कोरोनावायरस: चीन ने बाहरी लोगों को वुहान से जाने की दी इजाजत, अबतक का अपडेट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चीन में रविवार को 150 लोगों की मौत के बाद कोरोना से मरने वालों की संख्या 2592 हो गई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने बताया कि देश के 31 प्रांतों में अब तक 77,150 मामले सामने आ चुके हैं। इसी बीच चीन में अधिकारियों ने ऐसे लोगों को वुहान छोड़कर जाने की अनुमति दे दी है जो यहां के निवासी नहीं हैं। ऐसे लोगों को वुहान से जाने दिया जाएगा जिनमें कोरोना वायरस के कोई लक्षण नजर नहीं आए हैं और जिनका मरीजों के साथ कोई संपर्क नहीं रहा है। गौरतलब है कि वुहान कोरोनावायरस का केंद्र है और इस शहर को पृथक किया गया है। वुहान 1.1 करोड़ की आबादी वाला शहर है। कोरोनावायरस का संक्रमण फैलने से रोकने के लिए शहर 23 जनवरी से बंद पड़ा है। यहां आवाजाही भी बंद कर दी गई है। अबतक का अपडेट-
इराक में कोरोनावायरस का पहला मामला सामने आया
इराक में सोमवार को कोरोनावायरस का पहला मामला सामने आया है। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार देश के दक्षिणी हिस्से में नजफ शहर में रह रहा एक वृद्ध ईरानी नागरिक इससे संक्रमित पाया गया है। इराक काफी पहले ही अपने नागरिकों के ईरान जाने पर रोक लगा चुका है।
इटली में कोरोनावायरस से चौथी मौत
इटली ने कोरोनावायरस से चौथी मौत होने की सोमवार को जानकारी दी। यह मामला उत्तरी लोमबार्दिया क्षेत्र का है जहां 84 साल के एक व्यक्ति की इस वायरस से मौत हो गई।देश में वायरस से संक्रमित होने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। क्षेत्र के स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि यह लोमबार्दिया में तीसरी मौत है जहां बीमारी के प्रसार को रोकने के लिए गांवों में लोगों की आवाजाही बंद कर दी गई है और सुरक्षा उपाय लागू हैं। प्रधानमंत्री जुजेपे कोंते ने कहा कि वायरस के प्रकोप को कम करने के प्रयासों के तहत निवासियों को हफ्ते तक घरों में बंद रहना पड़ सकता है। इटली के नागरिक संरक्षण विभाग के प्रमुख एंजेलो बोर्रेली ने रविवार को कहा था कि देश में 150 से ज्यादा लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। यूरोप में संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले इटली में ही सामने आए हैं।
पाकिस्तान ने लगाई उड़ानों पर रोक
पाकिस्तान ने चीन जाने वाली उड़ानों पर प्रतिबंध 15 मार्च तक बढ़ाया। इससे पहले पाकिस्तान ने 31 जनवरी को चीन से उड़ान भरने वाले विमान पर 2 फरवरी तक रोक लगाई थी।
चीन ने जंगली जानवरों के व्यापार पर रोक लगाई
चीन ने कोरोनावायरस के चलते सोमवार को जंगली जानवरों के व्यापार और उनके उपभोग पर व्यापक रोक लगाने की घोषणा की है। जंगली जानवरों के व्यापार और उपभोग को जानलेवा कोरोना वायरस के लिये जिम्मेदार माना जा रहा है। देश की शीर्ष विधायी समिति नेशनल पीपुल्स कांग्रेस (एनपीसी) ने जंगली जानवरों के अवैध व्यापार, अत्याधिक उपभोग की खराब आदत पर रोक लगाने और लोगों के जीवन तथा स्वास्थ्य के प्रभावी संरक्षण' से संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इससे पहले 2002-2003 में 'सार्स' वायरस फैलने के दौरान जंगली जानवरों के व्यापार और उपभोग पर अस्थायी पाबंदी लगाई गई थी। सार्स के कारण सैंकड़ों लोगों की मौत हो गई थी।
डब्ल्यूएचओ की टीम वुहान के अस्पतालों का किया दौरा
