फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Coronavirus : All updates about vorona outbreak in India and world

कोरोनावायरस: जापानी तट पर खड़े 'डायमंड प्रिंसेस' में चार और भारतीय संक्रमित, चीन में 2592 की मौत

Mon, 24 Feb 2020 10:13 AM IST
गौरव पाण्डेय वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: गौरव पाण्डेय Updated Mon, 24 Feb 2020 10:13 AM IST
सार

भारतीय दूतावास ने कहा है कि इसके साथ ही वायरस से संक्रमित भारतीयों की संख्या 12 पहुंच गई है। वहीं, जो लोग संक्रमित नहीं पाए जाते हैं, उन्हें वापस घर भेजा जाएगा।

विज्ञापन
Coronavirus : All updates about vorona outbreak in India and world
डायमंड प्रिंसेस जहाज - फोटो : पीटीआई

विस्तार

जापान के तट से दूर खड़े जहाज ‘डायमंड प्रिंसेस’ पर सवार चालक दल के चार और भारतीय सदस्यों में जानलेवा कोरोनावायरस की पुष्टि हुई है। भारतीय दूतावास ने रविवार को बताया, इसके साथ ही वायरस से संक्रमित भारतीयों की संख्या 12 पहुंच गई है। वहीं, जो लोग संक्रमित नहीं पाए जाते हैं, उन्हें वापस घर भेजा जाएगा।

विज्ञापन


भारतीय दूतावास ने ट्वीट किया, दुर्भाग्य से दोपहर 12 बजे (स्थानीय समयानुसार) मिले परिणामों में चालक दल के चार भारतीय सदस्य जांच में पॉजिटिव पाए गए हैं। इससे पहले, आठ भारतीयों में कोरोनावायरस की पुष्टि हुई थी। सभी संक्रमित 12 भारतीयों पर इलाज का अच्छा असर हो रहा है। दूतावास के मुताबिक, जापानी अथॉरिटी ने जहाज पर सवार सभी लोगों के नमूने लिए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। 
विज्ञापन


दूतावास ने कहा, सभी नतीजे 25 से 26 फरवरी को आने की उम्मीद है। जो भारतीय संक्रमित नहीं पाए जाते हैं, उन्हें भारतीय दूतावास जल्द ही देश भेजने की व्यवस्था करेगा। टोक्यो के पास योकोहामा तट पर 3 फरवरी से खड़े जहाज पर सवार कुल 3,711 लोगों में से 138 भारतीय शामिल थे। इनमें चालक दल के 132 सदस्य और छह यात्री थे।

विज्ञापन
विज्ञापन

जहाज पर सवार तीसरे यात्री की मौत  

इस बीच, जहाज पर सवार तीसरे यात्री की कोरोनावायरस से मौत हो गई। जापान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को इसकी पुष्टि की। मंत्रालय ने बताया, मृतक की पहचान 80 वर्षीय जापानी व्यक्ति के रूप में की गई है। कोरोनावायरस से संक्रमण की पुष्टि के बाद व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी मौत का कारण निमोनिया बताया गया है। इससे पहले, बृहस्पतिवार को दो बुजुर्गों की मौत हो गई थी। 

वहीं, एक महिला जहाज में हुई जांच में नेगेटिव पाई गई, लेकिन बाद में उसमें कोरोनावायरस की पुष्टि हुई। इसी के साथ जहाज में पीड़ितों को अलग से रखने व बचाव के उपायों पर सवाल उठने लगे हैं। इस घटना पर जापान के स्वास्थ्य मंत्री कत्सुनोबो कातो ने माफी मांगी है। अधिकारियों के मुताबिक, 60 वर्षीय महिला बुधवार को जहाज से उतरकर टोक्यो के तोचिगी में अपने घर लौटी थी, लेकिन शुक्रवार को उसे बुखार आने के बाद जब जांच की गई तो महिला में कोरोना की पुष्टि हुई।
 

