US: FBI की गिरफ्त में आव्रजन अधिकारियों को चकमा देने में मददगार महिला जज; पूर्व अमेरिकी सांसद को 7+ साल की जेल
अमेरिका की जांच एजेंसी एफबीआई ने मिल्वौकी काउंटी कोर्ट की जज हन्ना डुगन को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। वहीं दूसरी ओर अमेरिका के बदनाम पूर्व सांसद जॉर्ज सैंटोस को शुक्रवार को 87 महीने (7 साल 3 महीने) की जेल की सजा सुनाई गई।
विस्तार
मामले में एफबीआई का कहना है कि जज डुगन ने व्यक्ति और उसके वकील को कोर्टरूम से बाहर भेज दिया जब उन्हें पता चला कि आव्रजन एजेंट उसकी तलाश में हैं। बाद में एजेंटों ने उस व्यक्ति को कोर्टहाउस के बाहर पकड़ लिया। इस गिरफ्तारी से ट्रंप प्रशासन और स्थानीय न्यायाधीशों व नेताओं के बीच तनाव और बढ़ गया है। इसको लेकर ट्रंप प्रशासन का कहना है कि कुछ स्थानीय अधिकारी उनके आव्रजन नियमों में अड़चन डाल रहे हैं।
ये भी पढ़ें:- Pahalgam: 'भारत-पाकिस्तान सीमा पर तनाव हमेशा रहा है'; ट्रंप बोले- दोनों नेताओं से परिचित, सुलझा लेंगे मुद्दे
जज पर सरकारी काम में बाधा डालने का भी आरोप
बता दें कि जज डुगन को कोर्टहाउस से ही एफबीआई ने हिरासत में लिया। बाद में उन्हें फेडरल कोर्ट में पेश किया गया और कुछ समय बाद छोड़ दिया गया। उन पर आरोप है कि उन्होंने किसी व्यक्ति को गिरफ्तारी से बचाने के लिए छुपाया, और सरकारी कार्य में बाधा डाली।
वहीं डुगन के वकील ने कहा कि जज ने जानबूझकर कुछ गलत नहीं किया और उनकी गिरफ्तारी सार्वजनिक सुरक्षा के हित में नहीं थी। एफबीआई के दस्तावेजों के मुताबिक, जब जज डुगन को बताया गया कि आव्रजन एजेंट कोर्टहाउस में हैं, तो वह गुस्से में थीं और उन्होंने इसे बेतुका कहा। बाद में वह और एक और जज, एजेंटों के पास पहुंचे और गुस्से में बहस भी की।
ये भी पढ़ें:- US: ट्रंप प्रशासन के खिलाफ 19 राज्यों का मुकदमा, स्कूलों में समानता के कार्यक्रम बंद करने के आदेश को दी चुनौती
पूर्व अमेरिकी सांसद जॉर्ज सैंटोस को 7 साल से ज्यादा की जेल
अमेरिका के बदनाम पूर्व सांसद जॉर्ज सैंटोस को शुक्रवार को 87 महीने (7 साल 3 महीने) की जेल की सजा सुनाई गई। उन पर धोखाधड़ी, पहचान की चोरी, और चंदा देने वालों को ठगने जैसे गंभीर आरोप साबित हुए, जिनके चलते उन्हें कांग्रेस से बाहर कर दिया गया था। सैंटोस ने अदालत में रोते हुए अपनी गलतियों के लिए माफी मांगी। उन्होंने कहा कि मैं अपने अतीत को नहीं बदल सकता, लेकिन भविष्य को ठीक कर सकता हूं। लेकिन जज जोआना सेबर्ट ने उनकी बातों से सहमति नहीं जताई। उन्होंने कहा, "आपका पछतावा कहां है? मैं उसे देख नहीं पा रही हूं।" इसके बाद उन्हें सख्त सजा सुनाई गई।