कोरोना: पाकिस्तान में हालात और खराब, चार हजार से ज्यादा संक्रमित, उड़ानों पर प्रतिबंध बढ़ाया
कोरोना वायरस का प्रकोप पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी बढ़ता जा रहा है। प्रधानमंत्री इमरान खान की अगुवाई वाली सरकार ने कोरोना का प्रसार रोकने के प्रयास तेज करते हुए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर 21 अप्रैल तक प्रतिबंध बढ़ा दिया है। इस बीच, देश में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या 4,695 तक पहुंच गई है।
शुक्रवार को पाकिस्तान के राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा मंत्रालय की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक देश में अब तक 54,706 लोगों की जांच की गई है, जिनमें से 2,478 लोगों की जांच बीते 24 घंटे में हुई है। मंत्रालय ने यह भी बताया कि अब तक 727 लोग संक्रमण मुक्त हुए हैं, जबकि 66 लोगों की मौत हुई है और 45 की हालत गंभीर है।
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में कोरोना वायरस से संक्रमण के 2,287 मामले, सिंध में 1214, खैबर-पख्तूनख्वा में 620, बलूचिस्तान में 219, गिलगित बाल्टिस्तान में 215, इस्लामाबाद में 107 तथा पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में 33 मामले सामने आए हैं।
इससे पहले दिन में प्रधानमंत्री इमरान खान ने पेशावर का दौरा कर खैबर पख्तूनख्वा सरकार द्वारा संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए किए जा रहे उपायों का जायजा भी लिया। उन्होंने पेशावर स्थित हयातबाद मेडिकल कांप्लेक्स का दौरा किया।
प्रधानमंत्री इमरान खान ने प्रांतीय सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों पर संतोष जताया। साथ ही वह उस केंद्र पर भी गए जहां कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते सबसे अधिक प्रभावितों को मदद के लिए शुरू की गई योजना के तहत नकद सहायता दी जा रही है। खान ने कोरोना के खिलाफ लड़ाई के लिए कोष जुटाने के लिए टेलीथॉन में भी हिस्सा लिया।
विमान संचालन पर बढ़ा प्रतिबंध
इधर, पाकिस्तान के उड्डयन मंत्रालय ने कोरोना के संक्रमण पर लगाम लगाने के लिए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय विमान संचालन पर प्रतिबंध बढ़ा दिया है। मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा कि पाकिस्तान सरकार के फैसले के अनुसार अंतरराष्ट्रीय और घरेलू विमान संचालन का निलंबन 21 अप्रैल मंगलवार तक बढ़ाया जाता है।
मंत्रालय ने बयान में कहा कि अंतराष्ट्रीय और घरेलू उड़ानों को स्थगित करने के साथ पिछले आदेश में मौजूद प्रावधान लागू रहेंगे। वहीं खान ने लोगों को आगाह किया है कि वे पृथक वास पर सरकार के आधिकारिक दिशा—निर्देशों का पालन करें, नहीं तो संक्रमण और फैलेगा।
इस बीच, योजना एवं विकास मंत्री असद उमर ने राष्ट्रीय कमान और परिचालन केंद्र की बैठक की अध्यक्षता करते हुए स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस के संक्रमण से लड़ने की रणनीति प्रधानमंत्री के समक्ष रविवार को पेश की जाएगी।