देश के सभी बंदरगाहों, हवाईअड्डों पर मई तक होगी ‘सातों दिन-24 घंटे’ निकासी

चीन में कोरोनावायरस का प्रकोप कम होने के बाद वहां से माल की आवाजाही में तेजी लाने के लिए मई 2020 तक सभी बंदरगाहों और हवाईअड्डों पर ‘सातों दिन-24 घंटे’ सीमा शुल्क निकासी सुविधा उपलब्ध होगी। केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) ने सभी मुख्य आयुक्तों (सीमा शुल्क और केंद्रीय कर) को पत्र लिखा है कि ‘सातों दिन-24 घंटे’ के आधार पर बंदरगाहों, मालवाहक हवाईअड्डों पर तत्काल पर्याप्त संख्या में अधिकारियों की तैनाती की व्यवस्था की जाए।

बोर्ड ने पत्र में कहा गया है कि कोरोनावायरस के प्रकोप के चलते चीन में जारी बंदी के चलते हमारी औद्योगिक इकाइयों के लिए कच्चे माल की आपूर्ति में बाधा आने की आशंका है। इस तरह चीन को होने वाले निर्यात में भी कमी आ सकती है। इस पत्र आगे कहा गया है, 'इसके विपरीत, इस बात की जोरदार संभावना है कि वायरस का प्रसार पूरी तरह नियंत्रण में आने के बाद चीन से आयात और निर्यात में तत्काल तेजी आएगी।'

सीबीआईसी ने कहा, 'ऐसी स्थितियों को संभालने के लिए पहले से आवश्यक कदम उठाए जाने की आवश्यकता है। इसलिए सीबीआईसी ने सभी सीमा शुल्क केंद्रों में ‘सातों दिन-24 घंटे’ निकासी शुरू करने का फैसला किया है।' इस समय कुछ खास बंदरगाहों और हवाईअड्डों पर ही ‘सातों दिन-24 घंटे’ निकासी की सुविधा उपलब्ध है। हालिया निर्देश के बाद सभी सीमा शुल्क केंद्र मई 2020 तक ‘सातों दिन-24 घंटे’ काम करेंगे।

नेपाल समेत चार देशों से आने वाले यात्रियों की भी होगी स्क्रीनिंग

नेपाल समेत चार एशियाई देशों से भारत आने वाले यात्रियों की भी एयरपोर्ट पर चिकित्सीय स्क्रीनिंग की जाएगी। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने रविवार को इसकी जानकारी दी। इससे पहले, चीन, हांगकांग, जापान और दक्षिण कोरिया से आने वाले यात्रियों की ही स्क्रीनिंग की जा रही थी। डीजीसीए के उपनिदेशक सुनील कुमार ने कहा, भारत में कोरोनावायरस को फैलने से रोकने को लेकर यह फैसला किया गया है। इसके तहत नेपाल, इंडोनेशिया, वियतनाम व मलयेशिया से आने वाले यात्रियों की भी स्क्रीनिंग की जाएगी।

इटली में दो लोगों की मौत, 12 शहर पूरी तरह बंद

इटली में कोरोनावायरस से दो लोगों की मौत के बाद उत्तरी इटली के 12 शहरों को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। लोम्बार्डी में 78 वर्षीय व्यक्ति और वेनेतो में 77 वर्षीय महिला की मौत के बाद स्थानीय प्रशासन ने स्कूल, औद्योगिक प्रतिष्ठान, रेस्टोरेंट बंद कर दिए गए। वहीं सभी जनसभाएं व खेल प्रतियोगिताओं को भी रद्द कर दिया गया। इटली की व्यापारिक राजधानी मिलान के मेयर ने सभी सरकारी कार्यालय बंद करने का आदेश दिया है। 

वहीं, पॉजिटिव पाए गए 54 लोगों के संपर्क में आए सैकड़ों निवासियों व कर्मचारियों को अलग से रखा गया है। कोडग्नो शहर में एक मरीज की हालत गंभीर बनी हुई है। यहां सुपर मार्केट, रेस्टोरेंट व दुकानें बंद हैं। लोम्बार्डी प्रांत में अब तक 39 मामलों की पुष्टि हो चुकी है और यहां दस शहरों में अनावश्यक गतिविधियों व सेवाओं को निलंबित  करने के आदेश दिए गए हैं।

चीन में अब तक 2592 की मौत, विशेषज्ञ पहुंचे वुहान

चीन में रविवार को 150 लोगों की मौत के बाद कोरोना से मरने वालों की संख्या 2592 हो गई है। इस बीच, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के विशेषज्ञों ने कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित वुहान प्रांत का दौरा किया। चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग के मुताबिक, टीम में अमेरिका, जर्मनी, जापान, नाइजीरिया, रूस, सिंगापुर व दक्षिण कोरिया के विशेषज्ञ शामिल हैं। 

