मोदी के दौरे से बौखलाया चीन, बोला- भारत का नहीं तिब्बत का हिस्सा है अरुणाचल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चीन ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अरुणाचल प्रदेश दौरे पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा है कि वह इसके खिलाफ कूटनीतिक स्तर पर अपना विरोध दर्ज कराएगा। चीन ने कहा है कि वह अरुणाचल प्रदेश को भारत का एक राज्य नहीं बल्कि दक्षिण तिब्बत का हिस्सा मानता है।
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गेंग शुआंग ने कहा कि चीन-भारत सीमा को लेकर चीन की स्थिति बिल्कुल स्पष्ट है जिस पर वह लगातार कायम है। चीन सरकार ने कभी भी तथाकथित अरुणाचल प्रदेश के अस्तित्व को मान्यता नहीं दी है और वह मोदी के इस विवादित क्षेत्र के गुरुवार के दौरे का कड़ा विरोध करता है।
गेंग ने कहा कि भारत और चीन के बीच आपसी विवादों के उचित निपटारे के लिए महत्वपूर्ण सहमति बनी है और दोनों पक्ष समझौते और सहमति के आधार पर सीमा विवाद को हल करे की कोशिश कर रहे हैं। इस मामले में चीन ने भारत से आग्रह किया है कि वह विवादों को सुलझाने को लेकर बनी सहमति का सम्मान करे और ऐसा कोई कदम न उठाए जिससे सीमा का सवाल उलझ कर रह जाए।
प्रवक्ता ने कहा कि भारत को द्विपक्षीय संबंधों में आए सुधार का स्वागत करते हुए ऐसे हालात पैदा करने चाहिए ताकि सीमा वार्ता और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती देने के लिए उचित माहौल बन सके। मालूम हो कि इससे पहले भी चीन भारतीय नेताओं के अरुणाचल दौरे पर आपत्ति जताता रहा है।
'अंग्रेजों द्वारा खींची गई थी अवैध सीमा'
भारत और चीन की सीमा का निर्धारण करने वाली मैकमहोन रेखा को अवैध करार देते हुए प्रवक्ता ने कहा कि चीनी क्षेत्र को भारत में मिलाने के लिए अंग्रेजों ने 1914 में यह रेखा खींची थी। दोनों देशों के बीच 3488 किमी की सीमा विवादित है जिसे हल करने के लिए विशेष प्रतिनिधियों की नियुक्ति की गई है और इस संबंध में 20 दौर की बातचीत हो चुकी है।
भारतीय नेताओं के अरुणाचल यात्रा का विरोध करता रहा है चीन
- 5 नवंबर, 2017 : रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण के अरुणाचल प्रदेश के सीमाई इलाकों का दौरा करने पर भी विरोध जताया था।
- 20 नवंबर, 2017 : राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अरुणाचल यात्रा का विरोध करते हुए कहा कि भारत को ऐसे समय में सीमा विवाद को जटिल बनाने से बचना चाहिए जब द्विपक्षीय संबंध निर्णायक मुकाम पर हैं।
- अप्रैल 2017 : दलाई लामा की अरुणाचल यात्रा के दौरान भी चीन ने विरोध जताते हुए अरुणाचल के छह जगहों के नाम अपने नक्शे में बदल दिए थे।