान नहीं किया गया, तो ‘लोगों का ऐसा समुद्र’ आएगा, जो ‘सब कुछ बहा ले जाएगा।’ इमरान खान ने ये बात सरकार के यह बयान देने के एक दिन बाद ही कही कि इमरान खान को अराजकता फैलाने की इजाजत नहीं दी जाएगी...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पाकिस्तान जारी विवाद के बीच पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ ने अब सीधे सेना और न्यायपालिका पर हमला बोला है। अब तक पीटीआई के समर्थक सोशल मीडिया पर या परोक्ष रूप से इन दोनों संस्थाओं को निशाना बना रहे थे। इससे आहत सेना के प्रवक्ता और सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस ने नाराजगी जताई थी। दोनों ने कहा था कि हाल की राजनीतिक घटनाओं में उनका रुख न्यूट्रल यानी तटस्थ का रहा है। लेकिन अब पीटीआई ने साफ इल्जाम लगाया है कि ‘न्यूट्रल’ संस्थाएं आर्थिक और लोकतांत्रिक मोर्चों पर पाकिस्तान को पटरी से उतारने की साजिश में शामिल हुईं।
पीटीआई की नेता और मानवाधिकार मामलों की पूर्व संघीय मंत्री शिरीन मजारी ने शुक्रवार को एक प्रेस कांफ्रेंस कर कहा- ‘यह सबको मालूम है कि न्यूट्रल्स असल में न्यूट्रल नहीं थे।’ इसके पहले इमरान खान ने एक ट्विट में दावा किया कि पूर्व वित्त मंत्री शौकत तरीन ने ‘न्यूट्रल्स’ को पहले ही चेता दिया था कि अगर पीटीआई की सरकार गिरी, तो देश की अर्थव्यवस्था में सुधार की प्रक्रिया ध्वस्त हो जाएगी।
सेना से टकराने की तैयारी
पर्यवेक्षकों के मुताबिक पीटीआई के रुख से साफ है कि उसने सेना से भी टकराने का मन बना लिया है। यह पाकिस्तान की राजनीति में अभूतपूर्व बात है। इस बीच इमरान खान ने चेतावनी दी है कि अगर देश में जल्द नए आम चुनाव का एलान नहीं किया गया, तो ‘लोगों का ऐसा समुद्र’ आएगा, जो ‘सब कुछ बहा ले जाएगा।’ इमरान खान ने ये बात सरकार के यह बयान देने के एक दिन बाद ही कही कि इमरान खान को अराजकता फैलाने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
इमरान खान ने घोषणा कर रखी है कि वे 20 मई के बाद किसी भी दिन अपने समर्थकों से इस्लामाबाद के लिए कूच करने की अपील करेंगे। शाहबाज शरीफ सरकार उनके इस कार्यक्रम से परेशान है। पिछले दिनों प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ अपने वरिष्ठ मंत्रियों को लेकर अपने बड़े भाई और पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से मिलने लंदन गए थे। वहां इमरान के इस अभियान को रोकने के तरीकों पर खास विचार किया गया। उसके बाद ही नवाज शरीफ की बेटी और मौजूदा सरकार में मंत्री मरियम औरंगजेब ने कहा था कि इमरान खान को लोगों का हुजूम इस्लामाबाद लाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। जरूरी हुआ तो इसके लिए इमरान खान को गिरफ्तार भी किया जाएगा।
उकसा रहे हैं ‘क्रांति’ के लिए
लेकिन इस धमकी से पीटीआई का रुख और आक्रामक हो जाने के संकेत हैं। इमरान खान ने अब कहा है कि वे लोगों को राजनीति के लिए नहीं, बल्कि ‘क्रांति’ करने के लिए बुला रहे हैं। उन्होंने मौजूदा सत्ताधारी गठबंधन के तीन प्रमुख नेताओं शाहबाज शरीफ, आसिफ अली जरदारी और मौलाना फजलुर रहमान को नवाज शरीफ की ‘तीन कठपुतलियां’ बताया और कहा कि ये सभी अमेरिका के गुलाम हैं।
उधर अपनी प्रेस कांफ्रेंस में शिरीन मजारी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने जब अमेरिका को पाकिस्तान में सैनिक अड्डे बनाने की इजाजत नहीं थी, तभी से उनकी सरकार गिराने की साजिश रची जाने लगी। विश्लेषकों के मुताबिक इन आक्रामक टिप्पणियों से साफ है कि इमरान खान भविष्य के परिणामों का बिना ख्याल किए अपने नैरेटिव को आगे बढ़ा रहे हैं। जनता के एक बड़े हिस्से का समर्थन मिलने से उनका मनोबल बढ़ा हुआ है।