चीन ने कोरोनावायरस से सबसे अधिक प्रभावित हुबेई प्रांत की राजधानी वुहान से स्वस्थ बाहरी लोगों को जाने की अनुमति दी है। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग (एनएचसी) ने बताया कि 150 में से 149 लोगों की मौत हुबेई प्रांत में हुई है, जहां इस वायरस का सबसे अधिक प्रकोप है। आयोग ने 409 नए मामलों के सामने आने की पुष्टि भी की, जिनमें से अधिकतर हुबेई प्रांत में हैं।

विशेषज्ञों ने चीनी अधिकारियों के साथ वायरस के प्रसार को नियंत्रित करने के उपायों पर चर्चा की। इसके अलावा टीम ने गुआंडोंग में रोग नियंत्रण व रोकथाम केंद्र और शेनझेन व सिचुआन का भी दौरा किया। आयोग के मुताबिक, देश के 31 प्रांतों में अब तक 76,936 मामले सामने आ चुके हैं।
 

चीन के बाद दक्षिण कोरिया में सर्वाधिक मामले, 7 की मौत

दक्षिण कोरिया में कोरोनावायरस के 161 और मामले सामने आने के साथ ही देश भर में इसके कुल 763 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। चीन के बाद कोरोनावायरस के सबसे अधिक मामले दक्षिण कोरिया में ही सामने आए हैं।

दक्षिण कोरिया में हाल के कुछ दिनों में कोरोनावायरस के मामलों में अचानक तेज वृद्धि हुई है जहां दक्षिणी शहर दाएगू के एक धार्मिक प्रतिष्ठान में पिछले हफ्ते संक्रमण के कई मामले सामने आए थे। देश के रोग नियंत्रण एवं बचाव केंद्र ने एक बयान में बताया कि सोमवार को सामने आए संक्रमण के नए मामलों में से 129 लोग दाएगू शहर के शिंचेओंजी चर्च से जुड़े हैं।

चर्च के कई सदस्य अब इस संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। उसने बताया कि दो और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या सात हो गई है। राष्ट्रपति मून जेई-इन ने रविवार को वायरस अलर्ट को बढ़ाकर सबसे गंभीर ‘रेड’ श्रेणी में डाल दिया था।

ईरान में तीन लोगों की मौत

ईरान में रविवार को कोरोनावायरस से तीन लोगों की मौत हो गई। बीते 24 घटें में 14 नए मामले सामने आए हैं। इस बीच, ईरान के शीर्ष धार्मिक नेता अयातुल्लाह अली खामनेई ने विदेशी मीडिया पर कोरोना का डर दिखाकर देश के आम चुनाव में जनता को वोटिंग के प्रति हतोत्साहित करने की कोशिश का आरोप लगाया।

पाकिस्तान ने ईरान से लगी सीमाएं सील कीं 

पाकिस्तान ने रविवार को ईरान से लगती सीमा को सील कर दिया। पाक सरकार ने सीमा पार से कोरोनावायरस संक्रमण के खतरे से निपटने के मद्देनजर चिकित्सा आपातकाल घोषित कर दिया और ईरान के साथ सीम को अस्थायी रूप से बंद कर दिया। 

चीन ने भारत से जताई सकारात्मक सहयोग की उम्मीद 

चीन ने कोरोनावायरस से पैदा संकट को लेकर भारत से सकारात्मक सहयोग की उम्मीद जताई है। हाल ही में चीन के कुछ प्रमुख मेडिकल संस्थानों ने दावा किया था कि कोरोना के कारण भारत ने चिकित्सीय उत्पादों के निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया है। इस पर रविवार को चीनी दूतावास के प्रवक्ता जी रोंग ने कहा, विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कोरोनावायरस संक्रमण के बाद चीन की यात्रा व व्यापार प्रतिबंधों का विरोध किया है। लिहाजा यह उम्मीद की जाती है कि भारत सरकार भी तर्कसंगत व शांति से हालात की समीक्षा करेगी और दोनों देशों के बीच व्यापार व कर्मियों का सामान्य आदान प्रदान बहाल करेगी। हालांकि भारत सरकार की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed