कोरोनावायरस: चीन से छात्रों के लिए आई राहत भरी खबर, मृतकों की संख्या दो हजार के पार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चीन से फैले खतरनाक कोरोनावायरस का कहर से जहां दुनियाभर के देश प्रभावित हुए हैं। वहीं छात्र भी इससे अछूते नहीं रह गए हैं। चीन के विश्वविद्यालयों में पढ़ रहे और कोरोनावायरस के डर से स्वदेश लौटकर आए छात्रों को अब अपने भविष्य की चिंता सता रही है। हालांकि चीन से उनकी चिंता का समाधान भी आ गया है। उधर, बुधवार को चीन सरकार की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक अभी तक इस जानलेवा वायरस की वजह से होने वाली मौतों की संख्या दो हजार के पार पहुंच गई है। इसके अलावा 70 हजार से ज्यादा लोग इस वायरस से संक्रमित हो चुके हैं।
जानकारी के अनुसार, भारत के स्वास्थ्य मंत्रालय में सचिव (स्वास्थ्य) प्रीति सूदन ने चीनी राजदूत के साथ हाल ही में बैठक की थी। इसमें उन्होंने चीनी राजदूत के समक्ष कोरोनावायरस के कारण भारत लौटे छात्रों का प्रतिनिधित्व करते हुए उनकी मांग के संबंध में अनुरोध किया था।
Health Ministry:This request has been responded to favorably.Chinese Embassy has written that China's State Council has decided to postpone new semester of Universities for which Secretary had represented. Students will be notified by their respective Universities accordingly. https://t.co/EgBODov6wl
— ANI (@ANI) February 19, 2020
दरअसल छात्रों का कहना था कि उनके स्वदेश लौटकर आने के बाद से ही संबंधित चीनी विश्वविद्यालय छात्रों पर वापस लौटने का दबाव बना रहे हैं, ऐसा ना करने पर दाखिला खो देने की बात कही जा रही है।
सचिव (स्वास्थ्य) प्रीति के मार्फत किए गए इस अनुरोध का अब जवाब भी आ गया है। दरअसल, चीनी दूतावास ने लिखा है कि चीन की स्टेट काउंसिल ने संबंधित छात्रों के विश्वविद्यालयों के नए सेमेस्टर को स्थगित करने का निर्णय लिया है। छात्रों को अग्रिम प्रक्रियाओं के संबंध में संबंधित विश्वविद्यालयों द्वारा सूचित किया जाएगा।
कोरोनावायरस की वजह से वैश्विक अर्थव्यवस्था पर होने वाले प्रभाव पर रिजर्व बैंक के गर्वनर शक्तिकांत दास ने कहा है कि निश्चित तौर पर इस महामारी की वजह से दुनिया की अर्थव्यवस्था को झटका लगेगा। मगर भारत में इसका असर काफी सीमित ही रहने वाला है।
उन्होंने कहा कि भारत में सिर्फ कुछ सेक्टर पर ही इसका प्रभाव देखने को मिल रहा है, लेकिन इससे उबरने के लिए दूसरे विकल्पों को तलाशा जा रहा है। आरबीआई गर्वनर ने कहा कि दवा और इलेक्ट्रॉनिक निर्माण सेक्टर ही चीन पर निर्भर है और इन्हीं पर कुछ असर हो सकता है। 2003 में भी इसी तरह की समस्या पैदा हुई थी, लेकिन भारत की अर्थव्यवस्था पर इसका असर करीब एक फीसदी ही रहा था।
जापानी जहाज में एक और भारतीय पॉजीटिव
जापान के जहाज में फंसे भारतीय नागरिकों में से एक और व्यक्ति को बुधवार को कोरोनावायरस की पुष्टि हुई है। भारतीय दूतावास के मुताबिक इस जहाज पर अब तक सात भारतीय कोरोनावायरस से ग्रस्त हो चुके हैं। यहां 88 नए लोगों को कोरोनावायरस होने की पुष्टि हुई है।
वहीं, दूसरी ओर रूस इसके संक्रमण से बचने के लिए 20 फरवरी से सभी चीनी नागरिकों को अपने क्षेत्र में प्रवेश करने से रोक देगा। रूस की उप प्रधानमंत्री और स्वास्थ्य मामलों की प्रभारी तातियाना गोलिकोवा ने कहा, ‘रूस की सीमाओं के जरिए चीनी नागरिकों के प्रवेश को 20 फरवरी से निलंबित कर दिया जाएगा।’ उन्होंने बताया कि ये प्रतिबंध कार्य यात्रा, निजी यात्रा, अध्ययन और पर्यटन के लिए आने वाले यात्रियों पर लागू होगा।
चीन में अस्पताल के निदेशक की मौत
चीन में एक अस्पताल के निदेशक की मंगलवार को कोरोनावायरस से मौत हो गई। चीन के सरकारी मीडिया सीसीटीवी ने यह जानकारी दी। वुहान में बने वुचांग अस्पताल के निदेशक लिउ झिमिंग की जान बचाने के सारे प्रयास विफल हो गए और उनकी मौत हो गई । लिउ से पहले कोरोना वायरस के कारण अस्पताल के निदेशक स्तर के व्यक्ति के मरने की खबर नहीं आई थी।
आधिकारिक डेटा के अनुसार, देश में कोरोनावायरस से अब तक छह चिकित्साकर्मियों की मौत हो चुकी है और 1,716 कर्मी इससे संक्रमित हैं। लिउ की मौत की खबर सबसे पहले चीनी मीडिया और ब्लॉगरों ने मंगलवार आधी रात के बाद दी थी लेकिन फिर इस खबर को हटा दिया गया था। तब बताया जा रहा था कि डॉक्टर लिउ को बचाने के प्रयास में लगे हुए हैं।
जिनपिंग का आलोचक गिरफ्तार
चीन में पुलिस ने राष्ट्रपति शी जिनपिंग की इस बीमारी से निपटने के तौर तरीकों की आलोचना करने वाले एक चर्चित सामाजिक कार्यकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है। एमनेस्टी इंटरनेशनल के अनुसार झू झियांग पुलिस की सख्ती को देखते हुए भूमिगत हो गया था पर रविवार को उसे खोज निकाला गया। चीन के शंघाई में कोरोनावायरस के चलते स्कूल बंद हैं और बच्चों की पढ़ाई में आ रही रुकावट को देखते हुए अब उन्हें ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाया जाएगा।
जापान : क्रूज के छह भारतीयों का हालत स्थिर
डायमंड प्रिंसेज क्रूज के छह भारतीयों की हालत अब पहले से बेहतर है। यहां के भारतीय दूतावास ने एक ट्वीट में बताया कि कोई भी नया मामला सामने नहीं आया है और सभी छह क्रू सदस्यों का स्वास्थ्य अब पहले से बेहतर है। दूतावास इस बात के प्रयास कर रहा है कि सभी भारतीयों को जहाज से जल्द से जल्द निकाला जाए। क्रूज के सभी मुसाफिरों और चालक दल के सदस्यों की जांच का काम पूरा हो गया है।
इस पर्यटन जहाज पर दक्षिण कोरिया के 400 यात्री कोरोना से पीड़ित पाए गए हैं और अब उनका देश उन्हें वहां से ले जाने की तैयारी कर रहा है। ब्रिटेन भी अपने नागरिकों को निकालने की तैयारी में हैं। इस जहाज पर अबतक 542 लोगों में कोरोना वायरस का पता चल चुका है। सिंगापुर एयरलाइंस ने मुंबई सहित दूसरी जगहों तक उड़ानों में कटौती की एयरलाइन्स ने मंगलवार को कहा कि वह तीन महीनों के लिए विश्वभर में अपनी उड़ानों में अस्थायी कटौती कर रही है।