दुनियाभर में कोरोना वायरस के मामले रविवार को बढ़कर एक करोड़ के पार हो गए। वर्ल्डोमीटर के मुताबिक विश्व में 10,187,738 लोग संक्रमित हो चुके हैं और 5,02,987 की अब तक मौत हो चुकी है। वहीं कोरोना पर नजर रखने वाली अमेरिकी यूनिवर्सिटी जॉन्स हॉपकिंस ने बताया कि अब तक 5,482,050 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।
महामारी की सबसे ज्यादा मार झेल रहे तीन देश, सूची में भारत का नंबर ब्रिटेन से पहले
पाकिस्तान: 2 लाख मरीजों वाला 12वां देश
पाकिस्तान में कोविड-19 के 4,072 नए मरीज मिलने के बाद देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 2,02,955 हो गए। इसके साथ ही पाकिस्तान दुनिया का 12वां देश बन गया, जहां कोरोना के दो लाख से अधिक मामले हैं। बीते 24 घंटे में 83 लोगों की मौत के साथ मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 4,118 पहुंच गया।
जर्मनी: 24 घंटे में 256 नए मामले
यूरोपीय देश जर्मनी में बीते 24 घंटे में कोरोना के 256 नए मामले सामने आए। जबकि तीन लोगों की मौत के साथ यह आंकड़ा बढ़कर 8957 पहुंचा गया। जर्मनी में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1,93,499 हो गई। जबकि शनिवार को छह लोगों की मौत हुई थी और 687 नए केस मिले थे।
मेक्सिको: 4410 नए मरीज मिले
मेक्सिको में कोरोना के 4,410 नए मामले रिपोर्ट होने के साथ देश में संक्रमितों की संख्या 2,12,802 हो गई। बीते 24 घंटे में यहां 602 लोगों की मौत हुई है। 26,381 लोग अब तक इस महामारी में अपनी जान गंवा चुके हैं।
चेक गणराज्य: 8 अप्रैल के बाद सबसे ज्यादा केस
चेक गणराज्य में 8 अप्रैल के बाद एक दिन में कोरोना के सबसे ज्यादा 260 केस सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि 1 करोड़ सात लाख की आबादी वाले इस यूरोपीय देश में 11,298 लोग संक्रमित हो चुके हैं। वहीं, 347 मरीजों की मौत हो चुकी है।