चीन में घातक कोरोनावायरस से 150 और लोगों की मौत के बाद इससे मरने वालों की संख्या 2592 हो गई और इस बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के विशेषज्ञों ने इससे सबसे अधिक प्रभावित हुबेई प्रांत की राजधानी वुहान में अस्पतालों का दौरा किया। चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग (एनएचसी) ने बताया कि 31 प्रांत स्तरीय क्षेत्रों में रविवार को इसके 409 मामले सामने आए हैं और 150 लोग इससे मारे गए ।
एनएचसी ने कहा कि चीन में इसके कुल 77,150 मामलों की पुष्टि हो गई है और रविवार तक इससे 2,592 लोग मारे गए थे। उसने बताया कि 150 में से 149 लोगों की मौत हुबेई प्रांत में हुई है, जहां इस वायरस का सबसे अधिक प्रकोप है।
1846 लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिली
‘शिन्हुआ’ की खबर के अनुसार रविवार को 1,846 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। यह संख्या उसी दिन सामने आए 409 नए मामलों से काफी अधिक है। एनएचसी ने बताया कि रविवार तक कुल 24,734 संक्रमित लोगों को अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है।
इस बीच, डब्ल्यूएचओ के विशेषज्ञों की एक टीम ने इस वायरस के बारे में विस्तृत जांच के लिए हुबेई प्रांत की राजधानी वुहान का दौरा किया। ऐसा माना जाता है कि वायरस गत वर्ष दिसंबर में कथित तौर पर एक सीफूड बाजार से फैला।
कोरोनावायरस देश का सबसे बड़ा जन स्वास्थ्य आपातकाल- जिनपिंग
उसने बताया कि इस दल ने तोंग्जी अस्पताल, अस्थायी अस्पताल बनाए गए वुहान स्पोर्ट्स सेंटर और रोग नियंत्रण और रोकथाम के प्रांतीय केन्द्रों का दौरा किया और चिकित्सीय जांच के अलावा इसको नियंत्रित करने और रोकने के तरीकों के बारे में जानकारी ली। गौरतलब है कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने रविवार को कहा था कि कोरोनावायरस देश का सबसे बड़ा जन स्वास्थ्य आपातकाल है।
जिनपिंग ने कोविड-19 प्रकोप की रोकथाम और नियंत्रण के लिये प्रयास दोगुने करने को लेकर बुलाई गई बैठक में कहा था कि यह तेजी से और दूर तक फैलने वाला वायरस है और इस पर नियंत्रण पाना तथा इसे रोकना बहुत मुश्किल काम है।
ईरान में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या चार से बढ़कर 12 हुई
चीन में महामारी बन चुके कोरोना वायरस का कहर ईरान में भी बढ़ता जा रहा है और यहां इससे मरने वालों की संख्या चार से बढ़कर 12 हो गई है। संसद के बंद कमरे में हुए सत्र के बाद अर्द्ध-सरकारी समाचार एजेंसी ‘आईएसएनए’ ने अपनी एक खबर में ईरानी नेता असदुल्लाह अब्बासी के हवाले से कहा कि स्वास्थ्य मंत्री ने घोषणा की कि देश में इससे 12 लोगों की जान गई है और 47 लोगों के इससे संक्रमित होने की पुष्टि हो चुकी है।
दुनिया भर में 79 हजार लोग कोरोनावायरस संक्रमण की चपेट में
चीन : 77,150 मामले, 2,592 लोगों की मौत।
हांगकांग : 74 मामले, दो की मौत
मकाऊ : 10 मामले
जापान : योकोहोमा में खड़े पोत के 691 मामलों सहित 838 मामले, चार लोगों की मौत ।
दक्षिण कोरिया : 763 मामले, सात की मौत
सिंगापुर : 89 मामले
इटली : 152 मामले, तीन की मौत
ईरान : 43 मामले, 12 की मौत
अमेरिका : 35 मामले, चीन में एक अमेरिकी नागरिक की मौत
थाइलैंड : 35 मामले
ताइवान : 28 मामले, एक मौत
ऑस्ट्रेलिया : 23 मामले
मलेशिया : 22 मामले
वियतनाम : 16 मामले
जर्मनी : 16 मामले
फ्रांस : 12 मामले, एक की मौत
संयुक्त अरब अमीरात : 11 मामले
ब्रिटेन : 13 मामले
कनाडा : 10 मामले
फिलीपीन : 3 मामले, एक मौत
भारत : 3 मामले
रूस और स्पेन में संक्रमण के दो-दो मामलों के अलावा लेबनान, इजरायल, बेल्जियम, नेपाल, श्रीलंका, स्वीडन, कंबोडिया, फिनलैंड और मिस्र में एक-एक मामला सामने आया है।