कोरोना से लड़ाई के लिए पाक की मदद को आया चीन, मेडिकल सप्लाई से भरा विमान भेजा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना वायरस ने लगभग पूरी दुनिया को अपनी चपेट में ले लिया है। भारत जहां इसका सामना करने के लिए युद्धस्तर पर तैयारियां कर रहा है। वहीं पाकिस्तान के पास अब तक जरूरी सामान की कमी थी। हालांकि अब उसकी मदद के लिए चीन की दो फाउंडेशन आगे आई हैं। चीन की जैक मा और अली बाबा फाउंडेशन ने पाक में मेडिकल सामान से भरपूर दूसरे विमान को भेजा है जो 25 मार्च को लैंड कर चुका है।
अलीबाबा ने इसकी जानकारी ट्विटर पर देते हुए लिखा, 'एक और विमान जो बहुत जरूरी मेडिकल सप्लाई लेकर जा रहा था पाकिस्तान लैंड कर चुका है। इसे राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा पूरे देश में पहुंचाया और वितरित किया जाएगा।' बता दें कि जैक मा और अलीबाबा फाउंडेशन ने पाकिस्तान सहित 10 एशियाई देशों में कोविड-19 की जांच वाली 210,000 किट, 1.8 मिलियन मास्क और अन्य आपातकालीन सामान भेजे हैं।
Another plane carrying much-needed medical supplies has just landed. These supplies arrived in Pakistan, where they will be transported and distributed throughout the country by the National Disaster Management Authority. @Foundation_Ma #AlibabaFoundation pic.twitter.com/kRwQSJEKD0
— Alibaba Group (@AlibabaGroup) March 25, 2020
जैक मा और अलीबाबा फाउंडेशन ने पाकिस्तान के अलावा अफगानिस्तान, कंबोडिया, लाओस, मालदीव, मंगोलिया, म्यांमार, नेपाल और श्रीलंका को प्रोटेक्टिव सूट, वेंटिलेटर और थर्मामीटर भेजे हैं। इससे पहले चीन ने पाकिस्तान से कहा था कि वह गिलगिट-बाल्तिस्तान में चीन से लगी खुंजेराब पास सीमा को 27 मार्च के लिए खोल दे ताकि जरूरी सामान वहां तक पहुंच सके।
यह सीमा आम तौर पर हर साल एक अप्रैल से खोली जाती थी, लेकिन इस बार कोरोना के खतरे की वजह से इसे अनिश्चितकाल तक के लिए बंद करने का फैसला किया गया है। इस बारे में पाकिस्तान स्थित चीनी दूतावास ने पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय को पत्र लिखकर बताया था कि चीन के झिंगजियांग प्रांत के गवर्नर पाकिस्तान के गिलगिट-बाल्तिस्तान के लिए कोरोना से बचाव के लिए जरूरी मेडिकल सामानों की एक खेप मदद के तौर पर देना चाहते हैं।